बंगाल हिंसा: मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए मुआवजे का ऐलान, सीएम ममता ने जेपी नड्डा पर साधा निशाना
कोलकाता, मई 06। कोरोना वायरस संकट के बीच पश्चिम बंगाल में हुए विधानसभा चुनाव में टीएमसी ने प्रचंड जीत दर्ज की लेकिन चुनाव रिजल्ट के बाद प्रदेश की दर्दनाक तस्वीर भी दुनिया ने देखी। चुनाव परिणाम के बाद पश्चिम बंगाल में हुई हिंसा में मरने वालों के परिजनों को मुआवजा देने का ऐलान किया गया है। गुरुवार को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा, चुनाव के बाद की हिंसा में मरने वालों को बिना किसी भेदभाव के 2-2 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा। इस दौरान ममता बनर्जी ने बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा पर भी निशाना साधा।

ममता बनर्जी ने आगे कहा, 'भारतीय निर्वाचन आयोग के कानून और व्यवस्था के तहत प्रदेश में 16 लोगों की जान गई। इमनें आधे टीएमसी के और आधे बीजेपी के थे जबकि एक मृतक संजुक्ता मोर्चा का था।' बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के बंगाल दौरे पर निशाना साधते हुए ममता बनर्जी ने कहा, 'बीजेपी नेता घूम रहे हैं, भड़का रहे हैं। नई सरकार को अबी 24 घंटे भी नहीं हुए हैं, वे पत्र भेज रहे हैं, टीम और नेता आ रहे हैं। वे वास्तव में जनादेश को स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं हैं। मैं उनसे लोगों के जनादेश को स्वीकार करने का अनुरोध करती हूं।'
यह भी पढ़ें: कोरोना की मौजूदा स्थिति पर पीएम मोदी ने की समीक्षा बैठक, कहा- वैक्सीनेशन की रफ्तार ना पड़े धीमी
इस बीच चुनाव परिणाम के बाद हुई हिंसा के बाद जमीनी हालात का आकलन करने के लिए अतिरिक्त सचिव स्तर के अधिकारी के नेतृत्व में गृह मंत्रालय द्वारा नियुक्त 4 सदस्यीय टीम कोलकाता पहुंची है। वहीं, पश्चिमी मिदनापुर में विदेश राज्य मंत्री की कार पर हमले की भी सूचना मिली है। केंद्रीय मंत्री के काफिले पर हुए हमले को लेकर भाजपा ने राज्य सरकार पर सवाल उठाए हैं। केंद्रीय मंत्री व बीजेपी नेता प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि यदि मंत्री के काफिले पर हमला होता है तो राज्य में कौन सुरक्षित है।
विदेश राज्य मंत्री पर हुए हमले को लेकर बीजेपी चीफ जेपी नड्डा ने भी तीसरी बार मुख्यमंत्री बनीं ममता बनर्जी पर पलटवार करते हुए बड़ा आरोप लगाया है। जेपी नड्डा ने अपने ट्वीट में लिखा, 'पश्चिम मिदनापुर में केंद्रीय मंत्री वी. मुरलीधरन जी के क़ाफ़िले पर टीएमसी के कार्यकर्ताओं द्वारा किया गया हमला बहुत ही निंदनीय है।मैंने कल ही कहा था कि बंगाल में लॉ एंड आर्डर पूरी तरह ध्वस्त हो चुका है।जहाँ भारत सरकार के मंत्री पर हमला हो जाय, वहाँ आम जनता की क्या स्थिति होगी?'












Click it and Unblock the Notifications