BJP छोड़कर TMC में शामिल हुए बाबुल सुप्रियो ने साधा PM मोदी पर निशाना, कहा-'उन्हें बंगालियों पर भरोसा नहीं'
कोलकाता, 29 सितंबर। भाजपा छोड़कर तृणमूल कांग्रेस में शामिल हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री बाबुल सुप्रियो ने बुधवार को पहली बार पीएम मोदी के खिलाफ खुलकर बयान दिया। मीडिया से मुखातिब हुए बाबुल सुप्रियो ने कहा कि 'पीएम मोदी को बंगालियों पर विश्वास नहीं है और वह बंगाल के लोगों के साथ सौहार्दपूर्ण संबंध बनाने में कामयाब नहीं हुए।'

सरकारी बंगला खाली करके दिल्ली से हावड़ा पहुंचे बाबुल सुप्रियो ने कहा कि 'दिल्ली में अपने सात-आठ साल के कार्यकाल के दौरान, मुझे पता चला है कि प्रधानमंत्री को बंगालियों पर भरोसा नहीं है और इसी वजह से वो आज तक किसी भी बंगाली से सौहार्दपूर्ण रिलेशन नहीं बना पाए।'
'PM मोदी को बंगालियों पर भरोसा नहीं'
उन्होंने कहा, 'सिर्फ मैं ही क्यों? मेरे से भी वरिष्ठ लोग हैं। सुंदरजीत सिंह अहलूवालिया जी, जो कि कांग्रेस से आए थे, वो एक वरिष्ठ नेता हैं, वो भी अनदेखी के शिकार हैं, यहां तक कि जो लोग बंगाल से जीत रहे हैं और वहां जा रहे हैं उन पर भी पीएम मोदी भरोसा नहीं कर रहे हैं, सच तो ये है कि उन्हें बंगालियों की कद्र है ही नहीं'। इसके बाद गायक से नेता बने बाबुल ने कहा कि 'इसी वजह से मैं भाजपा छोड़कर तृणमूल कांग्रेस में आया हूं और दीदी के नेतृत्व में राज्यवासियों की सेवा करना चाहता हूं।'

मालूम हो कि बंगाल के विधानसभा चुनाव में भाजपा के सभी वादे और दावे फीके साबित हुए और वहां 'दीदी' ने जीत की 'हैट्रिक' लगा दी। चुनाव नतीजों के कुछ वक्त बाद ही बीजेपी ने अपना मंत्रीमंडल विस्तार किया था, जिसमें बाबुल सुप्रियो से उनका मंत्रीमंडल ले लिया गया था, जिसके बाद से ही बाबुल नाराज चल रहे थे और अचानक एक दिन उन्होंने भाजपा और राजनीति दोनों को ही छोड़ने का ऐलान कर दिया । हालांकि इसके पीछे उन्होंने कहा था कि वो निजी कारणों के कारण ये कदम उठा रहे हैं लेकिन इसके कुछ दिन बाद ही उन्होंने टीएमएसी ज्वाइन करके सारे कयासों को सच साबित कर दिया।

हाल ही उन्होंने बयान दिया था कि 'सीएम ममता बनर्जी साल 2024 के लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री पद की प्रबल दावेदार हैं। उनमें वो सारे गुण हैं,जो कि देश के पीएम में होने चाहिए। वो इस वक्त विपक्ष का सबसे मजबूत चेहरा हैं। मेरी इच्छा है कि ममता दीदी 2024 में प्रधानमंत्री बने।'












Click it and Unblock the Notifications