Uttarakhand: न्यू ईयर पर पहाड़ों पर जमकर हुआ जश्न, बर्फबारी न होने से पर्यटक हुए मायूस, अब इसका है इंतजार
क्रिसमस और उसके बाद न्यू ईयर के जश्न मनाने को उत्तराखंड में पर्यटकों का जबरदस्त हुजूम उमड़ा। जिससे स्थानीय व्यापारियों के चेहरे खिले रहे। सारे हिल स्टेशन पैक रहे। हालांकि बर्फबारी न होने से पर्यटक मायूस जरूर नजर आए।

नए साल के जश्न के साथ बर्फबारी की उम्मीद लगाए पर्यटकों को मायूस लौटना पड़ा है। हालांकि न्यू ईयर के जश्न पर उत्तराखंड के सारे हिल स्टेशन पूरी तरह पैक रहे। अब व्यापारियों को बर्फबारी का इंतजार है, जब एक बार फिर हिल स्टेशन पर्यटकों से गुलजार होंगे। मौसम विभाग की मानें तो फिलहाल 5 जनवरी तक मौसम में कोई बदलाव नहीं होगा।
सारे हिल स्टेशन न्यू ईयर पर पैक रहे
पहले क्रिसमस और उसके बाद न्यू ईयर के जश्न मनाने को उत्तराखंड में पर्यटकों का जबरदस्त हुजूम उमड़ा। जिससे स्थानीय व्यापारियों के चेहरे खिले रहे। मसूरी, चकराता, ऋषिकेश, धनोल्टी, औली, जोशीमठ, नैनीताल समेत सारे हिल स्टेशन न्यू ईयर पर पैक रहे। हालांकि बर्फबारी न होने से पर्यटक मायूस जरूर नजर आए। 2021 दिसंबर के दूसरे सप्ताह में चकराता और आसपास की ऊंची पहाड़ी में बर्फबारी हुई थी। जिसके चलते क्रिसमस और नए साल का जश्न मनाने पहुंचे पर्यटकों ने बर्फबारी का लुफ्त उठाया था। इस बार पर्यटकों को इसी तरह की उम्मीद थी। लगातार पांच दिनों तक बादल छाए रहने से सभी को बर्फबारी की उम्मीद थी, लेकिन शनिवार को चकराता क्षेत्र में चटक धूप खिली। धूप खिलने से तापमान में एक डिग्री की वृद्धि हुई। दोपहर बाद क्षेत्र फिर से शीतलहर की चपेट में आ गया। चकराता का न्यूनतम तापमान -2 डिग्री और अधिकतम 12 डिग्री दर्ज किया गया।
24 घंटे में प्रचंड शीतलहर की संभावना
उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर और हरिद्वार जिले में ठंड का असर बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग ने 24 घंटे में प्रचंड शीतलहर की संभावना जताई है। इसके लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। ऊधमसिंह नगर के पंतनगर में रविवार को अधिकतम तापमान 13.3 डिग्री पहुंच गया जो सामान्य से छह डिग्री कम रहा। जबकि न्यूनतम तापमान 7.1 डिग्री रहा।चमोली जिले में साल के पहले दिन बदरीनाथ धाम, हेमकुंड साहिब सहित रुद्रनाथ, फूलों की घाटी, गौरसों बुग्याल के साथ ही ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई, औली में बर्फबारी न होने से पर्यटक मायूस रहे।
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, आने वाले सप्ताह में उत्तराखंड में वर्षा एवं बर्फबारी की संभावना नहीं है। पांच जनवरी तक मौसम ऐसा ही शुल्क बने रहने की संभावना है। केवल मैदानी क्षेत्र हरिद्वार एवं ऊधमसिंहनगर में दो जनवरी तक घना कोहरा छाये रहने का अनुमान है। इस दौरान अधिकतम तापमान 21 से 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।












Click it and Unblock the Notifications