सावधान! सहारनपुर से लेकर देहरादून तक नकली पनीर का काला कारोबार, पुलिस ने किया भांडाफोड, 16 क्विंटल 720 बरामद
देहरादून पुलिस को चार धाम यात्रा शुरू होने से पहली बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने चार धाम यात्रा में सप्लाई होने के लिये सहारनपुर से आये 720 किलो नकली पनीर को बरामद किया है। दून पुलिस ने नकली पनीर की कालाबाजारी में लिप्त 02 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
अभियुक्तों ने पुलिस को पूछताछ में सहारनपुर स्थित फैक्ट्री में नकली पनीर के तैयार होने व उसकी सप्लाई करने की जानकारी मिली है। जिसके बाद एसएसपी अजय सिंह की सूचना पर मण्डलायुक्त खाद्य सुरक्षा विभाग के नेतृत्व में टीम द्वारा सहारनपुर स्थित नकली पनीर फैक्ट्री में छापेमारी कर 16 क्विंटल नकली पनीर व अन्य सामग्री को बरामद किया।

एसएसपी देहरादून अजय सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि उन्हें गोपनीय माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि चार धाम यात्रा में नकली पनीर की सप्लाई होने के लिये नकली पनीर की बडी खेप सहारनपुर से देहरादून आ रही है। सूचना पर एसएसपी देहरादून द्वारा थाना रायपुर और एसओजी की संयुक्त टीम गठित कर आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिये गये। गठित टीम द्वारा प्राप्त सूचना के आधार पर रायपुर क्षेत्र के अपर ईश्वर विहार में स्थित एक दुकान में दबिश दी गई तो दुकान के बाहर एक पिकअप वैन के माध्यम से लाई गयी पनीर की खेप उतरती हुई दिखाई दी।
मौके पर पुलिस द्वारा दुकान में बने गोदाम से लगभग 6 क्विंटल नकली पनीर और पिकअप वैन से लगभग 01 क्विंटल 20 किलो नकली पनीर बरामद किया गया। मौके पर फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट की टीम व उनकी टेस्टिंग वैन को बुलाया गया, जिनके द्वारा उक्त पनीर का परीक्षण करने के उपरान्त उसका नकली होना बताया गया, जिस पर पुलिस टीम द्वारा उक्त दुकान स्वामी अब्दुल मन्नान और वाहन चालक आरिफ को हिरासत में लेते हुए नकली पनीर को नष्ट करने की कार्यवाही की गई।
पूछताछ में उनके द्वारा बताया गया कि नकली पनीर को मनोज, नरेन्द्र चौधरी तथा शाहरूख नाम के व्यक्तियों द्वारा उन्हें देहरादून में सप्लाई करने को दिया गया था, जिन्हें उनके द्वारा सहारनपुर में बसेबाग से आगे कासमपुर में जंगलों के बीच स्थित एक प्लाट में बनी फैक्ट्री/गोदाम से लाया गया था। फैक्ट्री मनोज, नरेन्द्र चौधरी और शाहरूख द्वारा पार्टनरशिप में चलाई जा रही है।
जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी के लिए टीम रवाना की। सहारनपुर स्थित फैक्ट्री से नकली पनीर के सप्लाई होने की सूचना पर तत्काल एसएसपी देहरादून द्वारा सहारनपुर में मण्डलायुक्त खाद्य सुरक्षा विभाग से सम्पर्क कर उक्त नकली पनीर फैक्ट्री के सम्बन्ध में उन्हें जानकारी दी गई। सूचना पर मण्डलायुक्त खाद्य सुरक्षा विभाग के नेतृत्व में सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा विभाग, उप जिलाधिकारी बेहट, खाद्य सुरक्षा अधिकारी सहारनपुर द्वारा टीम के नकली पनीर फैक्ट्री में छापेमारी की कार्यवाही की गई तो मौके से टीम को 16 क्विंटल नकली पनीर और नकली पनीर बनाने में प्रयोग किये जा रहे कैमीकल व अन्य उपकरण बरामद हुए। टीम द्वारा नकली पनीर को नष्ट करते हुए नकली पनीर फैक्ट्री को सीज किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त:-
- अब्दुल मन्नान पुत्र सलीम अहमद निवासी रायपुर रोड ईश्वर विहार, देहरादून
- आरिफ पुत्र मेहंदी हसन निवासी बैरागी वाला, थाना सहसपुर, देहरादून
वांछित
- मनोज कुमार पुत्र मेहरपाल निवासी हरर्बटपुर वार्ड नं0 5 थाना विकासनगर देहरादून
- शाहरूख पुत्र मुनफैत निवासी कुंजा ग्रान्ट थाना विकासनगर, देहरादून
- नरेन्द्र सिंह पुत्र श्री नकली सिंह निवासी ग्राम छोटुवाला, ग्रा0पंचा0 बादामावाला, विकासनगर, देहरादून।












Click it and Unblock the Notifications