Bihar News: 'मेरे पति 4 दिनों से गायब, पता नहीं जिंदा भी हैं या नहीं', तेजप्रताप के पीए की पत्नी का बड़ा आरोप
Tej Pratap Yadav PA Theft Case: लालू यादव के बड़े बेटे और JJD अध्यक्ष तेजप्रताप यादव के निजी सहायक (PA) मोतिलाल राय पर चोरी के आरोप ने नया राजनीतिक और कानूनी विवाद खड़ा कर दिया है। तेजप्रताप यादव ने सचिवालय थाना में FIR दर्ज कर आरोप लगाया है कि उनके आवास से करीब 20 लाख रुपये नकद, सोने के गहने, लैपटॉप, मोबाइल और अन्य कीमती सामान चोरी हुए हैं।
वहीं दूसरी ओर मोतिलाल की पत्नी प्रीति भारती ने इन आरोपों को साजिश बताया है। उनका दावा है कि उनके पति को जानबूझकर फंसाया जा रहा है और उन्हें यह तक नहीं पता कि फिलहाल उनके पति कहां हैं। इस मामले ने बिहार की राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है।

Motilal Rai Theft Allegations: तेजप्रताप ने FIR में लगाए गंभीर आरोप
तेजप्रताप यादव ने सचिवालय थाना में दिए आवेदन में दावा किया है कि उनके निजी सहायक मोतिलाल राय ने आवास से लाखों रुपये और कई कीमती सामान चोरी किए हैं। शिकायत के मुताबिक अलमारी से करीब 20 लाख रुपये नकद, दो तोला सोने की चेन, अंगूठी, पेन ड्राइव, हार्ड डिस्क, iPad, MacBook, Lenovo लैपटॉप और चार iPhone 17 Pro Max गायब हैं। तेजप्रताप का कहना है कि उनके ड्राइवर और एक अन्य सहयोगी ने मोतिलाल को बैग लेकर आवास की बाउंड्री फांदकर भागते हुए देखा था।
ये भी पढे़ं: Tej Pratap Yadav:'उज्जैनी को उठवा लेंगे', तेज ने दी अनुष्का के भाई आकाश को धमकी! विश्वोई से क्या है कनेक्शन?
पत्नी बोलीं- सोमवार रात तक तेजप्रताप के साथ थे मोतिलाल
मोतिलाल की पत्नी प्रीति भारती ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उनके पति सोमवार रात 8 बजे तक तेजप्रताप यादव के साथ ही मौजूद थे। उन्होंने बताया कि उसी समय मोतिलाल ने तेजप्रताप यादव के मोबाइल से वीडियो कॉल कर उनसे बात की थी। प्रीति के मुताबिक जब उन्होंने पूछा कि उनका मोबाइल कहां है तो मोतिलाल ने बताया कि फोन तेजप्रताप के पास है। ऐसे में चोरी और फरारी के आरोप कई सवाल खड़े करते हैं।
'मेरे पति को फंसाने की साजिश रची गई'
प्रीति भारती का आरोप है कि उन्होंने फोन पर अपने पति से कहा था कि मामला शांत होने तक वह तेजप्रताप के आवास पर न जाएं। उनका दावा है कि यह बात तेजप्रताप यादव भी सुन रहे थे। प्रीति का कहना है कि जब उन्हें लगा कि मोतिलाल अब वहां काम नहीं करेंगे तो उनके खिलाफ साजिश रची गई। उन्होंने यह भी कहा कि चार दिनों से उनके पति आवास पर ही रह रहे थे और अब उनका कोई पता नहीं चल रहा है।
'मुझे डर है कि मेरे पति सुरक्षित भी हैं या नहीं'
प्रीति भारती ने मीडिया से बातचीत में चिंता जताते हुए कहा कि उन्हें यह तक नहीं पता कि उनके पति फिलहाल कहां हैं। उन्होंने कहा कि लगातार फोन करने के बावजूद उनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है। प्रीति ने आशंका जताई कि कहीं उनके पति के साथ कोई अनहोनी न हुई हो। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और मोतिलाल की लोकेशन पता लगाने की मांग की है।
ये भी पढे़ं: कौन है आकाश यादव? जिसको लेकर तेज प्रताप बोले-'ये आदमी मेरी और पिता लालू की हत्या करवाना चाहता है', FIR दर्ज
मिशाल सिन्हा की फिर हुई एंट्री, बढ़ी चर्चा
इस पूरे विवाद के बीच तेजप्रताप यादव ने अपने पुराने सहयोगी मिशाल सिन्हा को फिर से निजी सहायक बना लिया है। गौरतलब है कि जुलाई 2025 में अनुष्का यादव के साथ तस्वीर वायरल होने के बाद तेजप्रताप ने मिशाल सिन्हा को सस्पेंड कर दिया था। उस समय उन्होंने आरोप लगाया था कि उनके खिलाफ साजिश रची गई है और उसके सबूत उनके पास मौजूद हैं। अब मिशाल की वापसी और मोतिलाल पर लगे आरोपों ने इस पूरे मामले को और ज्यादा चर्चित बना दिया है।












Click it and Unblock the Notifications