उत्तर प्रदेश: योगी आदित्यनाथ 25 मार्च को शाम 4 बजे लेंगे सीएम पद की शपथ- सूत्र
लखनऊ, 19 मार्च: उत्तर प्रदेश के विधानसभा में बीजेपी की प्रचंड जीत के बाद यूपी के मनोनीत सीएम योगी आदित्यनाथ 25 मार्च को शाम 4 बजे मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले सकते हैं। आधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक योगी आदित्यनाथ 25 मार्च को दूसरे कार्यकाल के लिए सीएम पद की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह सहित कई केंद्रीय मंत्री शामिल होंगे।

यहां होगा शपथ कार्यक्रम
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक शपथ समारोह लखनऊ के अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में 25 मार्च शुक्रवार को आयोजित होगा। स्टेडियम में 50,000 की भीड़ की मेजबानी करने की क्षमता है और स्टेडियम में करीब 200 वीवीआईपी के लिए भी व्यवस्था की जा रही है।
भव्य शपथ ग्रहण समारोह की तैयारी
इस कार्यक्रम में पीएम मोदी और अमित शाह के अलावा, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों और विपक्ष सहित अन्य प्रमुख नेताओं के मौजूद रहने की उम्मीद है। बता दें कि बीजेपी सीएम योगी के लिए एक भव्य शपथ ग्रहण समारोह की योजना बना रही है और आमंत्रितों की सूची तैयार कर रही है। मेहमानों में "लाभारती" नामक विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थी होंगे, जिन्होंने भाजपा को सत्ता में वापस लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
यूपी में बीजेपी ने जीती 273 सीटें
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में सात चरणों में मतदान हुआ था, जिसके परिणाम 10 मार्च को घोषित किए गए, जिसमें यूपी की कुल 403 सीटों में से बीजेपी ने अपने सहयोगी दलों के साथ 273 सीटों पर जीत हासिल करते हुए एक बार फिर से यूपी की सत्ता में वापसी की है।












Click it and Unblock the Notifications