'जिन्होंने पाप किए हैं वो ही जाते हैं कुंभ', ChandraShekhar के बयान पर भड़के संत-नेता, जानिए किसने क्या कहा
ChandraShekhar Aazad: प्रयागराज में महाकुंभ 2025 की 13 जनवरी से शुरुआत हो जाएगी। महाकुंभ के शुरू होने से पहले साधु-संत पहुंचने लगे और प्रशासन अमला अपनी तैयारियों में जुटा हुआ है। इस बीच, चंद्रशेखर आजाद (Chandra Shekhar Aazad) महाकुंभ को लेकर कुछ ऐसा बोल दिया कि साधु-संत से लेकर नेता भी भड़क गए।
दरअसल, आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और नगीना सीट से सांसद चंद्रशेखर आजाद ने कहा, कुंभ मेले में वही लोग जाएंगे जिन्होंने पाप किए हैं। जिन्होंने पाप किए हैं, उन्हें ही जाना चाहिए।' चंद्रशेखर के इसी बयान पर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज का बयान सामने आया है।

उन्होंने कहा कि तो उनका मतलब है कि महाकुंभ में केवल पापी ही आते हैं? क्या वह महाकुंभ में आए हैं? हम अपनी आस्था के कारण यहां आए हैं और हम बहुत खुश हैं। इससे किसी को कोई समस्या नहीं होनी चाहिए। वहीं, उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री असीम अरुण ने कहा, 'चंद्रशेखर का बयान बहुत निंदनीय है, जो हमें किसी भी तरह स्वीकार नहीं है।'
उन्होंने आगे कहा कि मेरा अनुरोध है कि किसी की आस्था से खिलवाड़ नहीं करना चाहिए। कुंभ केवल पंथ और परंपराओं का संगम नहीं है बल्कि पवित्र नदियों का संगम है। अगर वे सोच रहे हैं कि सनातनी परंपराओं की आलोचना करके और कटु बाते कहकर उनकी राजनीति आगे बढ़ेगी तो यह बिल्कुल गलत है। हमारी आस्था और परंपराओं का कोई मजाक बनाए यह हमें स्वीकार नहीं है।
असीम अरुण ने कहा कि किसी भी आस्था के साथ छेड़छाड़ नहीं होनी चाहिए। ये हमारी आस्था है, हम जाते हैं, कुंभ में भाग लेते हैं और ये कुंभ सिर्फ संप्रदायों और परंपराओं का संगम नहीं है, वहां पवित्र नदियां हैं, उनका संगम है और हम सब वहां जाते हैं। पिछले कुंभ में मैं वहां एटीएस का प्रमुख था।
मुझे ये देखकर बहुत खुशी हुई कि देश-विदेश से लोग अपनी आस्था के अनुसार, अपनी परंपराओं के अनुसार वहां आते थे। ये भी गर्व की बात है। महात्मा गांधी और मुलायम सिंह यादव ने भी कुंभ में डुबकी लगाई थी, तो क्या हम उन्हें पापी कहेंगे? उन्हें मेरी सलाह है कि ऐसी बातें नहीं करनी चाहिए, ये बिल्कुल गलत है और मुझे लगता है कि वह स्वामी प्रसाद मौर्य के रास्ते पर चले हैं।
ये भी पढ़ें: Mahakumbh 2025: महाकुंभ में बनी ऐशो-आराम देने वाली 'डोम सिटी', जानिए कितना है एक रात का किराया
चंद्रशेखर ने दी सफाई
वहीं, अब बयान पर विवाद बढ़ता देखकर चन्द्रशेखर आजाद की सफाई सामने आई है। उन्होंने कहा कि मैंने कहा कि जिन्होंने पाप किए हैं वो ही कुंभ के लिए जाते हैं। हम हिंदू धर्म के धार्मिक गुरुओं से बचपन से ही सुनते आए हैं कि गंगा नदी में जाकर अपने पाप धोकर, पापों से मुक्ति ले लीजिए।
उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी का स्टैंड साफ है कि हम पाप-पुण्य में भरोसा नहीं रखते हैं, हम कर्म में भरोसा करते हैं। मेरा मन साफ-सुथरा है तो मुझे कहीं जाने की जरूरत नहीं है... जिसे जो कहना है या सोचना है वो कहता रहे।
ये भी पढ़ें: Maha Kumbh 2025: शंकर महादेवन के गाने से होगी महाकुंभ 2025 की शुरुआत, कौन से कलाकार कब करेंगे परफॉर्म?












Click it and Unblock the Notifications