Donald Trump का भारत, चीन समेत 16 देशों पर नए टैरिफ लगाने का प्लान, जांच के बाद अमेरिका उठाएगा बड़ा कदम
Donald Trump New Tariffs: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय व्यापार को लेकर सख्त रुख अपनाने की तैयारी में हैं। भारत, चीन समेत 16 देशों पर नए टैरिफ लगाए जा सकते हैं। अमेरिका ने इन देशों में औद्योगिक उत्पादन क्षमता को लेकर जांच शुरू की थी, जिसके नतीजे सामने आने के बाद अब अतिरिक्त आयात शुल्क लगाने की तैयारी की जा रही है। इस फैसले पर भारत सरकार की नजर बनी हुई है क्योंकि इसका असर देश के निर्यात और अमेरिका के साथ व्यापारिक संबंधों पर पड़ सकता है।
भारत समेत 16 देशों पर अमेरिका की नजर
अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय (USTR) ने करीब 8 महीने पहले भारत, चीन, यूरोपीय संघ समेत 16 देशों की औद्योगिक उत्पादन क्षमता को लेकर जांच शुरू की थी। अमेरिकी प्रशासन का आरोप है कि कुछ देशों में जरूरत से ज्यादा उत्पादन क्षमता होने के कारण वैश्विक व्यापार प्रभावित हो रहा है।

इस सप्ताह नए टैरिफ बढ़ाने की घोषणा हो सकती है
द वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका इस सप्ताह नए टैरिफ बढ़ाने की घोषणा कर सकता है। वहीं ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि इसकी घोषणा मंगलवार तक भी हो सकती है। हालांकि प्रस्तावित शुल्कों को लेकर अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद सुनवाई की प्रक्रिया होगी और इसके बाद करीब 45 दिनों में अंतिम टैरिफ दरों की घोषणा की जा सकती है।
सुप्रीम कोर्ट से झटका मिलने के बाद ट्रंप प्रशासन की नई रणनीति
-अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट से आपातकालीन शक्तियों के इस्तेमाल के जरिए रेसिप्रोकल टैरिफ लगाने के मामले में झटका मिलने के बाद ट्रंप प्रशासन ने सेक्शन 301 के तहत दो अलग-अलग जांच शुरू की थीं। इन जांचों के जरिए अमेरिका दूसरे देशों की व्यापारिक नीतियों, औद्योगिक उत्पादन क्षमता और कथित अनुचित व्यापारिक गतिविधियों का आकलन कर रहा है। अब दूसरी जांच के नतीजे सामने आने के बाद नए टैरिफ का रास्ता खुल सकता है।
-इससे पहले अमेरिका 50 से अधिक देशों से आयात होने वाले सामानों पर 10 से 12.5 प्रतिशत तक अतिरिक्त शुल्क लगा चुका है। यह कार्रवाई कथित तौर पर जबरन मजदूरी से जुड़े नियमों का पालन नहीं करने और अमेरिकी निर्यात को नुकसान पहुंचाने के आरोपों के आधार पर की गई थी।
भारत सरकार को नए टैरिफ से नुकसान की उम्मीद नहीं
-भारत सरकार फिलहाल अमेरिकी जांच के नतीजों पर नजर बनाए हुए है। हालांकि अधिकारियों को उम्मीद है कि प्रस्तावित नए टैरिफ से भारत को कोई बड़ा नुकसान नहीं होगा। भारत का पक्ष है कि देश में औद्योगिक उत्पादन की अतिरिक्त क्षमता किसी सरकारी सब्सिडी या विशेष सहायता के जरिए तैयार नहीं की गई है। घरेलू उत्पादन में संभावित बढ़ोतरी वैश्विक बाजार में मांग को ध्यान में रखकर की गई है।
-भारतीय अधिकारियों ने अमेरिकी सरकार के साथ बातचीत के दौरान भी यही बात रखी है कि भारत में अतिरिक्त उत्पादन क्षमता का उद्देश्य बाजार की जरूरतों को पूरा करना है, न कि अंतरराष्ट्रीय व्यापार को प्रभावित करना।
भारत को व्यापार समझौते से राहत मिलने की उम्मीद
-भारत को उम्मीद है कि अमेरिका के साथ बातचीत के जरिए ऐसा व्यापार समझौता किया जा सकेगा, जिससे भारतीय उत्पादों को दूसरे प्रतिस्पर्धी देशों के मुकाबले बेहतर स्थिति मिल सके। पहली जांच के दौरान भारत को प्रस्तावित 12.5 प्रतिशत टैरिफ से राहत मिली थी और अंतिम शुल्क 10 प्रतिशत तय किया गया था। इसी वजह से भारत इस बार भी बातचीत के जरिए अनुकूल नतीजे हासिल करने की उम्मीद कर रहा है।
-अमेरिकी जांच के नतीजों के बाद दोनों देशों के बीच व्यापार समझौते को लेकर बातचीत तेज हो सकती है। हालांकि अंतिम टैरिफ दरों की घोषणा होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी।
किन देशों पर हो सकती है कार्रवाई?
-अमेरिका के प्रमुख व्यापारिक साझेदारों में शामिल कई देशों को इस जांच के दायरे में रखा गया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक शीर्ष 20 व्यापारिक साझेदारों में कनाडा, ब्रिटेन, ब्राजील और ऑस्ट्रेलिया को छोड़कर अधिकांश देशों पर कार्रवाई की जा रही है। यूरोपीय संघ के बड़े देश भी इस सूची में शामिल हैं।
-इसके अलावा नॉर्वे, इंडोनेशिया, कंबोडिया और बांग्लादेश जैसे देशों को भी जांच के दायरे में रखा गया है, भले ही वो अमेरिका के शीर्ष 20 व्यापारिक साझेदारों में शामिल नहीं हैं। अमेरिका की इस नई टैरिफ नीति का अंतिम स्वरूप आने वाले दिनों में स्पष्ट होगा। फिलहाल भारत समेत प्रभावित देशों की नजर जांच रिपोर्ट, सुनवाई और अंतिम शुल्क की घोषणा पर टिकी है।


Click it and Unblock the Notifications
