फेसबुक पर फ्रेंड बनाकर लाखों की ठगी करते थे दो शातिर नाइजीरियाई नागरिक, ऐसे आए पकड़ में
इलाहाबाद। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज(इलाहाबाद) जिले में ठगी गिरोह चलाने वाले दो नाइजीरियाई नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार किए गए दोनों विदेशी नागरिक फेसबुक पर हाई प्रोफाइल पेशे से जुड़े लोगों को अपना दोस्त बनाते थे और फिर उनसे ठगी करते थे। इन्होंने इलाहाबाद में भी एक सैन्यकर्मी से 14 लाख की ठगी के बाद पैसा नाइजीरिया की बैंक में ट्रांसफर कर दिया था और यह दोनों यहां से भागने की फिराक में थे। लेकिन, क्राइम ब्रांच की मदद से दोनों को बस अड्डे से गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि अब तक दोनों ने एक दर्जन से अधिक लोगों को अपना शिकार बनाया है।

बड़े लोगों को बनाते थे निशाना
एसएसपी नितिन तिवारी ने बताया कि नाइजीरियाई के रहने वाले जोसेफ उर्फ ज्वॉय अकपेडे ने ठगी गिरोह बनाया था। जिसमें मेघालय की रहने वाली डरहोहिंग चांगसन प्रमुख सदस्य थी। यह लोग यूरोपीय लड़कियों की फेक प्रोफाइल के जरिए डॉक्टर, इंजीनियर, व्यवसायियों से फेसबुक पर दोस्ती करते थे और नजदीकी बढ़ने के बाद उन्हे ठगी का शिकार बनाते थे। यह लोग अधिकतर पुरुष फेसबुक यूज़र को ही अपना निशाना बनाते थे और यूरोपीय लड़की की आईडी से बात करने के बाद इन्हें शादी का ऑफर करते थे । शादी तक बात पहुंचने के बाद गिफ्ट आदि के नाम पर लाखों रुपए हड़प लेते थे।
क्या था ठगी का मास्टर प्लान
विदेशी नागरिक के दिमाग की उपज से चल रहा यह गिरोह पिछले 1 साल से भी अधिक समय से भारत में सक्रिय था। कुछ महीने पहले ही इन लोगों ने प्रयागराज में तैनात एक सैन्य कर्मी को टारगेट किया था। इन्होंने बम्हरौली स्थित सेना की एक डिवीजन में तैनात एफसी चौहान को फेसबुक पर 28 मई को पोलैंड की मारिया एलक्जेंडर की प्रोफाइल से फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी। फिर फेसबुक मैसेंजर पर बातचीत होने के बाद व्हाट्सएप पर दोनों की चैटिंग शुरू हो गई। युवती ने पोलैंड और जर्मनी के नंबर से बात कर सैन्य कर्मी का भरोसा जीत लिया और जुलाई माह में युवती ने सैन्यकर्मी को बताया कि उसने उसके लिए गिफ्ट भेजा है। चंद दिनों बाद ही सैन्यकर्मी के पास दिल्ली से फोन आया । फोन करने वाले ने खुद को कस्टम ऑफिसर बताया और कहा कि उनके नाम का पार्सल आया है जिसमें लगभग $70000 है उसे छुड़वाने के लिए उन्हें कस्टम ड्यूटी चुकानी होगी सैन्यकर्मी ने टैक्स चुकाने के लिए 14 लाख दो हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए ।लेकिन, ना कोई गिफ्ट आया और ना ही उसके बाद फोन, मैसेंजर, फेसबुक पर लड़की से बात हो सकी। मामले में सैन्यकर्मी को जब ठगी का एहसास हुआ तो उसने 11 अगस्त को धूमनगंज थाने में अनीता शर्मा, एमएस राज इंटरप्राइजेज, संजय गुप्ता, लल्लू मवामा आदि के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई।
खुद की जांच और कराया गिरफ्तार
अपने साथ ठगी हो जाने के बाद सैनिक ने खुद ही इस मामले को हैंडल करने का निर्णय लिया और पुलिस से इतर अपनी जांच शुरू कर दी । लगातार खोजबीन व लिंक जोड़ने के बाद इस ठगी गिरोह के पूरे नेटवर्क को सैन्यकर्मी ने तलाश लिया और फिर पूरी जानकारी क्राइम ब्रांच को दी जिसके बाद प्रयागराज के बस अड्डे से एक गिरोह के दो ठगो को गिरफ्तार कर लिया गया है। एसएसपी नितिन तिवारी ने बताया कि ठगो द्वारा हासिल किया गया सैन्य कर्मी का पैसा नाइजीरिया की बैंक में ट्रांसफर कर दिया गया है उसकी रिकवरी का प्रयास किया जा रहा है। ठगों के गिरोह के बारे में काफी कुछ पता चला है उनके ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। दिल्ली में भी कुछ स्थान चिन्हित किए गए हैं।
ये भी पढ़ें- तहसीलदार को दफ्तर में चांटा मारने वाले BJP विधायक का पति गिरफ्तार, हालत बिगड़ने पर लखनऊ रेफर












Click it and Unblock the Notifications