Maha Kumbh Stampede: महाकुंभ में मौनी अमावस्या पर कैसे मची भगदड़? प्रत्यक्षदर्शियों ने बताई आंखों देखी
Maha Kumbh Stampede: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में बुधवार को महाकुंभ के दौरान बड़ा हादसा हो गया। मौनी अमावस्या के स्नान को लेकर महाकुंभ में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ संगम में स्नान के लिए पहुंची थी। इसी दौरान संगम में अफरा-तफरी और भगदड़ की स्थिति बन गई।
मौनी अमावस्या पर पवित्र स्नान के लिए उमड़ी भारी भीड़ के कारण यह हादसा हुआ। इस घटना में कई लोगों के मारे जाने की आशंका है, जबकि कई अन्य घायल हो गए।

मौनी अमावस्या पर अमृत स्नान महा कुंभ का सबसे महत्वपूर्ण अनुष्ठान माना जाता है। इस साल, यह दिन और भी खास था क्योंकि 144 साल बाद दुर्लभ 'त्रिवेणी योग' का संयोग बना था। इस कारण करीब 10 करोड़ श्रद्धालुओं के कुंभ में शामिल होने की उम्मीद थी।
ये भी पढ़ें: Mahakumbh 2025 LIVE: संगम स्थली पर मची भगदड़ के बाद जूना अखाड़े ने रद्द की शोभायात्रा
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कैसे मची भगदड़
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भगदड़ तब मची जब स्नान के बाद भीड़ को बाहर निकलने का रास्ता नहीं मिला। कुछ लोग रास्ते में पड़े लोहे के कूड़ेदानों से टकरा गए, जिससे वे गिर पड़े और उनके साथ अन्य लोग भी गिरते चले गए।
हिंदुस्तान टाइम्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, इस भगदड़ के चश्मदीद गवाह विवेक मिश्रा ने बताया कि भीड़ को यह समझ नहीं आ रहा था कि स्नान के बाद कहां जाना है। जगह-जगह रखे लोहे के कूड़ेदान भी श्रद्धालुओं को दिखाई नहीं दे रहे थे, जिससे कई लोग गिर गए और उनके बैग व अन्य सामान इधर-उधर बिखर गए।
उन्होंने बताया, "मैं खुद भी गिर पड़ा और मेरे पैर में चोट लगी। मेरे माता-पिता भी गिर गए थे, जिनकी मैंने मदद की। मैंने एक अन्य महिला को भी उठाया। लेकिन तभी भीड़ में कुछ युवक घबराने लगे और एक-दूसरे को धक्का देने लगे, जिससे भगदड़ मच गई।"
क्या थी भगदड़ का मुख्य वजह?
फतेहपुर से आए राम सिंह ने बताया कि "भगदड़ इसलिए मची क्योंकि बाहर निकलने का रास्ता पूरी तरह जाम था।उन्होंने कहा, "हम चार लोग थे, हमारे कुछ साथी पहले ही नंदनी द्वार पहुंच चुके थे। हम पीछे रह गए और अचानक रास्ता पूरी तरह ब्लॉक हो गया। आगे लोग गिर रहे थे और पीछे से भी भीड़ बढ़ती जा रही थी। इससे भगदड़ की स्थिति बन गई।"
बलिया के बलजीत सिंह ने बताया कि "अचानक इतनी भीड़ हो गई कि लोग एक-दूसरे पर गिरने लगे। हम 14 लोग साथ आए थे, लेकिन भगदड़ में कौन कहां चला गया, किसी को समझ ही नहीं आया।"
मृतकों की आधिकारिक पुष्टि नहीं
सूत्रों के अनुसार, कम से कम 15 शव अस्पताल लाए गए हैं, हालांकि प्रशासन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। हादसा रात करीब 2:30 बजे हुआ, जब हजारों श्रद्धालु संगम में स्नान के लिए पहुंचे थे। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
अब प्रशासन इस घटना की जांच कर रहा है और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। महाकुंभ में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। इसी बीच 13 अखाड़ों ने मौनी अमावस्या पर स्नान रद्द कर दिया है।
ये भी पढ़ें: Mahakumbh 2025: अग्निकांड के 10 दिन बाद महाकुंभ फिर हादसे का शिकार, शाही स्नान में भगदड़ से 14 की मौत! कई घायल












Click it and Unblock the Notifications