लखीमपुर बवाल में मारे गए पत्रकार के भाई का बड़ा आरोप, 'किसानों को दोषी ठहराने के लिए दबाव'
लखनऊ, 7 अक्टूबर। लखीमपुर खीरी में रविवार को हुई हिंसा में 4 किसानों समेत 8 लोग मारे गए थे। इन 8 लोगों में एक नाम स्थानीय पत्रकार रमन कश्यप का है जो स्थानीय चैलन के लिए रिपोर्टिंग करते थे और इसी सिलसिले में वहां गए हुए थे जब दर्दनाक कांड में अपनी जान गंवा बैठे। रमन के परिजनों ने केंद्रीय गृह राज्यमंत्री के बेटे और उनके साथियों के ऊपर हत्या करने का आरोप लगाया था लेकिन अब उनके भाई का कहना है कि उनके ऊपर रमन की हत्या के लिए किसानों को जिम्मेदार ठहराने के लिए दबाव है।

टाइम्स ऑफ इंडिया को रमन के भाई पवन ने बताया कि उन्होंने और उनके पिता ने हर जगह एक ही बयान दिया है कि उनके भाई को केंद्रीय मंत्री अजय मिश्रा के काफिले ने कुचल दिया और गोली मारी गई थी। लेकिन अब कई मीडिया वाले उनसे सवाल जवाब कर रहे हैं ताकि हम ये कहें कि रमन की मौत किसानों के पीटने से हुई है।
खुद को बताया किसान परिवार का
इसके पहले भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता राकेश टिकैत ने पहले ही कहा है कि रमन कश्यप की गिनती किसान आंदोलन के शहीदों में की जाएगी। इस पर पवन ने कहा कि मेरा भाई पत्रकार था लेकिन हमारा परिवार किसान परिवार है। जो टिकैत ने कहा वह सही कहा है। मुझे अपनी पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं मिली है। मुझे बताया गया है कि इसकी एक प्रक्रिया है कि हमारी शिकायत को दूसरी एफआईआर से जोड़ा जाएगा जो पहले से ही दर्ज की गई है।
Recommended Video
मीडिया पर आरोप
इसके पहले रमन कश्यप के भाई पवन का मीडिया के खिलाफ आरोप लगाते हुए एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा था। इस वीडियो में पवन मीडिया पर आरोप लगाते हुए कह रहे हैं कि वे मेरे मुंह से कहलवाना चाह रहे हैं कि किसानों ने उसे पीटकर मार डाला। वह आगे कहते हैं कि हमने कहा कि ऐसा नहीं हुआ है लेकिन इस मामले पर राजनीति खत्म नहीं हो रही है।
वह वीडियो में आगे कहते हैं कि एक पत्रकार मेरे पास आया और कहने लगा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट बताती है कि रमन की मौत लाठी से पिटाई के चलते हुई है। मैने उससे बहस की तो उसने कहा कि मैं पत्रकार का भाई हूं इसलिए वह मुझसे इतने अच्छे से बात कर रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट अभी नहीं आई है और वे स्टोरी बना रहे हैं। मैं पोस्टमार्टम हाउस में था। मैने चोटों के निशान देखे हैं। उसे लाठी से नहीं पीटा गया था।
जब पवन से पूछा गया कि आखिर ये लाठी वाली थ्योरी कहां से आई तो उन्होंने कहा कि ये व्हाट्सएप फारवर्ड चल रहा है जिसके बाद ये सवाल पूछे जा रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications