अजब-गजब! घोड़ी के पीछे गया घोड़ा तो पीट-पीट कर दी हत्या
घोड़े की हत्या के बाद गांव में पंचायत बुलाई गई। पंचायत ने इस घटना की भर्त्सना करते हुए हत्यारे पर 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया।
सहारनपुर। अभी तक आपने युवक-युवती और किशोर-किशोरियों को लेकर ही ऑनर किलिंग की वारदात सुनी होगी, लेकिन यूपी के सहारनपुर जिले में एक ऑनर किलिंग के नाम पर एक घोड़े को मार डालने का मामला सामने आया है। घोड़े की गलती इतनी थी कि वह पड़ोस की एक घोड़ी के पीछे-पीछे उसके घर में घुस गया था। जिसके चलते मानवता की तमाम हदों को पार करते हुए घोड़ी के स्वामी ने परिजनों के साथ मिलकर घोड़े को लाठी डंडों से मारमार कर निर्दयता पूर्वक हत्या कर डाली। जिसे लेकर बाद में गांव में आहूत पंचायत ने घोड़े के हत्यारों को दंडित करते हुए आर्थिक दंड वसूला।

सहारनपुर के गांव बालू में ऑनर किलिंग की यह घटना सोमवार की रात में घटित हुई। जानकारी के मुताबिक गांव के याकूब ने एक घोड़ा और गांव के ही इलियास ने एक घोड़ी पाली हुई थी। सोमवार के दिन याकूब का घोड़ा और इलियास की घोड़ी दिनभर जंगल में साथ घूमते रहे। रात को याकूब ने अपने घोड़े को घर ले जाकर खूंटे में रस्से से बांध दिया। मगर घोड़ा रस्सा तुड़वा कर रात में ही इलियास की घोड़ी के पास जा धमका। जिसे देखकर इलियास आग बबूला हो गया। उसने अपने परिजनों के साथ मिलकर लाठी डंडों से पीट पीट कर घोड़े की हत्या कर डाली। घोड़े की हत्या का पता चलते ही पूरे गांव में हाहाकार मच गया। ये भी पढ़ें- यूपी: जलती चिता से निकाल 'युवती' को ले गई पुलिस, देखिए VIDEO
घोड़ा स्वामी याकूब ने रात में ही कोतवाली पुलिस को लिखित तहरीर दे शिकायत दर्ज कराई। तनाव व शांतिभंग की आशंका के चलते रात में ही पुलिस गांव में पहुंच गई मगर प्रधान व पूर्व प्रधान सहित गांव के जागरुक नागरिकों ने आपसी समझौते के लिए पुलिस से समय मांग लिया। मंगलवार को आहूत पंचायत ने घटना की भर्त्सना करते हुए इलियास को बहुत बुरा-भला कहा और उससे याकूब से न केवल माफी मंगवाई गई, वरन उस पर 25 हजार रुपये का जुर्माना तक ठोका गया। पंचायत में ग्राम प्रधान मौलाना तनवीर चौधरी, पूर्व प्रधान अय्यूब हसन, नियाज हसन, इरफान व तालिब आदि रहे। ये भी पढ़ें-12 साल की बेटी से बनाया संबंध तो 14 साल के लड़के को मार कर घर में गाड़ा












Click it and Unblock the Notifications