जिस प्रेमी को ढूंढने Dubai से यूपी आई प्रेमिका... घर छोड़कर भागा, भूख-प्यास से युवती की बिगड़ी हालत
उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में अपने प्यार को तलाश करती दुबई से एक युवती आई है। मामला चर्चाओं में तब आ गया, जब उसका प्रेमी रातोंरात घर में ताला लगाकर फरार हो गया और भूक-प्यास से युवती की हालत बिगड़ गई। बताया जा रहा है दुबई में दोनों साथ में कुकिंग का काम करते थे। युवक वहां से भी बिना बताए आ गया था, युवती उसका पीछा करते हुए बस्ती के दुबौलिया पहुंची थी।
बता दें कि इस लड़की का नाम रमनदीप कौर है और बताया जा रहा है कि यह पंजाब के जालंधर की रहने वाली है। जानकारी अनुसार, रमनदीप दुबई में खाना बनाने का काम करती थी। वहीं पर दुबौलिया थाना क्षेत्र के रामनगर गांव का राजकुमार भी कुकिंग का काम करता था। युवती अनुसार इसी दौरान दोनों की दोस्ती हुई और फिर प्यार। राजकुमार ने उसके साथ शादी करने का वादा भी किया।

लेकिन इसी बीच राजकुमार दुबई से अपने गाँव रामनगर चला आया। उधर जब इस बात की जानकारी युवती को लगी वह भी दुबई से पहले लखनऊ आई और हर्रैया के एक होटल में रुकी। उसके अगले दिन वो राजकुमार के घर रामनगर आई और कसमें वादे की याद दिलाते हुए शादी करने का दबाव बनाया। युवती का कहना है कि पिछले 4-5 दिनों से वो यहां राजकुमार और उसके कुछ परिजनों के साथ रह रही थी।

युवती के अनुसार राजकुमार ने शादी का भरोसा देकर अपने घर पर उसके साथ फिर संबंध बनाए, लेकिन मौका पाकर घर में ताला डाला और परिजनों के साथ भाग गया। युवती तबसे ही राजकुमार के घर के बरामदे में रहकर उसका इंतजार कर रही है। भूख प्यास एवं अवसाद से पीड़ित युवती की तबीयत बिगड़ती देख डायल 112 ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुबौलिया भर्ती कराया।

वहीं युवती ने पुलिस को आपबीती से अवगत कराते हुए तहरीर दी है और मुकदमा दर्ज करने की गुजारिश की है, लेकिन युवती के अनुसार थानाध्यक्ष ने रिपोर्ट दर्ज करने से इंकार कर दिया है। अब रमनदीप कौर का कहना है कि मैं यही रहूंगी। अब देखना होगा कि प्रशासन युवती की गुहार पर क्या कार्यवाही करता है और आखिर कबतक रमनदीप कौर भूखी रहकर अपने राजकुमार का इंतजार करती रहेगी।












Click it and Unblock the Notifications