Budget 2026 Varanasi: काशी बनेगी पूर्वोत्तर का कनेक्टिविटी हब, बजट में PM मोदी के संसदीय क्षेत्र को क्या मिला?
Budget 2026 Varanasi ko kya Mila: केंद्रीय बजट 2026-27 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी को लेकर केंद्र सरकार ने बड़े और दूरगामी विकासात्मक ऐलान किए हैं। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने अपने बजट भाषण में वाराणसी को आधुनिक बुनियादी ढांचे, तेज़ कनेक्टिविटी और लॉजिस्टिक्स हब के रूप में विकसित करने का स्पष्ट रोडमैप पेश किया।
बजट में किए गए इन ऐलानों के बाद यह माना जा रहा है कि आने वाले वर्षों में काशी की आर्थिक, औद्योगिक और परिवहन से जुड़ी तस्वीर पूरी तरह बदल सकती है। विस्तार से जानिए आम बजट 2026 में सांस्कृतिक नगरी काशी को क्या-क्या मिला...

Varanasi High Speed Rail Corridor: वाराणसी को हाई-स्पीड रेल नेटवर्क से जोड़ा जाएगा
बजट 2026 की सबसे बड़ी घोषणाओं में से एक वाराणसी को हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर से जोड़ने की है। वित्त मंत्री ने कहा कि देश में कुल 7 हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर विकसित किए जाएंगे, जिनमें से दो सीधे तौर पर वाराणसी से जुड़े होंगे।
पहला प्रमुख कॉरिडोर दिल्ली-वाराणसी हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर होगा, जिससे राजधानी और पूर्वांचल के बीच यात्रा समय में भारी कमी आएगी। दूसरा कॉरिडोर वाराणसी-सिलीगुड़ी होगा, जो पूर्वोत्तर भारत को सीधे काशी से जोड़ेगा। इससे न केवल यात्री आवागमन आसान होगा, बल्कि व्यापार और पर्यटन को भी बड़ा बढ़ावा मिलेगा।
Varanasi Emerge Connectivity Hub: काशी बनेगी कनेक्टिविटी हब
वाराणसी-सिलीगुड़ी हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर के जरिए उत्तर प्रदेश, बिहार, बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों के बीच आर्थिक गतिविधियां तेज़ होने की उम्मीद है। सरकार का मानना है कि इससे क्षेत्रीय संतुलित विकास को मजबूती मिलेगी और काशी एक बड़े ट्रांजिट और व्यापारिक केंद्र के रूप में उभरेगी।
Inland Waterways: वाराणसी में बनेगा शिप रिपेयर और मेंटेनेंस हब
बजट 2026 में वाराणसी के लिए एक और अहम घोषणा की गई है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि वाराणसी में इनलैंड वॉटरवे के लिए शिप रिपेयर और मेंटेनेंस इकोसिस्टम विकसित किया जाएगा। इसके तहत जहाजों की मरम्मत, रखरखाव और लॉजिस्टिक्स से जुड़ी सुविधाएं तैयार होंगी। यह पहल गंगा नदी के जरिए होने वाले माल परिवहन को और सशक्त बनाएगी तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा करेगी।
जलमार्ग और फ्रेट कॉरिडोर से बदलेगा लॉजिस्टिक्स का नक्शा
सरकार ने पर्यावरण के अनुकूल कार्गो मूवमेंट को बढ़ावा देने के लिए बड़े स्तर पर जलमार्ग और डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर विकसित करने का भी ऐलान किया है। वित्त मंत्री ने बताया कि अगले पांच वर्षों में 20 नए जलमार्ग चालू किए जाएंगे।
इसके साथ ही पूर्व में डंकुनी (पश्चिम बंगाल) को पश्चिम में सूरत से जोड़ने वाले नए डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर बनाए जाएंगे। इस योजना से देश के औद्योगिक और खनिज-समृद्ध इलाकों को बंदरगाहों से जोड़ना आसान होगा।
गंगा और पर्यटन आधारित अर्थव्यवस्था को मिलेगा नया बल
इनलैंड वॉटरवे और शिप रिपेयर इकोसिस्टम की योजनाओं से गंगा आधारित अर्थव्यवस्था को नया जीवन मिलने की उम्मीद है। वाराणसी के साथ-साथ पटना में भी इस तरह के शिप रिपेयर हब विकसित किए जाएंगे, जिससे उत्तर भारत में जल परिवहन का नेटवर्क और मजबूत होगा।
बजट 2026 में किए गए ये ऐलान केवल कनेक्टिविटी तक सीमित नहीं हैं। हाई-स्पीड रेल, जलमार्ग और लॉजिस्टिक्स सुविधाओं के विस्तार से वाराणसी में पर्यटन, व्यापार और निजी निवेश के नए रास्ते खुलेंगे। साथ ही स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
काशी के विकास को मिला बुस्टर डोज
कुल मिलाकर, बजट 2026-27 में वाराणसी के लिए की गई घोषणाएं इस ऐतिहासिक शहर को आधुनिक भारत के विकास मॉडल से जोड़ने की दिशा में बड़ा कदम मानी जा रही हैं। हाई-स्पीड रेल, जलमार्ग, फ्रेट कॉरिडोर और शिप रिपेयर हब जैसी परियोजनाएं काशी की पहचान को धार्मिक और सांस्कृतिक केंद्र से आगे बढ़ाकर एक मजबूत आर्थिक और लॉजिस्टिक्स हब के रूप में स्थापित कर सकती हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र के तौर पर वाराणसी को मिले ये बजट ऐलान आने वाले वर्षों में शहर की तस्वीर और तकदीर दोनों बदलने की क्षमता रखते हैं।












Click it and Unblock the Notifications