PM Kisan Yojana: पति-पत्नी दोनों को मिलेंगे 23वीं किस्त के पैसे? क्या है पीएम किसान योजना का नियम
PM Kisan 23rd Installment Husband-Wife Eligibility Rule: देश के करोड़ों किसान इस समय पीएम किसान सम्मान निधि योजना की अगली किस्त का इंतजार कर रहे हैं। केंद्र सरकार की यह योजना छोटे और सीमांत किसानों के लिए बड़ी आर्थिक मदद मानी जाती है। साल 2019 में शुरू हुई इस स्कीम के तहत पात्र किसानों को हर साल 6 हजार रुपये दिए जाते हैं। यह रकम सीधे बैंक खाते में ट्रांसफर की जाती है, जिससे किसानों को खेती और घरेलू जरूरतों में राहत मिलती है।
हर साल यह पैसा 2-2 हजार रुपये की तीन किस्तों में जारी किया जाता है। हालांकि योजना से जुड़े नियमों को लेकर अब भी कई किसानों के मन में भ्रम बना रहता है। सबसे ज्यादा पूछा जाने वाला सवाल यह है कि क्या एक ही परिवार में पति और पत्नी दोनों इस योजना का लाभ ले सकते हैं या नहीं। सरकार ने इसको लेकर साफ नियम तय कर रखे हैं।

क्या पति और पत्नी दोनों को मिल सकता है PM Kisan का लाभ?
पीएम किसान योजना परिवार आधारित योजना है। यानी इसका फायदा किसी एक व्यक्ति को नहीं बल्कि पूरे परिवार को ध्यान में रखकर दिया जाता है। सरकारी नियमों के मुताबिक एक परिवार से केवल एक सदस्य ही इस योजना का लाभ लेने का पात्र होता है।
अगर पति और पत्नी दोनों अलग-अलग आवेदन कर देते हैं, तो जांच के दौरान एक आवेदन को अमान्य किया जा सकता है। वहीं अगर दोनों के खाते में किस्त पहुंच चुकी है, तो सरकार अतिरिक्त राशि वापस लेने की प्रक्रिया भी शुरू कर सकती है।
PM Kisan: किन किसानों को नहीं मिलता योजना का पैसा?
सरकार ने कुछ श्रेणियों को इस योजना से बाहर रखा है। आयकर भरने वाले लोग पीएम किसान योजना का लाभ नहीं ले सकते। इसके अलावा सरकारी कर्मचारी और सरकारी नौकरी करने वाले किसान भी इसके पात्र नहीं माने जाते। ऐसे किसान जिनके नाम पर जमीन दर्ज नहीं है, उन्हें भी योजना का लाभ नहीं मिलता। अगर खेत दादा, पिता या परिवार के किसी दूसरे सदस्य के नाम पर है और आवेदक के नाम जमीन नहीं है, तो आवेदन रद्द हो सकता है।
इन लोगों को भी नहीं मिलती पीएम किसान की किस्त
हर महीने 10 हजार रुपये से ज्यादा पेंशन पाने वाले लोग भी इस योजना के दायरे में नहीं आते। इसके अलावा सांसद, विधायक, ग्राम प्रधान और पेशेवर काम करने वाले लोग जैसे डॉक्टर, इंजीनियर, वकील और चार्टर्ड अकाउंटेंट को भी योजना का लाभ नहीं दिया जाता।
PM Kisan 23rd Installment: कब जारी हो सकती है अगली किस्त?
हाल ही में सरकार ने किसानों के खातों में 22वीं किस्त भेजी थी। अब किसानों की नजर अगली किस्त पर बनी हुई है। आमतौर पर पीएम किसान योजना की किस्त हर चार महीने के अंतराल पर जारी की जाती है। पिछली किस्त मार्च महीने में जारी हुई थी। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि अगली यानी 23वीं किस्त जून के आखिर या जुलाई की शुरुआत तक किसानों के बैंक खातों में ट्रांसफर की जा सकती है। इस किस्त में भी पात्र किसानों को 2 हजार रुपये की सहायता राशि मिलेगी।












Click it and Unblock the Notifications