मायावती के 'ब्राह्मण सम्मेलन' पर बोली भाजपा- 'तिलक,तराजू..का नारा देने वाली BSP पर किसी को यकीन नहीं'
लखनऊ, 20 जुलाई। यूपी विधानसभा चुनाव 2022 से पहले राज्य में सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। हर पार्टी वोटर्स को लुभाने में लग गई है तो वहीं बसपा सुप्रीमो मायावती ने यूपी में 'ब्राह्मण सम्मेलन' करने का ऐलान किया है, जिसकी शुरूआत 23 जुलाई से रामनगरी 'अयोध्या' से होनी जा रही है। क्या एक बार फिर से साल 2007 वाला जादू प्रदेश में देखने को मिलेगा? क्या इसका सीधा असर भाजपा के वोटों पर पड़ेगा?, क्या इस बार ब्राह्मण होंगे हाथी पर सवार? अगर ऐसा होगा तो भाजपा का क्या होगा? इस बारे में वनइंडिया ने यूपी भाजपा प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी से एक्सक्लूसिव बातचीत की जिसमे बीजेपी प्रवक्ता ने जमकर मायावती पर निशाना साधा।

राकेश त्रिपाठी ने कहा कि 'मायावती अब तक ब्राह्मणों को समझ नहीं पाई हैं। उन्होंने अपनी प्रेसवार्ता में ब्राह्मणों को 'बहका हुआ' कहकर अपमान किया है। ब्राह्मण एक बुद्धिजीवी वर्ग है। कभी तिलक, तराजू और तलवार.. ऐसा नारा देने वाली मायावती अगर आज ये कहें कि वो ब्राह्मणों की हमदर्द बनी हैं तो यूपी का कोई भी ब्राह्मण उनकी बात पर यकीन नहीं करेगा।' दूसरी बात अयोध्या की, तो सीएम रहते कभी भी मायावती, अयोध्या नहीं गईं और आज जब भव्य रामलला का मंदिर वहां बन रहा है तो उन्हें अयोध्या याद आ रहा है। जिसने हमेशा मजहबी और जातीय राजनीति की है, उसे आज हिंदुत्व याद आ रहा है। सारे समीकरण बैठाकर देख लिए लेकिन भारतीय जनता पार्टी का मुकाबला वो नहीं कर पा रही हैं।
अब जाति और जमात की राजनीति यूपी में नहीं चलेगी
बीजेपी प्रवक्ता ने कहा कि अब जाति और जमात की राजनीति यूपी में नहीं चलेगी। बात होगी विकास की और हर हालत में भाजपा आगामी चुनाव में 325 सीटें जीतकर जीत का नया इतिहास लिखेगी। साल 2022 के चुनाव में मुद्दे केवल विकास के ही होंगे और हम विकास के ही एजेंडे पर चुनाव लड़ेंगे और यूपी की जनता केवल विकास के ही नाम पर वोट करेगी।
यहां देखें राकेश त्रिपाठी का पूरा EXCLUSIVE इंटरव्यू
क्या ब्राह्मण, भाजपा से नाराज चल रहे हैं ?
इस सवाल के जवाब में राकेश त्रिपाठी ने कहा कि 'जरा बसपा में कोई भी एक ब्राह्मण नेता बताइए जो कि करोड़पति ना हो। उनके यहां गरीब ब्राह्मणों की पूछ नहीं है। मायावती उसी ब्राह्मण को नेता बनाती हैं, जो कि करोड़पति होता है। अगर वो ये कह रही हैं कि बीजेपी,ब्राह्मणों का ख्याल नहीं रख रही हैं तो मैं ये ही कहूंगा कि लगातार चुनाव हारने के बाद उनका दिमाग स्थिर नहीं है।'
'शेखचिल्ली' भी बहुत सारे सपने देखा करता था: राकेश त्रिपाठी
बीजेपी प्रवक्ता ने केवल बसपा पर ही नहीं सपा पर भी निशानाा साधा। उन्होंने कहा कि 'सपा प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव इन दिनों मुगालते पाल बैठे हैं क्योंकि इसमें कोई टैक्स नहीं लगता है। शेखचिल्ली भी बहुत सारे सपने देखा करता था और मुंगेरी लाल के भी बहुत हसीन सपने होते थे। सपा पहले अपना परिवार बचाए, चाचा को ठीक कर ले फिर वो यूपी में सरकार बनाने की सोचे। राकेश त्रिपाठी ने ये बात उस सवाल के जवाब में कही, जिसमें उनसे पूछा गया था कि अखिलेश यादव ने आगामी विधानसभा चुनाव में 300 से ज्यादा सीट जीतने का दावा किया है।












Click it and Unblock the Notifications