'डार्लिंग तुम्हारे लिए पेपर आउट किया है', कौन है परमजीत सिंह? NEET कांड के बीच वायरल हुआ प्रोफेसर का ऑडियो
Professor Paramjit Singh: NEET Paper Leak विवाद के बीच लखनऊ यूनिवर्सिटी इन दिनों एक गंभीर विवाद को लेकर सुर्खियों में है। जंतु विज्ञान विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. परमजीत सिंह का एक कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह एक छात्रा से आपत्तिजनक तरीके से बात करते सुनाई दे रहे हैं। आरोप है कि प्रोफेसर छात्रा पर मिलने का दबाव बना रहे थे और परीक्षा से पहले पेपर उपलब्ध कराने की बात भी कह रहे थे।
ऑडियो सामने आने के बाद यूनिवर्सिटी प्रशासन, पुलिस और छात्रों के बीच हड़कंप मच गया। मामले ने इसलिए भी तूल पकड़ लिया क्योंकि इसमें सिर्फ छात्रा से अनुचित व्यवहार ही नहीं, बल्कि कथित पेपर लीक का एंगल भी जुड़ गया है। अब यूनिवर्सिटी प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए जांच तेज कर दी है और आरोपी प्रोफेसर पुलिस हिरासत में हैं।

वायरल ऑडियो से मचा बवाल
सोशल मीडिया पर वायरल हुए कथित ऑडियो में डॉ. परमजीत सिंह एक B.Sc फाइनल ईयर की छात्रा से बातचीत करते सुनाई दे रहे हैं। बातचीत के दौरान वह छात्रा को छुट्टियां खत्म होने से पहले वापस आने और मिलने के लिए कहते हैं। ऑडियो में प्रोफेसर कथित तौर पर छात्रा को 'डार्लिंग' कहकर बुलाते हैं और कहते हैं कि उन्होंने उसके लिए कोर और इलेक्टिव दोनों पेपर 'आउट' करके रखे हैं।
ये भी पढ़ें: NEET Paper Leak में 9वीं गिरफ्तारी, कौन है मनिषा मांधरे? कैसे दिल्ली में CBI के हत्थे चढ़ी पुणे की टीचर
ऑडियो में यह भी सुनाई देता है कि छात्रा बातचीत खत्म करने की कोशिश करती है, लेकिन प्रोफेसर लगातार मिलने का दबाव बनाते रहते हैं। इसी कथित बातचीत के सामने आने के बाद मामला तेजी से बढ़ गया।
छात्रा ने प्रशासन को दी जानकारी
मामले में छात्रा ने हिम्मत दिखाते हुए यूनिवर्सिटी प्रशासन को पूरी जानकारी दी। शिकायत मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और तत्काल जांच शुरू कर दी गई। विश्वविद्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि ऐसे मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। प्रशासन ने साफ कहा कि संस्थान का माहौल खराब करने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
कुलपति ने मांगी 24 घंटे में रिपोर्ट
लखनऊ यूनिवर्सिटी के कुलपति जेपी सैनी ने मामले को गंभीर मानते हुए आंतरिक शिकायत समिति को 24 घंटे के भीतर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही परीक्षा नियंत्रक की ओर से आरोपी प्रोफेसर के खिलाफ FIR दर्ज कराई गई है।
एफआईआर में कथित पेपर लीक के दावे को भी शामिल किया गया है। यूनिवर्सिटी प्रशासन का कहना है कि जांच पूरी पारदर्शिता से होगी और दोषी पाए जाने पर सख्त कदम उठाए जाएंगे।
पुलिस हिरासत में प्रोफेसर
लखनऊ पुलिस ने आरोपी प्रोफेसर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक परीक्षा नियंत्रक की शिकायत के आधार पर हसनगंज थाने में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया जा रहा है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कथित पेपर लीक का दावा कितना सही है और क्या परीक्षा से जुड़ी कोई गोपनीय जानकारी बाहर साझा की गई थी।
आरोपों को बताया साजिश
डॉ. परमजीत सिंह ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों से इनकार किया है। उनका कहना है कि उन्हें विश्वविद्यालय की अंदरूनी राजनीति के तहत फंसाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि कुछ लोग जानबूझकर उनकी छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि वायरल ऑडियो के बाद मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है और सोशल मीडिया पर भी इसे लेकर बहस तेज है।
कौन हैं डॉ. परमजीत सिंह?
करीब 50 वर्षीय डॉ. परमजीत सिंह जंतु विज्ञान विभाग में असिस्टेंट प्रोफेसर हैं। उन्होंने साल 2007 में बरेली की रोहिलखंड यूनिवर्सिटी से M.Sc किया था। इसके बाद उन्होंने कई संस्थानों में काम किया। वह 2019 से जुलाई 2021 तक IITR लखनऊ में रिसर्च एसोसिएट रहे। इसके बाद 2021 से मार्च 2022 तक इमटेक चंडीगढ़ में भी कार्यरत रहे। 7 जून 2022 को उनकी नियुक्ति लखनऊ यूनिवर्सिटी में असिस्टेंट प्रोफेसर के तौर पर हुई थी।
परिवार भी चर्चा में
परमजीत सिंह किसान परिवार से आते हैं। उनके पिता अमर पाल सिंह खेती करते हैं। परिवार में उनकी पत्नी और दो बेटियां हैं और पूरा परिवार फिलहाल लखनऊ में रहता है। बिजनौर में उनके एक भाई अमित और एक बहन भी हैं, जिनकी शादी हो चुकी है।
ये भी पढ़ें: NEET Paper Leak: प्रगति के बाद विकास बिंवाल भी लापता, आरोपी मांगीलाल के बच्चे कॉलेज से कैसे हुए गायब?












Click it and Unblock the Notifications