JEE Advance Exam में की ये गलती तो गेट से ही कर दिया जाएगा वापस, परीक्षा से पहले पढ़ लें जरूरी नियम
JEE Advance Exam Rules: देश की सबसे कठिन इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षाओं में शामिल JEE एडवांस्ड 2026 का इंतजार अब खत्म होने वाला है। परीक्षा 17 मई, रविवार को देशभर के अलग-अलग केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। इस बार परीक्षा का आयोजन Indian Institute of Technology Roorkee - IIT Roorkee की ओर से किया जा रहा है।
लाखों छात्र इस परीक्षा में शामिल होंगे, ऐसे में परीक्षा केंद्र पर पहुंचने से पहले जरूरी नियमों को समझना बेहद अहम है। एडमिट कार्ड से लेकर ड्रेस कोड और परीक्षा केंद्र में ले जाने वाली चीजों तक कई सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। नियमों का पालन नहीं करने पर छात्रों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। इसलिए उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा वाले दिन समय से पहले केंद्र पहुंचें और सभी जरूरी दस्तावेज अपने साथ रखें।

दो शिफ्ट में होगी परीक्षा
जेईई एडवांस्ड 2026 की परीक्षा दो शिफ्ट में आयोजित की जाएगी। पहला पेपर सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगा। वहीं दूसरा पेपर दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक कराया जाएगा। पीडब्ल्यूडी श्रेणी के उम्मीदवारों को दोनों पेपर में अतिरिक्त 1 घंटे का समय दिया जाएगा। परीक्षा हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में होगी और छात्र परीक्षा के दौरान अपनी पसंद की भाषा बदल सकेंगे।
ये भी पढ़ें: 'डार्लिंग तुम्हारे लिए पेपर आउट किया है', कौन है परमजीत सिंह? NEET कांड के बीच वायरल हुआ प्रोफेसर का ऑडियो
एडमिट कार्ड में होंगे ये जरूरी विवरण
एडमिट कार्ड में उम्मीदवार का नाम, रोल नंबर, फोटो, हस्ताक्षर, परीक्षा केंद्र का पता, रिपोर्टिंग टाइम और जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए हैं। उम्मीदवार 17 मई दोपहर 2:30 बजे तक आधिकारिक वेबसाइट jeeadv.ac.in से अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। परीक्षा केंद्र में बिना एडमिट कार्ड प्रवेश नहीं मिलेगा।
परीक्षा केंद्र में क्या ले जाना जरूरी?
परीक्षा देने जा रहे उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे तय समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचें, ताकि बायोमेट्रिक जांच और फ्रिस्किंग में किसी तरह की दिक्कत न हो।
उम्मीदवारों को अपने साथ ये जरूरी चीजें ले जानी होंगी:
- एडमिट कार्ड
- एक ओरिजिनल फोटो आईडी प्रूफ
- दो पासपोर्ट साइज फोटो
- पेन और पेंसिल
- ट्रांसपेरेंट पानी की बोतल
- इन सामानों पर रहेगा सख्त प्रतिबंध
परीक्षा केंद्र के अंदर किसी भी तरह के इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस ले जाने की अनुमति नहीं होगी। मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, इयरफोन, माइक्रोफोन, हेल्थ बैंड, कैलकुलेटर, इलेक्ट्रॉनिक पेन, पेन ड्राइव और स्कैनर जैसे उपकरण पूरी तरह बैन रहेंगे।
इसके अलावा इन चीजों को भी परीक्षा हॉल में ले जाने की अनुमति नहीं होगी:
- वॉलेट और हैंडबैग
- कैमरा और गॉगल्स
- लिखित नोट्स या प्रिंटेड पेपर
- राइटिंग पैड
- ज्योमेट्री बॉक्स
- स्केल और इरेजर
- पेंसिल बॉक्स
- किसी भी तरह का कम्युनिकेशन डिवाइस
ड्रेस कोड को लेकर भी सख्त निर्देश
आईआईटी रुड़की ने ड्रेस कोड को लेकर भी सख्त नियम जारी किए हैं। उम्मीदवारों को किसी भी तरह की ज्वेलरी या धातु से बनी चीजें पहनकर परीक्षा केंद्र न आने की सलाह दी गई है।
अंगूठी, चैन, ब्रेसलेट, पेंडेंट, कान की बालियां, नोज पिन, बैज और ब्रोच जैसी चीजें पहनने से बचने को कहा गया है। बड़े बटन वाले कपड़े पहनने की भी अनुमति नहीं होगी। छात्रों को खुले फुटवियर जैसे चप्पल या सैंडल पहनकर आने की सलाह दी गई है। परीक्षा केंद्र के अंदर ताबीज या किसी तरह का चार्म पहनने की भी इजाजत नहीं दी जाएगी।
ये भी पढ़ें: NEET Paper Leak में 9वीं गिरफ्तारी, कौन है मनिषा मांधरे? कैसे दिल्ली में CBI के हत्थे चढ़ी पुणे की टीचर












Click it and Unblock the Notifications