Delhi में हवाई सफर होगा सस्ता! रेखा गुप्ता सरकार ने हवाई ईंधन पर VAT 25% से घटाकर 7% किया
Delhi की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अगुवाई वाली सरकार ने राजधानी में हवाई सेवाओं से जुड़ा बड़ा फैसला लिया है। दिल्ली कैबिनेट ने एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) पर लगने वाले वैल्यू एडेड टैक्स (VAT) को 25 फीसदी से घटाकर 7 फीसदी करने को मंजूरी दे दी है। सरकार का कहना है कि इस कदम से एयरलाइन कंपनियों का खर्च कम होगा और इसका फायदा आम यात्रियों तक भी पहुंच सकता है।
लंबे समय से एयरलाइन कंपनियां ATF पर ज्यादा टैक्स को लेकर चिंता जता रही थीं, क्योंकि इससे उड़ानों का ऑपरेटिंग कॉस्ट बढ़ रहा था। अब टैक्स में बड़ी कटौती के बाद दिल्ली देश के उन राज्यों में शामिल हो सकती है जहां एयर फ्यूल पर टैक्स अपेाकृत कम है। माना जा रहा है कि इससे एयर ट्रैफिक और एविएशन सेक्टर को भी बढ़ावा मिलेगा।

कैबिनेट बैठक में लिया गया फैसला
दिल्ली सरकार ने एविएशन टर्बाइन फ्यूल पर VAT को सीधे 25 फीसदी से घटाकर 7 फीसदी करने का निर्णय लिया है। यह फैसला मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में हुई कैबिनेट बैठक में लिया गया।
एयरलाइन कंपनियों को मिलेगी राहत
ATF एयरलाइन कंपनियों के कुल खर्च का बड़ा हिस्सा होता है। टैक्स कम होने से एयरलाइंस की ऑपरेटिंग लागत घटेगी। इससे नई उड़ानों की संभावना भी बढ़ सकती है।
यात्रियों पर भी दिख सकता है असर
सरकार का दावा है कि टैक्स में कमी का फायदा आम यात्रियों को भी मिलेगा। आने वाले समय में हवाई किराए पर इसका असर देखने को मिल सकता है, खासकर घरेलू उड़ानों में।
दिल्ली सरकार ने क्या कहा
सरकार के मुताबिक यह फैसला एविएशन सेक्टर को मजबूत करने और दिल्ली को बेहतर एयर कनेक्टिविटी देने की दिशा में उठाया गया कदम है। सरकार का मानना है कि कम टैक्स से एयरलाइन कंपनियां दिल्ली को ऑपरेशन हब के तौर पर ज्यादा प्राथमिकता दे सकती हैं।












Click it and Unblock the Notifications