IPL में पर्ची निकालकर सेलिब्रेशन को बैन करने की मांग, पूर्व क्रिकेटर ने बताया एकदम बकवास
IPL 2026 में खिलाड़ियों के विकेट लेने और अर्धशतक बनाने के बाद जश्न मनाने के नए तरीकों ने विवाद खड़ा कर दिया है। लखनऊ सुपर जायंट्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच हुए मुकाबले के बाद पूर्व क्रिकेटरों ने पर्चियों वाले प्रदर्शन करने की इस आदत पर सख्त आपत्ति जताई है और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) से इस पर तुरंत रोक लगाने की मांग की है।
मैच के दौरान लखनऊ के तेज गेंदबाज आकाश सिंह ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट चटकाए। हालांकि खेल से ज्यादा चर्चा उनके विकेट लेने के बाद जश्न मनाने के तरीके की हो रही है। उन्होंने हर विकेट के बाद अपनी जेब से एक छोटी सी पर्ची निकाली और उसे कैमरे की तरफ दिखाया, जिस पर खुद की तारीफ में एक संदेश लिखा हुआ था। सिर्फ आकाश ही नहीं बल्कि इस सीजन में कुछ अन्य युवा खिलाड़ी भी सिर्फ एक मैच के प्रदर्शन पर ऐसी पर्चियां निकालकर सुर्खियां बटोरने की कोशिश कर रहे हैं।

अंबाती रायडू ने दी बड़ी प्रतिक्रिया
खेल के इस नए रंग-ढंग को देखकर क्रिकेट के जानकार और पूर्व खिलाड़ी काफी हैरान और नाराज हैं। पूर्व भारतीय बल्लेबाज अंबाती रायुडू ने इस हरकत को पूरी तरह से बकवास करार दिया। उनका मानना है कि मैच के दौरान खिलाड़ियों को मैदान पर इस तरह कागज के टुकड़े लाने की अनुमति ही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि युवाओं को आखिर ऐसे अजीबोगरीब विचार कौन दे रहा है और वे इसे टीवी पर दिखाकर खुद को कूल साबित करने की नाकाम कोशिश कर रहे हैं।
दिग्गज दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाज डेल स्टेन और न्यूजीलैंड के पूर्व पेसर मिचेल मैक्लेनाघन ने भी इस व्यवहार की आलोचना की है। दिग्गजों का कहना है कि युवा खिलाड़ियों को अभी अपनी पहचान बनानी है, इसलिए उन्हें इस तरह के नाटकीय ड्रामे करने के बजाय सिर्फ अपने प्रदर्शन पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।
उर्विल ने भी किया था यही काम
गौरतलब है कि आकाश की तरह चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ उर्विल पटेल ने भी 13 गेंदों में फिफ्टी जड़ने के बाद इसी तरह पर्ची निकालकर मैदान पर लहराई थी।












Click it and Unblock the Notifications