यूपी चुनाव: मुलायम और अखिलेश में किस कदर बढ़ा झगड़ा, ये तस्वीर दे रही गवाही
समाजवादी पार्टी में जारी घमासान किसकदर बढ़ गया है इसका ताजा उदाहरण लखनऊ में सपा कार्यालय के बाहर नजर आई इस तस्वीर से साफ हो जाता है।
लखनऊ। समाजवादी पार्टी में नेतृत्व को लेकर पिता मुलायम सिंह यादव और पुत्र अखिलेश यादव के बीच झगड़ा बढ़ता ही जा रहा है। इसका ताजा उदाहरण उस समय देखने को मिला जब सोमवार को लखनऊ में समाजवादी पार्टी के कार्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष के दो-दो नेमप्लेट देखने को मिले।

समाजवादी पार्टी कार्यालय में दो-दो नेम प्लेट
समाजवादी पार्टी के कार्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर मुलायम सिंह यादव की नेम प्लेट पहले से ही लगी हुई थी, इस बीच अखिलेश यादव की नई नेम प्लेट भी सोमवार को पार्टी दफ्तर पर लगा दी गई। इस नेम प्लेट में अखिलेश यादव के नाम के साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष लिखा हुआ है। सपा के चुनाव चिन्ह साइकिल को लेकर पहले ही अखिलेश यादव और मुलायम सिंह यादव के बीच विवाद गहराया हुआ है। दोनों ही नेताओं ने चुनाव चिन्ह साइकिल पर अपनी दावेदारी पेश की है। इस बीच नेम प्लेट को लेकर नया विवाद सामने आ गया है।
इसे भी पढ़ें:- अखिलेश-मुलायम के बीच 'साइकिल' पर जंग की ये है असल वजह
इससे पहले सोमवार को ही मुलायम सिंह यादव ने मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को लेकर बड़ा बयान दिया। मुलायम सिंह यादव ने कहा कि अखिलेश ने अपनी सरकार में हमेशा मुसलमानों की अनदेखी की है। उन्होंने कहा कि अखिलेश एक मुस्लिम को डीजीपी नियुक्त करने के भी खिलाफ थे। अखिलेश पर हमला बोलते हुए मुलायम ने कहा, 'मैंने तीन बार अखिलेश को बुलाया पर वो एक मिनट के लिए ही आए और मेरी बात शुरू होने से पहले ही चले गए।
अखिलेश पर मुलायम सिंह यादव ने साधा निशाना
मुलायम सिंह यादव ने कहा, 'मुख्यमंत्री ने बिना किसी वजह के ओम प्रकाश, नारद राय, अंबिका चौधरी को बाहर कर दिया। उन्होंने महिला मंत्री को भी मंत्रिमंडल से हटा दिया। इन बड़े नेताओं की क्या गलती थी, इन्हें क्यों निकाला गया। मैंने अखिलेश को कई बार समझाने की कोशिश की, लेकिन वो मेरी बिल्कुल नहीं सुन रहे। उन मंत्रियों को क्या होगा और मेरा क्या होगा, ये चुनाव आयोग तय करेगा। मैं पार्टी और साइकिल निशान को बचाने की पूरी कोशिश कर रहा हूं लेकिन अगर अखिलेश ने मेरी नहीं सुनी तो मैं उसके खिलाफ लड़ूंगा।
इसे भी पढ़ें:- तो सच में कबाड़े में जाएगी सपा, बसपा से अखाड़े में होगी केवल भाजपा
लखनऊ में सपा कार्यालय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मुलायम ने कहा कि साइकिल निशान को लेकर चुनाव आयोग जो भी फैसला सुनाएगा उन्हें वो मंजूर होगा। उन्होंने कहा कि अगर चुनाव आयोग ने उन्हें साइकिल निशान नहीं दिया तो वे अलग निशान से ही यूपी चुनाव में उतरेंगे। अखिलेश पर हमलावर दिखे मुलायम सिंह यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री ने बड़े बड़े नेताओं को मंत्रिमंडल से बाहर कर दिया। मंत्री बलराम यादव को बिना गलती के ही मंत्रिमंडल से हटा दिया। मैंने बलराम यादव को जबरदस्ती मंत्री बनवाया था।












Click it and Unblock the Notifications