ISL 2022-23: जमशेदपुर एफसी को पहली जीत की तलाश, मुंबई सिटी एफसी से होगा मुकाबला
मुम्बई, 21 अक्टूबर: जमशेदपुर एफसी इस सीजन में अपनी पहली जीत की तलाश में मुम्बई पहुंची है, जहां उसे शनिवार 22 अक्टूबर को मुम्बई फुटबॉल एरिना में हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) 2022-23 में मेजबान मुम्बई सिटी एफसी से भिड़ना है। इन दोनों टीमों ने अपना-अपना पिछला मैच ओडिशा एफसी से खेला। लेकिन दोनों ने इन मैचों से विपरीत परिणाम हासिल किए थे, जहां जमशेदपुर अंतिम समय में गोल खाकर मुकाबला हार गई। वहीं, आइलैंडर्स ने एक क्लीन शीट रखते हुए जीत हासिल करके तीनों अंक अपने नाम किए थे।

मुम्बई सिटी एफसी ने शुरुआती दो मैचों में ड्रा और जीत के साथ इस सीजन में ठीक-ठाक शुरुआत की है। आइलैंडर्स ने अब तक पांच गोल किए हैं, जिनमें से चार दूसरे हाफ में आए हैं।
ग्रेग स्टीवर्ट इस मुकाबले में अपने पूर्व क्लब का सामना करेंगे। स्कॉटिश स्ट्राइकर ने पिछले सीजन में 21 मैचों में 10 गोल और 10 गोल में सहायता करके रेड माइनर्स को लीग के शीर्ष पर पहुंचाया। स्टीवर्ट ने इस सीजन में भी अपनी छाप छोड़ी है और वह कुछ गोल में सहायता प्रदान कर चुके हैं।
पिछले मैच में जगरनॉट्स के खिलाफ देर से स्कोर करने के बाद, बिपिन सिंह ने क्लब के लिए अमोदो सौगौ के 15 गोलों की बराबरी की। हीरो आईएसएल में मुम्बई सिटी एफसी के सर्वकालिक सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी बनने के लिए ये 27 वर्षीय विंगरस्कोरशीट पर आने के लिए उत्सुक होगा।
मुम्बई सिटी के मुख्य कोच डेस बकिंघम ने कहा, "हम शुरुआत से ही मैच जीतने के लिए मैदान पर उतरे हैं। कल हम किकऑफ से ही मैच जीतने की कोशिश करने के लिए मैदान पर उतरेंगे, और अगर यह 94वें मिनट तक चलता है, तो ऐसा ही हो। लेकिन हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि हम मैच में अच्छी तरह से शुरुआत करें और फिर इसे पूरे समय तक उच्च स्तर पर बनाए रखे ताकि हम जो परिणाम चाहते हैं, उसे हासिल करें।"
दर्शकों ने सोचा था कि जमशेदपुर एफसी ने इस सीजन में अच्छी शुरुआत करने जा रही है जब जगरनॉट्स सिर्फ दस मिनट के बाद 2-0 से आगे हो गए। लेकिन पिछले साल के लीग विजेता की रक्षात्मक पंक्ति मैच के अंतिम मिनटों में बिखर गई और रैफरी की अंतिम सीटी बजने पर उसके खाते कोई एक भी अंक नहीं आया।
स्टीवर्ट को आइलैंडर्स के हाथों गंवाने के बाद, डेनियल चुक्वू पर गोल करने की जिम्मेदारी होगी। नाईजीरियाई स्ट्राइकर इस सीजन में पहले ही गोल कर चुका है और स्टीवर्ट के 10 के आंकड़े को पीछे छोड़ने और हीरो आईएसएल इतिहास में जमशेदपुर एफसी के सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी बनने से तीन गोल दूर है।
मिडफील्ड में वेलिंगटन प्रियोरी और अहमद जहौह के बीच होने वाला संघर्ष देखने लायक होगी। इन दोनों से मिडफील्ड से विपक्षी डिफेंस को तितर-बितर करने वाले पास की अपेक्षा होगी। दोनों ने इस सीजन में अपने सभी गोल ओपन प्ले से किए हैं।
मुख्य कोच ऐडी बूथरायड ने कहा, "जब आपको हमारे जैसा परिणाम मिलता है, जहां आप वास्तव में अच्छा करते हैं और अंतिम मिनट में 3-2 से हार जाते हैं, तो यह सबसे बुरा होता है क्योंकि आप आगे क्या करना चाहते हैं, वो तुरंत अगला मैच खेलना है।" . उन्होंने कहा, "दस दिन के विश्राम के दौरान, हम थोड़ा उदास हुए, अपने घावों को चाटा, और फिर हमने कुछ निश्चित पहलुओं पर ध्यान केंद्रित करते हुए कुछ ट्रेनिंग सत्र आयोजित करके उद्देश्यपूर्ण ढंग से खाली समय का उपयोग किया। हम अपना अगला मैच खेलने के लिए काफी उतावले हैं। हम बस आगे बढ़ना चाहते हैं और लय में आना चाहते हैं।"
हीरो आईएसएल में ये दोनों टीमें दस मौकों पर एक-दूसरे का सामना कर चुकी हैं। आइलैंडर्स ने तीन जीते हैं, जबकि रेड माइनर्स ने पांच जीते हैं। मुम्बई फुटबॉल एरिना में, जमशेदपुर एफसी ने तीन मैच खेले हैं, जिसमें उसे दो में जीत मिली और एक में हार का सामना करना पड़ा है। पिछले सीजन के पिछले मुकाबले में ग्रेग स्टीवर्ट ने दो गोल करके जमशेदपुर एफसी की मुंबई सिटी पर 3-2 से जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।












Click it and Unblock the Notifications