WPL:'लड़की को क्रिकेट मत खिलाओ', रूला देगी 3.2 करोड़ में बिकने वाली Deepti Sharma के संघर्ष की कहानी
WPL Auction 2026, Deepti Sharma: भारतीय महिला क्रिकेट टीम को पहली बार विश्व कप का ताज दिलाने में अहम रोल निभाने वाली दीप्ति शर्मा ने आज महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) के मेगा नीलामी में भी झंडे गाड़ दिए हैं। वो मार्की खिलाड़ियों में भारत की सबसे महंगी खिलाड़ी रहीं। दीप्ति की जिस वक्त नीलामी हो रही थी, उस वक्त बड़ा ही हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला।
दरअसल दीप्ति का बेस प्राइस 50 लाख रुपये था, उम्मीद की जा रही थी कि ये मूल्य आगे बढ़ेगा लेकिन दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें बेसप्राइस में ही खरीदने की इच्छा प्रकट की। लेकिन तब यूपी वारियर्स ने 'राइट टू मैच' कार्ड का इस्तेमाल किया।

तब दिल्ली कैपिटल्स ने यूपी के सामने 3.2 करोड़ रुपये का प्रस्ताव रखा , जिसे यूपी ने ओके कर दिया और इस तरह से दीप्ति एक बार फिर से यूपी वारियर्स का हिस्सा बन गईं।
Deepti Sharma प्रीमियर लीग इतिहास की दूसरी सबसे महंगी खिलाड़ी
खास बात ये है कि नीलामी से पहले यूपी वारियर्स ने ही उन्हें रिलीज किया था। इसी के साथ ही दीप्ति, स्मृति मंधाना के बाद डब्ल्यूपीएल इतिहास की दूसरी सबसे महंगी खिलाड़ी बन गईं। गौरतलब है कि स्मृति मंधाना को 2023 में RCB ने 3.4 करोड़ में खरीदा था।
संघर्ष भरा रहा है Deepti Sharma का सफर
दीप्ति शर्मा वो नाम है, जिन्होंने सफलता काफी संघर्ष के बाद, हासिल की है, आज वो करोड़ो लोगों के लिए मिसाल हैं लेकिन यहां तक का सफर उनके लिए बिल्कुल भी आसान नहीं था। 24 अगस्त 1997 को यूपी के आगरा में जन्मीं दीप्ति शर्मा के पिता भगवान शर्मा एक रिटायर्ड इंडियन रेलवे कर्मचारी हैं।
9 साल की उम्र से क्रिकेट खेलना शुरू किया
दीप्ति जब 9 साल की थीं, तब से ही उन्हें क्रिकेट में रूचि थी। क्रिकेट का माहौल बचपन से उन्हें मिला क्योंकि उनके भाई सुमित शर्मा, जो कि यूपी टीम के पूर्व पेसर, रह चुके हैं, क्रिकेट खेला करते थे। छोटी बहन थीं इसलिए दीप्ति शर्मा भी अपने भाई के प्रैक्टिस सेशन में उनका मैच देखने जाती थीं।

एक थ्रो ने बदली Deepti Sharma की कहानी
आगरा के एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में, ऐसे ही एक सेशन के दौरान, उन्होंने कथित तौर पर लगभग 50 मीटर की दूरी से स्टंप पर सीधा हिट मारा, इस घटना को उस समय की भारतीय महिला राष्ट्रीय टीम की सेलेक्टर हेमलता काला ने नोटिस किया और कहा 'इसे क्रिकेट खिलाओ, ये एक दिन बहुत ऊंचा नाम करेगी।'
'लड़की को क्रिकेट मत खिलाओ बहुत पछताओगे'
बस उसी दिन से भाई सुमित ने फैसला किया कि वो अपनी बहन को क्रिकेटर बनाएंगे और उन्होंने उसे ट्रेनिंग देना शुरू कर दिया लेकिन उस वक्त ये इतना आसान नहीं था। 'लड़की को क्रिकेट मत खिलाओ बहुत पछताओगे', कहकर लोग सुमित और उनके घरवालों को ताना देते थे लेकिन दीप्ति शर्मा की फैमिली ने उन्हें कभी भी आगे बढ़ने से नहीं रोका और आज दीप्ति क्रिकेट के आसमां का वो चमकीला सितारा है, जिसे हर कोई झुककर सलाम करता है।
'खुद से ज्यादा मुझे बजरंगबली पर भरोसा'
वो देश का गौरव हैं और हनुमान जी की बहुत बड़ी भक्त हैं, जिसके बारे में पीएम मोदी ने भी उनसे पूछा था कि 'हनुमान जी का जो टैटू आप हमेशा साथ रखती हैं, उससे आपको क्या फायदा मिलता है? दीप्ति ने तब मुस्कुराते हुए जवाब दिया था- 'खुद से ज्यादा मुझे उन पर विश्वास रहता है।'
आपको बता दें कि जनवरी 2025 में, शर्मा को कुशल एथलीट योजना के भाग के रूप में खेल कोटे के तहत उत्तर प्रदेश पुलिस में पुलिस उपाधीक्षक के रूप में नियुक्त किया गया है।
Deepti Sharma के क्रिकेट करियर पर एक नजर
दीप्ति शर्मा ने 2014 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कदम रखा। उन्होंने वनडे और टी20 दोनों फ़ॉर्मेट में लगातार प्रभावी प्रदर्शन से टीम में अपनी जगह पक्की की।
- वनडे डेब्यू: 28 नवंबर 2014
- टी20 डेब्यू: 30 नवंबर 2014
- टेस्ट डेब्यू: जून 2021 (इंग्लैंड के खिलाफ)
- भारत के लिए सबसे भरोसेमंद ऑलराउंडरों में शुमार।
- वनडे क्रिकेट में 188 रन की पारी (आलिया कश्यप के साथ रिकॉर्ड ओपनिंग पार्टनरशिप)।
- 2022 महिला विश्व कप में भारत के लिए महत्वपूर्ण प्रदर्शन।
- कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में भारत को सिल्वर दिलाने में अहम योगदान।
- WPL (वीमेन प्रीमियर लीग) में UP Warriorz टीम की मुख्य खिलाड़ी।












Click it and Unblock the Notifications