किस टेस्ट टीम को धूल चटा चुका है युगांडा? टी20 वर्ल्ड कप में खेलने पर बढ़ेगी विरोधी टीमों की मुश्किलें
Uganda Cricket Team: क्रिकेट की दुनिया में अक्सर हम ऑस्ट्रेलिया, भारत और इंग्लैंड के दबदबे की बात करते हैं, लेकिन 2026 टी20 वर्ल्ड कप से पहले एक ऐसी टीम की चर्चा है, जो टूर्नामेंट में नहीं हैं लेकिन खेलने के आसार बन सकते हैं। बात युगांडा की हो रही है, जिसे पाकिस्तान की जगह लाया जा सकता है।
फ़िलहाल पाकिस्तान ने 30 जनवरी या 2 फरवरी तक इवेंट में हिस्सा लेने के लिए अंतिम फैसला बताने की बात कही है। अगर पाकिस्तानी टीम बांग्लादेश का समर्थन करते हुए बॉयकॉट करती है, तो युगांडा को एंट्री मिल सकती है, जो छोटी टीम है लेकिन बड़ा कारनामा कर चुकी है।

किस टेस्ट टीम को चटा दी थी धूल?
युगांडा का असली खौफ तब शुरू हुआ जब उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप क्वालीफायर में जिम्बाब्वे (Zimbabwe) जैसी टेस्ट खेलने वाली और अनुभवी टीम को 5 विकेट से हराकर पूरी दुनिया को सन्न कर दिया था। यह कोई मामूली जीत नहीं थी। इस एक हार ने जिम्बाब्वे को वर्ल्ड कप की रेस से ही बाहर कर दिया था। सिकंदर रजा जैसे धुरंधरों से सजी टीम को युगांडा के गुमनाम नायकों ने ऐसी पटखनी दी कि क्रिकेट के इतिहास में यह सबसे चर्चित दिनों में से एक माना गया।
क्यों खौफ में होंगी विरोधी टीमें?
युगांडा के पास खोने के लिए कुछ नहीं है और यही उन्हें सबसे खतरनाक बनाता है। उनके पास अल्पेश रमजानी और रियाजत अली शाह जैसे खिलाड़ी हैं जो किसी भी वक्त मैच का पासा पलट सकते हैं। विरोधी टीमें इसलिए परेशान हैं क्योंकि युगांडा के खिलाफ रणनीति बनाना सबसे मुश्किल काम है, वे किसी भी पारंपरिक तरीके से नहीं खेलते, वे बस मैदान पर शिकार करने उतरते हैं।
क्या भारत-युगांडा का होगा मुकाबला?
अगर पाकिस्तान बाहर होता है और ग्रुप स्टेज में टीम इंडिया का सामना युगांडा से होता है, तो कागजों पर भले ही भारत मजबूत लगे, लेकिन युगांडा से चुनौती मिल सकती है। टीम इंडिया का यह मुकाबला 15 फरवरी को हो सकता है।












Click it and Unblock the Notifications