उमरान मलिक को चुनना अभी गलत फैसला होगा, पूर्व चयनकर्ता ने बताई वजह

नई दिल्ली। आईपीएल 2022 में सनराइजर्स हैदराबाद के तेज गेंदबाज उमरान मलिक ने अपनी तेज रफ्तार से सभी को हैरान कर दिया है। वह लगातार 150 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से भी तेज गेंद फेंकने का दम रखते हैं। वहीं कई दिग्गजों ने राय दी है कि उन्हें आगामी आईसीसी टी20 विश्व कप के लिए भारतीय टीम में शामिल करना चाहिए। लेकिन इस बीच भारत के पूर्व मुख्य चयनकर्ता एमएसके प्रसाद ने कहा कि भारतीय टीम में उमरान मलिक को अभी शामिल करना जल्दबाजी होगा।
प्रसाद ने कहा कि उमरान को भारतीय राष्ट्रीय टीम में शामिल करने से पहले लिस्ट ए मैचों और घरेलू क्रिकेट का अनुभव हासिल करना होगा। मलिक शुरुआती स्तर पर बहुत कुछ सीखेंगे और अगर उन्हें सीधा राष्ट्रीय टीम में शामिल होकर सफलता नहीं मिलती है तो वह शायद निराश हो जाएंगे। उमरान को ज्यादा एक्सपोजर नहीं मिला है। प्रसाद ने मोहम्मद सिराज का उदाहरण देते हुए कहा कि सीनियर टीम में जगह बनाने से पहले सिराज भी इसी तरह की प्रक्रिया से गुजरे थे।
यह भी पढ़ें- हरभजन सिंह बोले- चयनकर्ताओं ने उस जोड़ी को क्यों तोड़ा, जो अच्छा प्रदर्शन कर रही थी
प्रसाद ने द फेडरल को बताया, "उमरान मलिक को जल्दबाजी में भारतीय टीम में लाने की बजाय एक प्रक्रिया के माध्यम से तैयार किया जाना चाहिए। मैं जानता हूं कि 150 किलोमीटर प्रति घंटे से ज्यादा की रफ्तार से गेंदबाजी करना कभी आसान नहीं होता, लेकिन अगर आप उसे अंतरराष्ट्रीय मैचों के लिए चुनते हैं और अगर वह अच्छा नहीं कर पाते हैं तो वह निराश हो जाएंगे। तो इस कारण घरेलू क्रिकेट का पूरा सीजन और भारत ए के कुछ दौरे उन्हें मोहम्मद सिराज की तरह एक अच्छे गेंदबाज के रूप में खेलने चाहिए ताकि विकसित होने में मदद मिले।"

पूर्व क्रिकेटरों ने पहले कहा था कि उमरान को राष्ट्रीय टीम का हिस्सा बनाया जाना चाहिए। 22 साल के उमरान ने हाल ही में आईपीएल के इतिहास में दूसरी सबसे तेज गेंद फेंकी, जिससे इस सीजन में उनका व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ रिकॉर्ड टूट गया। प्रसाद ने बताया कि कैसे सिराज ने घरेलू सेटअप में अपने खेल को बदल दिया और मलिक के लिए इसी तरह की तकनीक कैसे काम करेगी।
प्रसाद ने कहा, "सिराज ने ऑस्ट्रेलिया के अपने पहले टेस्ट दौरे में बहुत अच्छी गेंदबाजी की थी। उसने तब अच्छा प्रदर्शन इसलिए किया था, क्योंकि भारत ए के लिए करीब 50 विकेट लेकर रेड बॉल क्रिकेट का अनुभव हासिल किया था। मुझे पता है कि बहुत कम लोगों में 150 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से गेंदबाजी करने की क्षमता है, लेकिन उसे एक प्रक्रिया के माध्यम से तैयार करके भारतीय क्रिकेट में लाना होगा ताकि लंबे समय तक योगदान दे सके। फिलहाल, मुझे उसे देखने में बहुत मजा आ रहा है। इसका श्रेय सनराइजर्स हैदराबाद टीम प्रबंधन को दिया जाना चाहिए क्योंकि उन्होंने उसका समर्थन किया।''












Click it and Unblock the Notifications