'नहीं मानी बात तो बढ़ सकती हैं मुश्किल', सुनील गावस्कर ने भारत के युवा बैटर को दी चेतावनी
नई दिल्ली। भारत और श्रीलंका के बीच खेली जा रही 2 मैचों की टेस्ट सीरीज का आखिरी मैच बेंगलुरू के चिन्नास्वामी स्टेडियम पर खेला जा रहा है, जहां पर भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 252 रनों का स्कोर खड़ा किया है। बेंगलुरू की यह पिच बल्लेबाजों के लिये काफी मुश्किल नजर आ रही है लेकिन इसके बावजूद भारतीय टीम के लिये श्रेयस अय्यर ने 92 रनों की पारी खेली और टीम के स्कोर को 252 रन तक पहुंचाने का काम किया। जवाब में श्रीलंकाई टीम लड़खड़ाती हुई नजर आ रही है और ऐसा लग रहा है कि वो 150 के स्कोर तक भी नहीं पहुंच पायेगी।

उल्लेखनीय है कि रोहित शर्मा ने भारतीय टेस्ट टीम के नये कप्तान के रूप में कमान संभाली है और मोहाली टेस्ट में पहली बार कप्तानी करने उतरे थे। इस मैच में भारतीय टीम ने एक पारी और 222 रनों से जीत हासिल की थी। इसके साथ ही रोहित शर्मा भारतीय टीम के सभी प्रारूप के कप्तान बन चुके हैं। मोहाली टेस्ट में भारतीय टीम कप्तान के अलावा भी कई बदलावों के साथ उतरी थी जिसमें नंबर 3 पर हनुमा विहारी और नंबर 5 पर श्रेयस अय्यर को खेलने का मौका दिया गया है जिन्होंने पुजारा और रहाणे को रिप्लेस किया है।
और पढ़ें: IND vs SL: शतक लगाने से चूके श्रेयस अय्यर, पिंक बॉल टेस्ट में भारत ने बनाये 252 रन

गावस्कर ने विहारी को दी गोल्डन सलाह
मोहाली टेस्ट में जहां हनुमा विहारी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 128 गेंदों का सामना कर 58 रनों की पारी खेली तो वहीं पर बेंगलुरू टेस्ट के पहले दिन 81 गेंदों का सामना कर 31 रन बनाये। इस दौरान उन्होंने कोहली के साथ 47 रनों की साझेदारी भी की। ऐसे में दुनिया भर के दिग्गज क्रिकेटर्स की निगाह इस खिलाड़ी पर है कि आगे आने वाले समय में वो इस रोल को कितनी बेहतरी से निभा सकते हैं। इस बीच भारतीय टीम के पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने हनुमा विहारी के लिये गोल्डन सलाह दी है।
स्टार स्पोर्टस के शो में बात करते हुए गावस्कर ने कहा,'मेरी उन्हें बस यही सलाह है कि वो अपने आप में खोकर ज्यादा आगे न चले जायें। कई बार आप खुद से आगे चले जाते हैं जो कि तब तक स्वीकार्य है जब तक चीजें आपके पक्ष में है। उदाहरण के रूप में जब आप बल्लेबाजी कर रहे हैं और वहां पर काफी उछाल मिल रही है तो वहां पर आपका आगे बढ़ना ठीक लगता है लेकिन अगर ऐसा नहीं होता है तो उन्हें आगे आने वाली गेंद पर ध्यान देना चाहिये।'

अगर नहीं किया ऐसा तो हो सकती है परेशानी
गावस्कर ने आगे बात करते हुए कहा कि हनुमा विहारी को खेल के दौरान पहले से ही सोचकर शॉट खेलने से बचना होगा वरना परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
उन्होंने कहा,'जिस पल आप पहले से सोच कर गेंद को खेलना शुरू कर देते हैं गेंद आप से दूर जाना शुरू कर देती है। आप गेंद फेकने से पहले किसी शॉट को खेलने का मन बनाते हैं और अगर गेंद उस जगह पर नहीं आती है तो आप मुश्किल में पड़ जाते हैं। ऐसे में विहारी को मेरी इतनी ही सलाह है कि वो गेंद देखकर ही खेलें, पहले से किसी शॉट को लेकर मन बनाने से उन्हें मुश्किल का सामना करना पड़ सकता है। अगर वो ऐसा कर लेते हैं तो उन्हें कुछ और बदलने की दरकार नहीं है।'

पहले दिन रहा भारत का दबदबा
गौरतलब है कि बेंगलुरु के मैदान पर खेले गये पिंक बॉल टेस्ट मैच में भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी करते हुए 252 रनों का स्कोर खड़ा कर दिया। इस मैच में जयंत यादव की जगह अक्षर पटेल को मौका दिया गया है। जवाब में दिन का खेल खत्म होने तक श्रीलंका की टीम 6 विकेट खोकर 83 रन ही बना सकी है, जिसमें जसप्रीत बुमराह (3 विकेट) और मोहम्मद शमी (2 विकेट) की जोड़ी ने 5 विकेट हासिल किये तो वहीं पर अक्षर पटेल के खाते में भी एक विकेट आया।












Click it and Unblock the Notifications