रोहित की इस चाल से खुश नहीं हैं गावस्कर, बताया किस खिलाड़ी को मिस कर रही है भारतीय टीम

नई दिल्ली। भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेली जा रही 3 मैचों की वनडे सीरीज में रोहित शर्मा की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर सीरीज को अपने नाम कर लिया है। वेस्टइंडीज के खिलाफ खेली जा रही इस सीरीज के पहले दो मैच में भारतीय टीम ने खेल के कई विभाग में वो कमियां दूर कर ली हैं, जिसकी वजह से उसे साउथ अफ्रीका में क्लीन स्वीप का सामना करना पड़ा था लेकिन इसके बावजूद अभी भी कुछ ऐसे विभाग हैं जहां पर भारतीय टीम की चिंता बरकरार है। अहमदाबाद के मैदान पर खेले गये दूसरे वनडे मैच में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर्स में 237 रनों का स्कोर खड़ा किया जो कि काफी लो स्कोरिंग और आसानी से हासिल किया जा सकने वाला नजर आ रहा था, लेकिन भारतीय गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा (4 विकेट), शार्दुल ठाकुर (2 विकेट), मोहम्मद सिराज (एक विकेट), युजवेंद्र चहल (एक विकेट), वाशिंगटन सुंदर (एक विकेट) और दीपक हुड्डा ( एक विकेट) के दम पर वेस्टइंडीज को 193 रन पर समेट दिया और 44 रनों की जीत हासिल कर सीरीज अपने नाम कर ली।
भारत ने भले ही 2-0 की बढ़त हासिल कर ली है लेकिन कैरिबियाई गेंदबाजों ने भारतीय बैटिंग को परेशान कर उसे मुश्किलों में जरूर डाला था। 43 रन पर 3 विकेट खो देने के बाद भारत के लिये केएल राहुल (49) और सूर्यकुमार यादव (64) ने चौथे विकेट के लिये 91 रनों की साझेदारी कर टीम को मुश्किलों से उबारा लेकिन जैसे ही यह साझेदारी टूटी, बचे हुए बल्लेबाज मुश्किल से 100 रन जोड़ पाये।

रोहित की इस चाल से खुश नहीं हैं गावस्कर
भारतीय टीम के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर को ऋषभ पंत से पारी का आगाज कराने और केएल राहुल को नंबर 4 पर भेजने का आइडिया पसंद नहीं आया और उनका मानना है कि दोनों खिलाड़ियों की इस्तेमाल अलग-अलग रोल के लिये होना चाहिये था।
उन्होंने कहा,'सच कहूं तो मैं ऋषभ पंत को पारी का आगाज करते हुए देख हैरान रह गया था, क्योंकि मुझे हमेशा से लगा है कि पंत नबंर 6 या 7 के बल्लेबाज हैं या फिर टीम की परिस्थिति कैसी है मैच में उस पर निर्भर करता है, वह मैच में फिनिशर होने चाहिये। मेरा मानना है कि राहुल को रोहित के साथ ओपनिंग पार्टनर होना चाहिये और सूर्यकुमार यादव को नंबर 4 पर बल्लेबाजी करनी चाहिये।'

इस खिलाड़ी को मिस कर रही है भारतीय टीम
इस दौरान गावस्कर ने भारतीय टीम के हरफनमौला खिलाड़ी रविंद्र जडेजा को भी याद किया और कहा कि भारतीय टीम वनडे सीरीज में अपने इस दिग्गज बल्लेबाज को मिस कर रही है, जो कि विकेट लेता है, रन बनाता है और फील्डिंग में भी दमदार प्रदर्शन करता है। उल्लेखनीय है कि जडेजा फिलहाल चोट से उबर रहे हैं और एनसीए में रिकवरी कर रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा,'भारतीय टीम 5वें नंबर पर ऋषभ पंत या फिर वाशिंगटन सुंदर जैसे किसी खिलाड़ी का इस्तेमाल कर सकती है। मत भूलिये कि भारतीय टीम इस समय नंबर 7-8 की बल्लेबाजी पर रविंद्र जडेजा को मिस कर रही है, जो कि खूब रन बना रहे थे, बड़े शॉट लगा रहे थे और बीच के ओवर्स में विकेट चटकाने के साथ ही मैदान पर जबरदस्त फील्डिंग भी कर रहे थे। वह भारतीय टीम की ओर से जबरदस्त तरीके से मिस किये जा रहे हैं।'

किसकी गलती से रन आउट हुए केएल राहुल
सुनील गावस्कर ने आगे बात करते हुए केएल राहुल के रन आउट पर भी बात की और बताया कि यह विकेट सूर्यकुमार और राहुल के बीच हुए मिक्स अप की वजह से गिरा है। जब राहुल दूसरे रन के लिये वापस दौड़ रहे थे तो एक लम्हे के लिये बीच में रुक गये और उतनी ही देर में उनका विकेट चला गया, गावस्कर ने रन आउट का विश्लेषण करते हुए उस लम्हे के बारे में बताया जिसकी वजह से यह रन आउट हुआ।
उन्होंने कहा,'आप यह समझ सकते हैं कि राहुल दौड़ते हुए फील्डर को देख रहे थे, जब उन्होंने दूसरे रन के लिये दौड़ना शुरू किया और देखा तो उन्हें लगा कि शायद सूर्या दूसरे रन के लिये नहीं आ रहे हैं, क्योंकि उन्होंने पहला रन बहुत धीरे लिया था। इसी हिचकिचाहट में राहुल से गलती हो गई। जब राहुल हाफ क्रीज पर थे तब सूर्या ने मुश्किल से क्रीज छोड़ी थी, इसी की वजह से राहुल के दिमाग में कन्फ्यूजन पैदा हो गई और नतीजा रन आउट बन बैठा।'










Click it and Unblock the Notifications