IND vs SA 3rd Test : अकेले डटे रहे कोहली, रबाडा पड़ गए भारी, ऐसा रहा पहले दिन का खेल
केपटाउन : साउथ अफ्रीका और भारत के बीच टेस्ट सीरीज का तीसरा और अंतिम मैच मंगलवार (11 जनवरी) को केपटाउन में शुरू हुआ, जहां विराट कोहली ने टाॅस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। पहले दिन का खेल खत्म होने तक साउथ अफ्रीका ने एक विकेट के नुकसान पर 17 रन बना लिए हैं। ओपनर डीन एल्गर 3 रन बनाकर जसप्रीत बुमराह का शिकार बने। एडन मार्कराम (8) व केशव महाराज (6) रन बनाकर क्रीज पर माैजूद हैं। इससे पहले भारत की पहली पारी 223 रनों पर ढेर हो गई। कोहली को छोड़कर कोई भी अन्य बल्लेबाज अर्धशतक नहीं लगा सका। कोहली ने सर्वाधिक 79 रनों की पारी खेली, जिन्हें काहिसो रबाडा ने आउट किया।
यह भी पढ़ें- IND vs SA 3rd Test : शतक लगाने से चूके कोहली, लेकिन तोड़ गए राहुल द्रविड़ का खास रिकाॅर्ड

ओपनिंग जोड़ी अच्छी शुरूआत को बड़ी पारी में बदलने में नाकाम
भारत के लिए केएल राहुल और मान्यक अग्रवाल ओपनिंग करने आए। इन दोनों ने शुरू से ही अच्छा खेल दिखाया। हालांकि, दोनों ने लगातार अपने विकेट गंवाए। दोनों एक बार फिर अपनी अच्छी शुरूआत को बड़ी पारी में बदलने में नाकाम रहे। केएल राहुल को 12वें ओवर में डुआने ओलिवियर ने जबकि मयंक अग्रवाल को 13वें ओवर में कगिसो रबाडा ने आउट कर पवेलियन का रास्ता दिखाया। केएल राहुल ने 12 रन तो मयंक अग्रवाल ने 15 रन बनाए। इसके बाद चेतेश्वर पुजारा और विराट कोहली ने भारत की पारी की कमान संभाली। दोनों संभलकर खेलते हुए दिखे। भारत ने पहले सत्र की समाप्ति पर 28 ओवर में 2 विकेट पर 75 रन बनाए, लेकिन दूसरे सत्र में पुजारा 43 और रहाणे 9 रन पर आउट हुए।

रहाणे को रबाडा ने आउट कर दिया
पहले सत्र के अंत तक नाबाद रहे विराट कोहली और चेतेश्वर पुजारा ने दूसरे सत्र में अच्छी शुरुआत की थी। हालांकि, जब उनकी साझेदारी बड़ी होने जा रही थी तो 38वें ओवर में पुजारा को मार्को जेन्सेन ने आउट कर दिया। पुजारा 43 रन बनाकर पवेलियन लाैटे। फिर उसके बाद 43वें ओवर में अजिंक्य रहाणे को कगिसो रबाडा ने 9 रन पर आउट कर दिया। इसके बाद विराट कोहली और विकेटकीपर ऋषभ पंत ने मोर्चा संभाला। इस बीच विराट ने अपना अर्धशतक पूरा किया, दूसरी ओर ऋषभ तेज बल्लेबाजी करने की कोशिश कर रहे थे। हालांकि, मार्को जेन्सेन ने उनकी पारी पर विराम लगा दिया। पंत ने 27 रन बनाए। फिर आखिरी सत्र में कोहली 56 और रविचंद्रन अश्विन 2 रन पर थे। इस बीच भारतीय टीम ने 200 रन का आंकड़ा पार कर लिया है।

नहीं खत्म हुआ शतक का सूखा
लेकिन पंत के आउट होने के बाद रविचंद्रन अश्विन (2), शार्दुल ठाकुर (12) और जसप्रीत बुमराह (0) जल्दी आउट हो गए। जब विकेट गिरने लगे तो कोहली ने दवाब में आकर तेजी से रन बनाने की कोशिश की ताकि पारी सिमट जाने से पहले शतक पूरा कर लिया जाए। लेकिन इस बीच रबाडा ने उन्हें फंसा लिया। कोहली 79 रन बनाकर विकेटकीपर वेरा के हाथों लपके गए। साथ ही उनका शतक का सूखा समाप्त होने से चूक गया। फिर उमेश यादव व शमी ने टीम का स्कोर 223 तक पहुंचाया। उमेश 4 रन बनाकर नाबाद रहे। शमी ने 7 रन बनाए। रबाडा ने 22 ओवर फेंकते हुए 4 विकेट लिए। मार्को ने 3, जबकि ओलिवियर, लुंगी एनगिडी व केशव महाराज को 1-1 विकेट मिला।
मैच में खास बात यह रही कि कोहली ने अपनी पारी से कुछ कीर्तिमान स्थापित किए। वह साउथ अफ्रीका की धरती पर टेस्ट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दूसरे भारतीय बल्लेबाज बन चुके हैं। उन्होंने पूर्व क्रिकेटर राहुल द्रविड़ को पीछे छोड़ा। द्रविड़ ने 22 पारियों में एक शतक और 2 अर्धशतक के साथ 624 रन बनाए थे, तो कोहली 7 टेस्ट की 13 पारियों में 650 से अधिक रन बना चुके हैं। इसके अलावा कोहली ने 5वीं बार अफ्रीकी धरती पर पचास से ज्यादा रनों की पारी खेली है। उन्होंने सौरव गांगुली, वीवीएस लक्ष्मण और चेतेश्वर पुजारा को पछाड़ दिया। इन्होंने 4-4 बार ऐसा किया था। साथ ही कोहली ने बतौर टेस्ट कप्तान साउथ अफ्रीका में तीसरी बार 50 से ज्यादा रन बनाए हैं। कोहली से पहले कोई भी भारतीय कप्तान ऐसा नहीं कर पाया है। धोनी, अजहरुद्दीन, केएल राहुल, सचिन तेंदुलकर ने बतौर टेस्ट कप्तान साउथ अफ्रीका में 1 बार ही 50 से ज्यादा रनों की पारी खेली थी।
बता दें कि इस मैच को जीतकर दोनों के पास सीरीज जीतने का मौका है। सीरीज अभी 1-1 की बराबरी पर है। इस मैच के लिए भारतीय टीम में दो बड़े बदलाव किए गए हैं। भारत के कप्तान विराट इस मैच से लौट चुके हैं। वह पिछले मैच में चोट के कारण टीम से बाहर हो गए थे। उनकी जगह प्लेइंग इलेवन में शामिल हनुमा विहारी को वापस बेंच पर बिठाया गया है। अनुभवी तेज गेंदबाज उमेश यादव को चोटिल मोहम्मद सिराज की जगह प्लेइंग इलेवन में रखा गया है। दक्षिण अफ्रीकी टीम की प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
दोनों की प्लेइंग इलेवन-
भारत (प्लेइंग इलेवन): केएल राहुल, मयंक अग्रवाल, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली (कप्तान), अजिंक्य रहाणे, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रविचंद्रन अश्विन, शार्दुल ठाकुर, मोहम्मद शमी, जसप्रीत बुमराह, उमेश यादव
दक्षिण अफ्रीका (प्लेइंग इलेवन): डीन एल्गर (कप्तान), एडेन मार्कराम, कीगन पीटरसन, रॉसी वैन डेर डूसन, टेम्बा बावुमा, काइल वेरेन (विकेटकीपर), मार्को जानसेन, कैगिसो रबाडा, केशव महाराज, डुआने ओलिवियर, लुंगी एंजी












Click it and Unblock the Notifications