Rishabh Pant को मुंबई शिफ्ट किया गया, इलाज के लिए विदेश भी भेजे जा सकते हैं, वीडियो हुआ वायरल
ऋषभ पन्त को बेहतर इलाज के लिए मुम्बई शिफ्ट कर दिया गया है, उनको एयरलिफ्ट कर देहरादून से मुंबई लेकर जाया गया।

Rishabh Pant Shifted to Mumbai: सड़क दुर्घटना में चोटिल भारतीय खिलाड़ी ऋषभ पन्त को देहरादून से निकालकर इलाज के लिए मुंबई लेकर जाया गया है। बीसीसीआई ने अब उनके इलाज का जिम्मा ले लिया है। बोर्ड ने बेहतर इलाज और जल्दी रिकवरी के लिए ऋषभ पन्त को एयरलिफ्ट कर मुंबई लाने का निर्णय लिया है। 30 दिसम्बर को रुड़की के पास ऋषभ पन्त की मर्सिडीज दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। इसके बाद घायल पन्त को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
देहरादून के अस्पताल से पन्त को बाहर लेकर जाने का एक वीडियो वायरल हुआ है। वरिष्ठ पत्रकार बोरिया मजूमदार ने एक वीडियो पोस्ट किया है। इसमें साफ़ तौर पर देखा जा सकता है कि पन्त को स्ट्रेचर पर लेकर जाया जा रहा है और कुछ लोग भी वहां मौजूद है। पन्त को मुंबई के लिए रवाना कर दिया गया है। यह भी कहा जा रहा है कि जरूरत पड़ने पर ऋषभ पन्त को इलाज के लिए विदेश भी भेजा जा सकता है।
इससे पहले डीडीसीए के डायरेक्टर श्याम शर्मा ने कहा था कि पन्त को इलाज के लिए मुंबई शिफ्ट किया जाएगा। बीसीसीआई ने पन्त के इलाज को लेकर बेहतर सुविधाएं देने के लिए यह फैसला लिया था। ऋषभ पन्त अब तक देहरादून के मैक्स अस्पताल में भर्ती थे। वहां उनका परिवार भी उनके साथ मौजूद था। ऋषभ पन्त से मिलने के लिए भी वहां काफी लोग आ रहे थे।
सड़क हादसे के बाद ऋषभ पन्त को हरियाणा रोडवेज के ड्राइवर और कंडक्टर ने बाहर निकाला था। इसके बाद कार में आग लग गई थी और यह जलकर राख हो गई थी। पन्त को एम्बुलेंस से रुड़की के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसके बाद वहां से उनको देहरादून शिफ्ट कर दिया गया था। अस्पताल में उनसे बॉलीवुड अभिनेता अनिल कपूर और अनुपम खेर ने मुलाक़ात की थी। इसके अलावा भी कई अन्य लोगों ने पन्त से मुलाक़ात की।












Click it and Unblock the Notifications