Khan Sir ने कराई थी गोलीबारी? ज्ञान बिंदु के नए वीडियो से मचा हडकंप! खुल गई खान सर के दावों की पोल
Khan Sir Coaching Firing Controversy: पटना में चर्चित शिक्षक खान सर के कोचिंग सेंटर पर हुए हमले का मामला अब नया मोड़ लेता नजर आ रहा है। इस बीच ज्ञान बिंदु कोचिंग की ओर से एक वीडियो जारी किया गया है। वीडियो में दावा किया गया है कि घटना वाली रात फायरिंग बाहर से नहीं, बल्कि खान सर के सुरक्षा गार्ड की ओर से की गई थी। वीडियो सामने आने के बाद दोनों पक्षों के आरोप-प्रत्यारोप और तेज हो गए हैं।
वहीं, इस मामले में पहले ही ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद और उनके दो सहयोगियों को जेल भेजा जा चुका है। घटना को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आने लगी हैं। सांसद पप्पू यादव ने दोनों पक्षों से शांति बनाए रखने की अपील की है। अब नए वीडियो के सामने आने के बाद पूरे मामले पर बहस और तेज हो गई है।

ज्ञान बिंदु कोचिंग ने जारी किया नया वीडियो
गुरुवार को ज्ञान बिंदु कोचिंग टीम के सदस्य आदर्श ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर एक वीडियो सार्वजनिक किया। उन्होंने दावा किया कि 2 मई की रात हुए विवाद के दौरान गोली चलने की घटना खान सर की ओर से कराई गई थी। उनका आरोप है कि पूरी घटना पहले से तय योजना का हिस्सा थी।
ये भी पढ़ें: 'खान सर सिर्फ नौटंकी कर रहे' फायरिंग विवाद के बीच पटना के इस मशहूर टीचर ने खोली पोल, गिरफ्तारी की कर दी मांग
आदर्श ने कहा कि जारी वीडियो में कहीं भी ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद नजर नहीं आ रहे हैं। ऐसे में उनकी गिरफ्तारी पर सवाल उठते हैं। उन्होंने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच हो और खान सर के खिलाफ भी कार्रवाई की जाए।
सोशल मीडिया पर फायरिंग का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। पुलिस की टीम सीधे खान सर के कोचिंग संस्थान पहुंची और वीडियो में गोलियां चलाते दिख रहे दोनों गार्ड्स को हिरासत में लेकर कदमकुआं थाने आई। थाने में करीब 3 घंटे तक चली कड़े पूछताछ के बाद पुलिस ने दोनों गार्ड्स को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया है।
"खान सर के कहने पर चलाई थी गोली"
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार गार्ड ने पुलिस के सामने एक चौंकाने वाला दावा किया है। उनका कहना है कि उन्होंने यह हवाई फायरिंग खुद की मर्जी से नहीं, बल्कि खान सर के आदेश पर की थी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों गार्ड्स के हथियारों को जांच और वेरिफिकेशन के लिए अपने कब्जे में ले लिया है। साथ ही, फायरिंग के वीडियो की पुष्टि होने के बाद कदमकुआं थाने में एक नई एफआईआर (FIR) दर्ज की गई है। इस सिलसिले में पुलिस ने कोचिंग सेंटर के भीतर खान सर से भी गहन पूछताछ की है।
रौशन आनंद की रिहाई के लिए सड़क पर उतरे 5 हजार छात्र
दूसरी तरफ, इस पूरे घटनाक्रम के बीच ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद की गिरफ्तारी के विरोध में छात्र आक्रोशित हो गए हैं। उनकी तुरंत रिहाई की मांग को लेकर हजारों की तादाद में छात्र सड़कों पर उतर आए। छात्रों ने कोचिंग कैंपस से लेकर कारगिल चौक तक एक बड़ा विरोध मार्च निकाला और कैंडल जलाकर अपना विरोध दर्ज कराया। रिपोर्ट्स की माने तो इस प्रदर्शन में 5,000 से भी अधिक छात्र शामिल हुए, जिससे इलाके में भारी गहमागहमी बनी रही।
2 मई की रात क्या हुआ था?
जानकारी के अनुसार 2 मई की रात करीब 10 बजे खान सर के कोचिंग सेंटर के बाहर अचानक हंगामा शुरू हो गया था। कुछ लोगों ने वहां मौजूद सुरक्षा गार्ड के साथ मारपीट की। इस दौरान कोचिंग सेंटर पर पत्थर फेंके गए और पोस्टर-बैनर भी फाड़ दिए गए।
घटना के बाद मौके पर पहुंचे खान सर ने शुरुआत में दावा किया था कि वहां 8 से 10 राउंड फायरिंग हुई है। हालांकि बाद में उन्होंने अपने बयान में बदलाव करते हुए कहा कि तनावपूर्ण माहौल के कारण उन्हें स्थिति ठीक से समझ नहीं आई थी।
FIR में नहीं है गोलीबारी का जिक्र
खान सर की ओर से दर्ज कराई गई प्राथमिकी में गोली चलने की बात शामिल नहीं है। वहीं पटना पुलिस ने भी अब तक फायरिंग होने की पुष्टि नहीं की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच में गोली चलने के सबूत नहीं मिले हैं।
CCTV में दिखी मारपीट और पत्थरबाजी
घटना के बाद सामने आए CCTV फुटेज में कुछ लोग सुरक्षा गार्ड के साथ हाथापाई करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में पत्थरबाजी और पोस्टर फाड़ने की घटनाएं भी नजर आ रही हैं। इसी वीडियो के आधार पर पुलिस ने आगे की कार्रवाई की।
रौशन आनंद समेत तीन लोग जेल भेजे गए
मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद और उनके सहयोगी अभिषेक व गौरव को गिरफ्तार किया। बुधवार को तीनों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में बेऊर जेल भेज दिया गया। कोर्ट में पेशी से पहले तीनों का मेडिकल परीक्षण एलएनजेपी अस्पताल में कराया गया था।
रौशन आनंद बोले- मुझे फंसाया जा रहा है
गिरफ्तारी के बाद रौशन आनंद ने कहा कि उनके खिलाफ साजिश रची जा रही है। उनका कहना है कि पुलिस ने भी स्पष्ट किया है कि गोली चलने की पुष्टि नहीं हुई है, फिर भी उन्हें बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि उन्हें इस घटना की जानकारी तक नहीं थी। उन्होंने अपनी बीमारी का जिक्र करते हुए बताया कि वह किडनी के मरीज हैं और पिछले साल उनका ऑपरेशन भी हुआ था।
रौशन आनंद ने कहा कि मेहनत के बल पर आगे बढ़ रही उनकी संस्था को रोकने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने न्यायपालिका पर भरोसा जताते हुए कहा कि सच सामने आएगा और उन्हें न्याय मिलेगा।
पप्पू यादव ने दोनों पक्षों से की अपील
पूरे विवाद पर सांसद पप्पू यादव ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र को विवाद और टकराव का मैदान नहीं बनाना चाहिए। उनके मुताबिक दोनों कोचिंग संस्थानों का अपना महत्व है और दोनों का सम्मान होना चाहिए।
पप्पू यादव ने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि रौशन आनंद किसी साजिश में शामिल हो सकते हैं। उन्होंने खान सर से भी विवाद से दूर रहने की अपील की। उन्होंने समाज के लोगों से भी कहा कि किसी भी मामले को जाति के नजरिये से नहीं देखना चाहिए। उनके अनुसार सफलता मेहनत और योग्यता से मिलती है, न कि जाति के आधार पर।
पोस्टर विवाद से शुरू हुआ पूरा मामला
स्थानीय लोगों के मुताबिक खान सर की कोचिंग के सामने ही ज्ञान बिंदु कोचिंग स्थित है। बताया जा रहा है कि बिहार पुलिस में चयनित 12 हजार छात्रों के सम्मान समारोह से जुड़ा एक पोस्टर लगाया गया था। इसी पोस्टर को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ।
देखते ही देखते मामला बढ़ गया और बाद में कोचिंग सेंटर पर हमला, तोड़फोड़ और मारपीट की घटना सामने आई। इसके बाद खान सर ने ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। घटना के अगले दिन खान सर ने अपना कोचिंग सेंटर बंद रखा था। वहीं बड़ी संख्या में उनके छात्र सड़क पर उतर आए थे और कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था।












Click it and Unblock the Notifications