IPL 2026: 2 मैचों में 986 रन, चार बार बदली ऑरेंज कैप, आईपीएल इतिहास का सबसे महंगा डबल हेडर
IPL 2026: आईपीएल में बल्लेबाज अपना जलवा बिखेर रहे हैं और गेंदबाजों की शामत आ गई है। शनिवार के डबल हेडर में कुछ ऐसा देखने को मिला, जो पहले कभी नहीं हुआ। दो मैचों में 200 से ज्यादा रनों का स्कोर बना और यह चेज भी हो गया। चार पारियों में करीबन 1000 रन बन गए।
खास बात तो यह है कि जिन बल्लेबाजों ने शतक जड़े, वो बेकार साबित हो गए। टीमों को हार का सामना करना पड़ा। दिल्ली कैपिटल्स के लिए केएल राहुल और राजस्थान रॉयल्स के लिए वैभव सूर्यवंशी ने शतक जड़े लेकिन दोनों की टीमों को हार का सामना करना पड़ा।

दो मैचों में कुल 986 रन बने, दो ऐतिहासिक लक्ष्य हासिल किए गए और ऑरेंज कैप (Orange Cap) संगीत की कुर्सी की तरह 6 घंटों में चार अलग-अलग हाथों में गई। यह स्थिति बेहद जल्दी-जल्दी बदली कि फैंस भी हैरान रह गए।
दिल्ली में केएल राहुल का का तूफान
अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स (DC) के केएल राहुल ने अपने स्ट्राइक-रेट के आलोचकों को हमेशा के लिए चुप करा दिया। राहुल ने महज 67 गेंदों में नाबाद 152 रन बनाकर इतिहास रच दिया। वह आईपीएल के एक मैच में 150 का आंकड़ा छूने वाले पहले भारतीय बने। उनकी इस पारी (16 चौके, 9 छक्के) की बदौलत दिल्ली ने 264 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।
ख़ुशी नहीं टिक पाई
यह खुशी ज्यादा देर नहीं टिकी। श्रेयस अय्यर की अगुवाई वाली पंजाब किंग्स (PBKS) ने नामुमकिन को मुमकिन कर दिखाया। पंजाब ने 265 रनों का लक्ष्य 7 गेंद शेष रहते ही हासिल कर लिया, जो टी20 क्रिकेट के इतिहास का सबसे बड़ा सफल रन चेज़ है।
जयपुर में 15 साल के प्रिंस का राज्याभिषेक
जहां दिल्ली में राहुल का अनुभव बोल रहा था, वहीं जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में 15 साल के युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी का नाम गूंज रहा था। सूर्यवंशी ने मात्र 36 गेंदों में शतक जड़कर सनसनी फैला दी। वह टी20 क्रिकेट में 1,000 रन पूरे करने वाले दुनिया के सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं। उनकी 12 छक्कों वाली पारी ने राजस्थान रॉयल्स को 228 रनों के स्कोर तक पहुंचाया।
हालांकि यहां भी कहानी वही रही। सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के ईशान किशन (74) और अभिषेक शर्मा (57) की तूफानी बल्लेबाजी ने इस बड़े लक्ष्य को भी बौना साबित कर दिया और हैदराबाद ने जयपुर के मैदान पर अब तक का सबसे बड़ा सफल चेज़ दर्ज किया।
ऑरेंज कैप की लुका-छिपी
- दिन की शुरुआत विराट कोहली के साथ हुई, वह टॉप पर थे।
- राहुल की 152 रनों की पारी के बाद कैप उनके पास गई।
- जयपुर में वैभव सूर्यवंशी ने इसे अपने नाम किया।
- रात खत्म होते-होते अभिषेक शर्मा टूर्नामेंट के टॉप स्कोरर बन गए।












Click it and Unblock the Notifications