'मत पूछो भाई, मुझसे खुद के रन नहीं बन रहे', बटलर के सवाल पर कोहली ने उड़ाया खुद का मजाक
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली के लिये पिछले कुछ समय से फॉर्म अच्छी नहीं रही है और वो आईपीएल के 15वें सीजन में भी देखने को मिली है, जहां पर वो 13 लीग मैचों में महज 236 रन ही बना सके हैं। विराट कोहली भले ही अपनी अच्छी फॉर्म में नहीं है लेकिन उनका मजाकिया अंदाज आज भी बरकरार है, जो कि गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेले गये आखिरी मैच से पहले देखने को मिला। आईपीएल के 14वें सीजन तक सिर्फ 3 बार गोल्डन डक का शिकार हुए विराट कोहली अकेले 15वें सीजन में 3 बार पहली गेंद पर अपना विकेट गंवा कर वापस लौटते नजर आये हैं।

गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेले गये आखिरी मैच से पहले प्रसारणकर्ता स्टार स्पोर्टस ने विराट कोहली के साथ हरभजन सिंह का एक इंटरव्यू शेयर किया है जिसमें उन्होंने बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि कैसे उनसे इस सीजन के ऑरेन्ज कैप होल्डर और राजस्थान रॉयल्स के बल्लेबाज जोस बटलर ने उनसे एक सवाल पूछा था जिसके जवाब में विराट कोहली ने इस बैटर को लोट-पोट कर दिया।

बटलर के सवाल पर कोहली का मजेदार जवाब
जहां विराट कोहली के बल्ले से इस सीजन रनों का सूखा नजर आया है तो वहीं पर जोस बटलर ने इस सीजन खेले गये 13 मैचों में 3 शतक और 3 अर्धशतक के दम पर 627 रन बटोर लिये हैं।
हरभजन सिंह के साथ बात करते हुए विराट कोहली ने कहा,'राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ खेले गये मैच के बाद जोस बटलर मेरे पास आये और कहा कि भाई मैं तुमसे कुछ पूछना चाहता हूं, इसके जवाब में मैंने कहा कि भाई तुमने ऑरेन्ज कैप पहनी हुई है और तुम मुझसे क्या पूछना चाहते हो। मैं अपने खुद के रन नहीं बना पा रहा हूं और इस बात को लेकर हम दोनों खूब जोर से हंसते नजर आये।'

राजस्थान के खिलाफ खेले गये मैच की बात कर रहे थे कोहली
उल्लेखनीय है कि विराट कोहली राजस्थान रॉयल्स और आरसीबी के बीच पुणे के मैदान पर 26 अप्रैल को खेले गये मैच की बात कर रहे थे, जहां पर राजस्थान रॉयल्स की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट के नुकसान पर 144 रनों का स्कोर खड़ा किया था जिसके बावजूद उसने आरसीबी के खिलाफ 29 रनों से जीत हासिल की थी। बटलर उस मैच में 9 गेंदों का सामना कर सिर्फ 8 ही रन बना सके थे, जबकि कोहली ने 10 गेंदों का सामना कर 9 रन बनाये थे। उल्लेखनीय है कि विराट कोहली की खराब फॉर्म आईपीएल के 15वें सीजन में चर्चा का सबसे बड़ा विषय बना हुआ है। जहां पर पहली बार खेल रही लखनऊ सुपर जाएंटस और गुजरात टाइटंस की टीम ने प्लेऑफ में जगह बना ली है तो वहीं पर विराट कोहली रन बनाने में संघर्ष करते नजर आये हैं।

गोल्डन डक को लेकर भी कोहली ने दिया था मजेदार जवाब
इससे पहले आरसीबी इनसाइडर को दिये गये एक इंटरव्यू में विराट कोहली ने इस सीजन मिली 3 गोल्डन डक का भी मजाक उड़ाया था और बताया कि वो जब सीजन में दूसरी बार पहली गेंद पर आउट हुए थे तो क्यों मुस्कुराये थे।
उन्होंने कहा,'पहली गेंद पर आउट होने को लेकर क्या हुआ, जब दूसरी बार मैं गोल्डन डक हुआ तो मुझे लगा कि बेसहारा होना कैसा होता है। मेरे पूरे करियर में ऐसा नहीं हुआ था और मैंने सोचा कि अब मैंने सबकुछ देख लिया है। इस खेल में मैंने इतना समय दिया है कि अब लगता है कि मैंने सबकुछ देख लिया है और यह खेल आपको सबकुछ दिखाता है।'












Click it and Unblock the Notifications