Oman Coast Tanker Attack: ओमान के पास टैंकर पर मिसाइल हमला, 3 भारतीय लापता, भारत ने दी कड़ी चेतावनी
Oman Coast Tanker Attack: मिडल ईस्ट के समंदर में तनाव चरम पर पहुंच गया है। ओमान के तट के पास, रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण 'स्ट्रेट ऑफ होर्मुज' (Strait of Hormuz) के मुहाने पर एक कमर्शियल तेल टैंकर 'सेतबेलो' (Settebello) पर बड़ा हमला हुआ है।
इस जहाज पर सवार कुल 24 क्रू मेंबर्स भारतीय नागरिक थे। घटना के बाद से 3 भारतीय नाविक लापता हैं, जबकि 21 को सुरक्षित बचा लिया गया है। भारत सरकार ने इस हमले पर गहरा दुख और तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।

नई दिल्ली में विदेश मंत्रालय (MEA) ने एक आधिकारिक बयान जारी कर कमर्शियल जहाजों और नागरिक बुनियादी ढांचों को निशाना बनाए जाने की कड़ी निंदा की है।
Oman Coast Tanker अटैक पर भारत का सख्त रुख, कमर्शियल जहाजों पर हमले बेहद चिंताजनक: विदेश मंत्रालय
भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बुधवार, 10 जून को जारी एक बयान में कहा कि ओमान के तट पर कमर्शियल जहाज 'सेतबेलो' पर हुआ हमला बेहद गंभीर है। इस कमर्शियल जहाज पर कुल 24 भारतीय क्रू मेंबर सवार थे। इनमें से 21 भारतीयों को अब तक सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि 3 नाविक फिलहाल लापता बताए जा रहे हैं। ओमान में स्थित हमारा भारतीय दूतावास वहां के स्थानीय अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है और लापता भारतीयों को खोजने के लिए चलाए जा रहे 'सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन' की बारीकी से निगरानी कर रहा है।
विदेश मंत्रालय ने क्षेत्र में जारी संघर्ष पर चिंता जताते हुए कहा-"इस क्षेत्र में जहाजों पर लगातार हो रहे हमले बेहद चिंताजनक हैं और यह मिड-ईस्ट में चल रहे मौजूदा संघर्ष का सीधा नतीजा हैं। भारत एक बार फिर तनाव को तुरंत कम करनेऔर राजनयिक समाधान के लिए चल रही बातचीत को जल्द तार्किक अंजाम तक पहुंचाने की अपनी मांग दोहराता है, ताकि क्षेत्र में शांति और स्थिरता लौट सके। अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों में कमर्शियल जहाजों को निशाना बनाना तुरंत बंद होना चाहिए।"
अमेरिकी मिसाइल हमले की आशंका, इंजन रूम में लगी आग
न्यूज एजेंसी रॉयटर्स और ब्रिटिश मैरीटाइम रिस्क मैनेजमेंट ग्रुप 'वेंगार्ड' के अनुसार, शुरुआती रिपोर्टों से संकेत मिले हैं कि इस ऑयल प्रोडक्ट्स टैंकर (Settebello) पर कथित तौर पर अमेरिकी सेना द्वारा मिसाइल दागी गई, जिससे यह हादसा हुआ।ब्रिटेन की नौसेना की विंग 'यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस' (UKMTO) ने बताया कि उन्हें ओमान के सोहार (Sohar) बंदरगाह से लगभग 20 समुद्री मील (नॉटिकल माइल) उत्तर-पूर्व में इस घटना की रिपोर्ट मिली।
मिसाइल हिट होने के बाद जहाज के इंजन और स्टीयरिंग रूम में भीषण आग लग गई। UKMTO के मुताबिक, इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत की खबर है, जबकि दो अन्य क्रू मेंबर्स लापता हैं (हालांकि भारतीय विदेश मंत्रालय ने 3 भारतीयों के लापता होने की पुष्टि की है)। ओमान की नौसेना ने संकट के समय जहाज के डिस्ट्रेस कॉल का जवाब दिया और बचाव कार्य में मदद की।
अमेरिकी राजनयिक तलब, भारत ने दर्ज कराया कड़ा विरोध
तेल टैंकर 'सेटेबेलो' पर हुए हमले को लेकर भारत ने कड़ा रुख अपनाते हुए बुधवार को नई दिल्ली में अमेरिका के 'चार्ज डी अफेयर्स' जेसन मीक्स को तलब किया। विदेश मंत्रालय में एडिशनल सेक्रेटरी (अमेरिका) नागराज नायडू ने उनसे मुलाकात कर इस घटना पर भारत की गंभीर चिंता और विरोध दर्ज कराया।
भारत ने जहाज पर हुए हमले की निंदा करते हुए समुद्र में कार्यरत भारतीय नागरिकों और नाविकों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। साथ ही पश्चिम एशिया में बिगड़ती सुरक्षा स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए इस हमले को क्षेत्र में जारी व्यापक भू-राजनीतिक तनाव से जोड़कर देखा। हालांकि, इस मामले पर अब तक अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
एक दिन पहले भी हुआ था ऐसा ही हादसा
यह घटना ऐसे समय में हुई है जब ठीक एक दिन पहले (8 जून को) भारतीय कोस्ट गार्ड और ओमान के अधिकारियों ने मिलकर इसी इलाके में पलाऊ के झंडे वाले एक अन्य मर्चेंट टैंकर MT Marivex से 24 भारतीय चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बचाया था।
अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के मुताबिक, 'एमटी मारिवेक्स' अमेरिकी आर्थिक प्रतिबंधों का उल्लंघन करते हुए ईरान के बंदरगाह की तरफ बढ़ने की कोशिश कर रहा था। जब जहाज ने अमेरिकी नौसेना के निर्देशों का पालन नहीं किया, तो यूएस नेवी के F/A-18 सुपर हॉर्नेट फाइटर जेट से उस पर सटीक निशाना साधकर मिसाइल दागी गई थी, जिससे उसके इंजन रूम में आग लग गई थी। गनीमत रही कि उस घटना में सभी 24 भारतीय सुरक्षित बचा लिए गए थे।
खाड़ी देशों में क्यों बढ़ा है तनाव?
दरअसल, पिछले कुछ दिनों में खाड़ी देशों और ओमान की खाड़ी में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। अमेरिका ने ईरान समर्थित ठिकानों और अमेरिकी हेलीकॉप्टर को गिराए जाने के जवाब में इस क्षेत्र में हवाई हमले तेज कर दिए हैं।
वहीं, ईरान की ओर से भी खाड़ी देशों और अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों पर जवाबी मिसाइल हमले किए जा रहे हैं। इस भू-राजनीतिक तनाव के बीच से गुजरने वाले कमर्शियल जहाजों पर काम करने वाले भारतीय नाविकों की सुरक्षा को लेकर भारत सरकार बेहद गंभीर है।














Click it and Unblock the Notifications