'नेहरू, नेहरू हैं, PM Modi से तुलना पर भड़के शरद पवार, याद दिलाया Jawaharlal Nehru का योगदान
Sharad Pawar Defends Nehru: पीएम नरेंद्र मोदी के देश के प्रधानमंत्री के पद पर लगातार 12 साल पूरे होने के मौके पर बीजेपी और उसके सहयोगी दल प्रधानमंत्री की उपलब्धियों का जश्न मना रहे हैं। वहीं महाराष्ट्र में एनसीपी (एसपी) प्रमुख शरद पवार ने देश के पहले प्रधानमंत्री स्वर्गीय जवाहर लाल नेहरू की तुलना पीएम मोदी से किए जाने पर नाराजगी जताई है। उन्होंने नेहरू-गांधी परिवार का जोरदार बचाव किया।
पार्टी के 27वें स्थापना दिवस कार्यक्रम में बोलते हुए पवार ने कहा कि नेहरू का स्वतंत्रता संग्राम और देश निर्माण में योगदान इतना बड़ा है कि उनकी तुलना किसी भी मौजूदा नेता से नहीं की जा सकती।

'नेहरू की बराबरी कोई नहीं कर सकता'
शरद पवार ने कहा कि नेहरू ने महात्मा गांधी के नेतृत्व में आजादी की लड़ाई लड़ी और कई साल जेल में बिताए। उन्होंने कहा कि देश को यह कभी नहीं भूलना चाहिए कि भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू ने आधुनिक भारत की नींव रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। पवार ने स्पष्ठ शब्दों में कहा "नेहरू, नेहरू हैं और उनकी तुलना किसी अन्य नेता से नहीं की जा सकती।"
मोदी के सबसे लंबे कार्यकाल पर क्या बोले शरद पवार?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देश के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले प्रधानमंत्री बनने के संदर्भ में पवार ने कहा कि एक माहौल बनाया जा रहा है कि मोदी जैसा कोई दूसरा नेता नहीं है। हालांकि उन्होंने प्रधानमंत्री पद का सम्मान करने की बात कही, लेकिन साथ ही यह भी कहा कि नेहरू के योगदान और त्याग को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
बीजेपी नेता के बयान पर साधा निशाना
पवार ने महाराष्ट्र सरकार के मंत्री गिरीश महाजन के उस बयान की भी आलोचना की, जिसमें उन्होंने Operation Blue Star को "काला दिन" बताया था। पवार ने कहा कि ऐसे बयान स्वीकार्य नहीं हैं और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के बलिदान को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
इंदिरा गांधी के साहस का सुनाया किस्सा
अपने भाषण में पवार ने इंदिरा गांधी का एक पुराना किस्सा भी सुनाया। उन्होंने बताया कि मॉस्को दौरे के दौरान जब सोवियत नेताओं ने प्रोटोकॉल के मुताबिक उनका स्वागत नहीं किया, तो इंदिरा गांधी ने तुरंत मुलाकात करने के बजाय भारतीय राजदूत के आवास पर जाना उचित समझा। पवार के अनुसार, इंदिरा गांधी का मानना था कि वह सिर्फ एक नेता नहीं, बल्कि करोड़ों भारतीयों का प्रतिनिधित्व कर रही हैं और देश के सम्मान से कोई समझौता नहीं किया जा सकता।
राजीव गांधी और इंदिरा गांधी के बलिदान का जिक्र
शरद पवार ने कहा कि नेहरू-गांधी परिवार ने देश के लिए बड़े बलिदान दिए हैं। उन्होंने याद दिलाया कि Indira Gandhi और Rajiv Gandhi दोनों ने देश की सेवा करते हुए अपनी जान गंवाई थी। इसलिए इस परिवार के योगदान को कम करके नहीं आंका जा सकता।
सरकार पर उठाए मौजूदा मुद्दे
इतिहास और राजनीति की चर्चा के साथ-साथ पवार ने वर्तमान सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि किसान, शिक्षित बेरोजगार युवा और महिलाएं कई समस्याओं से जूझ रहे हैं, लेकिन सत्ता में बैठे लोग इन मुद्दों से दूर नजर आते हैं। उन्होंने भारत की विदेश नीति को भी अपेक्षाओं के अनुरूप नहीं बताया।
NCP स्थापना दिवस पर प्रतिद्वंद्वियों पर तंज
कार्यक्रम के दौरान पवार ने अपनी पार्टी में हुए विभाजन और प्रतिद्वंद्वी गुट पर भी अप्रत्यक्ष हमला बोला। उन्होंने कहा कि पहली बार पार्टी के नाम से बड़े-बड़े अखबारों में विज्ञापन छपे हैं और सभी जानते हैं कि ऐसे विज्ञापनों पर कितना खर्च आता है। इसे राजनीतिक गलियारों में अजित पवार गुट पर तंज के रूप में देखा जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications