अगर आईपीएल नीलामी में जाते रवि शास्त्री तो कितना मिलता पैसा, खुद किया रकम का खुलासा
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग की शुरुआत के साथ ही यह टूर्नामेंट फैन्स के बीच काफी मशहूर हुआ और जल्द ही दुनिया भर में अपनी एक अलग पहचान बना ली है। आईपीएल न सिर्फ दुनिया की सबसे मशहूर फ्रैंचाइजी टी20 लीग है बल्कि सबसे अमीर लीग भी है, जिसकी नीलामी फैन्स के बीच काफी मशहूर है। हर साल फैन्स को आईपीएल ऑक्शन में कई बेहतरीन नीलामी देखने को मिलती है, जहां पर कई खिलाड़ियों पर पैसों की बरसात होती नजर आती है तो वहीं पर कई खिलाड़ियों के लिये टीमें अपनी तिजोरी खोल देती है।

इसकी वजह से हमें ऑक्शन के दौरान कई बार खिलाड़ी 15 करोड़ से ज्यादा की रकम पर बिकते नजर आते हैं। इसे देखते हुए फैन्स कई बार सोचते हैं कि अगर आईपीएल का आगाज पुराने खिलाड़ियों के जमाने में हुआ होता तो उस समय के दिग्गज खिलाड़ियों के पीछे टीमें कितना खर्च करती हुई नजर आती।
और पढ़ें: GT vs LSG: IPL के डेब्यू मैच में गुजरात टाइटंस ने जीता टॉस, जानें कैसी है दोनों की प्लेइंग 11

80 के दशक के सबसे बेस्ट ऑलराउंडर थे रवि शास्त्री
भले ही इस सवाल का जवाब कभी भी हमें नहीं मिल पाये लेकिन भारतीय क्रिकेट के पूर्व हेड कोच और दिग्गज ऑलराउंडर रवि शास्त्री ने अपने हिसाब से इस सवाल का जवाब दिया है। रवि शास्त्री ने बताया है कि अगर वो आईपीएल के मेगा ऑक्शन बनते तो उन्हें कितने पैसे में खरीदा जा सकता था।
रवि शास्त्री ने 80 के दशक में भारतीय टीम के लिये अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट खेला था और अपने ऑलराउंड करियर के 11 सालों में 80 टेस्ट खेलकर 3830 रन और 151 विकेट हासिल किये। वहीं 1983 विश्वकप विजेता टीम का हिस्सा रहे रवि शास्त्री ने वनडे क्रिकेट में भी 3108 रन बनाने के साथ 129 विकेट भी हासिल किये। इतना ही नहीं रणजी ट्रॉफी के एक मैच के दौरान एक ही ओवर में 6 छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी रवि शास्त्री के नाम रहा है। ऐसे में उन्हें 80 के दशक का सबसे बेहतरीन ऑलराउंडर कहना गलत नहीं होगा।

रवि शास्त्री ने बताया अपना दाम
इसी को देखते हुए जब ईएसपीएन क्रिकइंफो को दिये गये एक इंटरव्यू में रवि शास्त्री से पूछा गया कि अगर आईपीएल ऑक्शन में उनका नाम जाता तो उन्हें क्या लगता है कि वो कितनी रकम में बिक सकते थे। रवि शास्त्री ने इस सवाल पर थोड़ा झिझकते हुए जवाब दिया और कहा कि उन्हें आसानी से 15 करोड़ के ब्रैकेट में जगह मिल जाती और आईपीएल की किसी टीम की कप्तानी करते हुए भी नजर आते।
उन्होंने कहा,'इसमें ज्यादा दिमाग लगाने की जरूरत नहीं है, मुझे लगता है कि मुझे आसानी से 15 करोड़ रुपये का ब्रैकेट मिलता और आईपीएल की किसी टीम की कप्तानी का जिम्मा भी मुझ पर होता। इसमें कोई दो राय नहीं है।'

इनके नाम है सबसे महंगे खिलाड़ी का रिकॉर्ड
गौरतलब है कि रवि शास्त्री अपने समय में जिस तरह के खिलाड़ी थे उसे देखते हुए यह कहना गलत नहीं होगा कि उन पर लगने वाली रकम रिकॉर्ड बुक्स में अपना नाम जरूर दर्ज कराती। आईपीएल के इतिहास में सबसे महंगे भारतीय खिलाड़ी का रिकॉर्ड युवराज सिंह के नाम है जिन्हें खरीदने के लिये दिल्ली की टीम ने 16 करोड़ रुपये खर्च किये थे। वहीं इस साल 15.25 करोड़ में बिकने वाले ईशान किशन इस लिस्ट में दूसरे पायदान पर काबिज हो गये हैं। ओवरऑल सबसे महंगा बिकने वाले खिलाड़ी की बात करें तो क्रिस मॉरिस का नाम सबसे ऊपर हैं जिन्हें राजस्थान ने 16.25 करोड़ रुपये में खरीदा था तो वहीं पर पैट कमिंस को केकेआर ने 15.5 करोड़ रुपये में खरीदा था।












Click it and Unblock the Notifications