निखिल चोपड़ा ने कहा- वो धोनी के बाद CSK का कप्तान होगा, तभी मिली है उसे मोटी रकम
नई दिल्ली, 22 मार्च: डिफेंडिंग चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स की टीम आईपीएल 2022 के लिए पूरी तरह से तैयार है। टीम का पहला मुकाबला शनिवार को मुंबई में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ होगा। चेन्नई सुपर किंग्स अपने 13वें सीजन दिग्गज विकेटकीपर बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी की अगुवाई के तहत खेलने उतरेगी। धोनी 2 साल पहले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं और वे एक ऐसे बंदे हैं जिनके बारे में आप कोई भविष्यवाणी नहीं कर सकते। ऐसे में माना जा रहा है कि शायद ये उनका आखिरी आईपीएल हो लेकिन यह कोई नहीं जानता कि भविष्य में क्या छुपा है।

एक योग्य उम्मीदवार की तलाश
धोनी इस साल अपने संन्यास की घोषणा ना करें लेकिन उनकी उम्र को देखते हुए वह अगले साल तक या उससे पहले भी आईपीएल को अलविदा कह सकते हैं। इस केस में आईपीएल की सबसे फेवरेट फ्रेंचाइजी में से एक चेन्नई सुपर किंग्स के सामने धोनी की विरासत को संभालने के लिए एक योग्य उम्मीदवार की तलाश होगी। इस बीच भारत के पूर्व ऑफ स्पिनर निखिल चोपड़ा ने एक नाम का सुझाव दिया है जो धोनी के करियर के समाप्ति के बाद चेन्नई सुपर किंग्स को आगे बढ़ा सकता है और वह खिलाड़ी है रविंद्र जडेजा जो भारत के ऑलराउंडर हैं।

पूर्व स्पिनर ने सुझाया रविंद्र जडेजा का नाम-
जडेजा काफी समय से चेन्नई सुपर किंग्स के कैंप के हिस्से रहे हैं। वे सभी विभागों में काम कर सकते हैं चाहे वह गेंदबाजी, हो बल्लेबाजी या फील्डिंग, उन्होंने हमेशा अपने बहुआयामी हुनर से टीम को जिताने में अहम रोल निभाया है। इसी वजह से चेन्नई सुपर किंग्स ने मेगा नीलामी से पहले जडेजा को रिटेन कर लिया था और वह भी महेंद्र सिंह धोनी से ज्यादा रकम पर। चोपड़ा ने यूट्यूब पॉडकास्ट पर बात करते हुए कहा, "निश्चित तौर पर जडेजा चेन्नई सुपर किंग्स के अगले कप्तान का विकल्प हो सकते हैं। जिस तरह से वे क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में परफॉर्मेंस दे रहे हैं और T20 में 4 ओवर गेंदबाजी करते हैं, निचले क्रम पर बल्लेबाजी करने के लिए आते हैं उनका करियर काफी अच्छे तरीके से आगे बढ़ा है, तो ऐसे में हो सकता है कि सीएसके ने जडेजा को मोटी रकम तभी दी हो, अगर धोनी अगले साल नहीं खेलते हैं तो वे अगले कप्तान हो सकते हैं।

संन्यास हमेशा एक कठिन निर्णय होता है
चोपड़ा ने आगे धोनी के 2020 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के फैसले के कारणों के बारे में बताया।
उन्होंने कहा, "संन्यास हमेशा एक कठिन निर्णय होता है क्योंकि किसी को यह समझना होगा कि वह अपने देश के लिए कितना योगदान दे सकता है। ऋषभ पंत के उभार के बाद, धोनी ने महसूस किया होगा कि ऐसे खिलाड़ी भी हैं जो उनसे बेहतर योगदान दे सकते हैं और इसलिए उन्होंने सिर्फ आईपीएल खेलने और युवाओं को भारत के लिए खेलने का मौका देने का फैसला किया। "












Click it and Unblock the Notifications