मार्च के आखिरी हफ्ते से होगा IPL 2022 का आगाज, BCCI सचिव जय शाह ने शेड्यूल पर किया बड़ा ऐलान

नई दिल्ली। दुनिया की सबसे मशहूर टी20 क्रिकेट लीग आईपीएल के 15वें सीजन को लेकर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने शनिवार (22 जनवरी) को फ्रैंचाइजी मालिकों के साथ वर्चुअल मीटिंग की, जिसमें आयोजन को लेकर कई अहम फैसले भी लिये गये। ऐसे में मीटिंग के बाद कई बड़ी खबरों का सामने आना लाजमी है। ऐसे ही एक फैसले की जानकारी बीसीसीआई के सचिव जय शाह ने बैठक के बाद दी और फैन्स को बताया कि आईपीएल 2022 का आयोजन भारत में किया जायेगा। जय शाह ने न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए साफ किया कि इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन का आगाज मार्च 2022 के आखिरी हफ्ते में किया जायेगा और यह टूर्नामेंट मई के आखिरी हफ्ते तक खेला जायेगा, हालांकि शेड्यूल को लेकर अभी तक सिर्फ खाका तैयार किया गया है, पूरी लिस्ट नीलामी के बाद फैन्स के साथ शेयर कर दी जायेगी।
उल्लेखनीय है कि आईपीएल 2022 में फैन्स को पहले से ज्यादा बड़ा और रोमांचक टूर्नामेंट देखने को मिलने वाला है क्योंकि इस बार बीसीसीआई की ओर से आयोजित की जाने वाली इस टी20 लीग में 8 के बजाय 10 टीमें हिस्सा लेंगी। आईपीएल में दो नई टीमों के जुड़ने का मतलब है कि टूर्नामेंट में न सिर्फ ज्यादा खिलाड़ी खेलते हुए अपनी प्रतिभा दिखायेंगे बल्कि फैन्स को ज्यादा रोमांचक मैच भी देखने को मिलेंगे।
और पढ़ें: IPL 2022: साउथ अफ्रीका-श्रीलंका नहीं भारत में ही खेला जायेगा 15वां सीजन, BCCI ने लिया बड़ा फैसला
जाहिर सी बात है कि दो नई टीमों के जुड़ने से टूर्नामेंट में खेले जाने वाले मैचों की संख्या में बढ़ोतरी हो जायेगी और जहां पहले करीब 60 मैचों का आयोजन किया जाता था वहीं पर अब करीब 98 मैच खेले जायेंगे। बीसीसीआई सचिव जय शाह ने इसी मुद्दे पर रोशनी डालते हुए कहा है कि आईपीएल 2022 का आगाज मार्च के आखिरी हफ्ते से होगा जबकि इसका फाइनल मैच मई के आखिरी हफ्ते में किया जायेगा, इस बीच टूर्नामेंट के सभी मैच भारत में ही खेले जायेंगे।
Recommended Video
जय शाह ने साफ किया कि बैठक के दौरान बोर्ड टीम मालिकों से टूर्नामेंट को देश के बाहर (श्रीलंका और साउथ अफ्रीका) शिफ्ट करने पर बात करना चाह रहा था, जिसको लेकर ज्यादातर टीम के मालिकों ने इसे घरेलू सरजमीं पर ही आयोजित कराने पर सहमति जताई है। ऐसे में यह टूर्नामेंट भारत में ही आयोजित किया जायेगा। हालांकि न्यूज एजेंसी एएनआई की एक दूसरी रिपोर्ट के अनुसार बीसीसीआई इस टूर्नामेंट को भारत के अलग-अलग शहरों में आयोजित करने के बजाय मुंबई के वानखेड़े और डीवाई पाटिल स्टेडियम और पुणे स्टेडियम तक ही सीमित रखना चाहता है।
और पढ़ें: IPL 2022 के मेगा ऑक्शन में क्यों नहीं उतरे इंग्लैंड के दिग्गज खिलाड़ी, क्या BCCI से डर गया है ECB
आपको बता दें कि बीसीसीआई पिछले सीजन वाली गलती दोहराना नहीं चाहती है, जिसकी वजह से उसे बीच में ही टूर्नामेंट को रोकना पड़ा था। इसी को देखते हुए बोर्ड इंडियन सुपर लीग की तर्ज पर आईपीएल को एक से दो शहर के मैदानों पर सीमित कर पूरा टूर्नामेंट बिना दर्शकों के आयोजित कराने की ओर देख रहा है। बोर्ड ने इस बैठक में बिना दर्शकों के पुणे और मुंबई की मेजबानी में आईपीएल 2022 आयोजित कराने के फैसले को हरी झंडी दे दी है।












Click it and Unblock the Notifications