IPL 2022: साउथ अफ्रीका-श्रीलंका नहीं भारत में ही खेला जायेगा 15वां सीजन, BCCI ने लिया बड़ा फैसला

नई दिल्ली। दुनिया की सबसे मशहूर क्रिकेट टी20 लीग आईपीएल के 15वें सीजन की मेजबानी को लेकर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने शनिवार को फ्रैंचाइजी मालिकों के साथ बैठक की और आईपीएल 2022 के आयोजन को लेकर बड़ा फैसला लिया है। आईपीएल 2022 में इस साल 8 के बजाय 10 टीमें हिस्सा लेती नजर आयेंगी जिसकी वजह से फैन्स को ज्यादा बड़ा और बेहतर टूर्नामेंट देखने को मिलेगा। इसी का ध्यान रखते हुए बीसीसीआई इस सीजन किसी भी तरह की रुकावट नहीं चाहता है। आईपीएल 2021 में जब बीसीसीआई ने इस टूर्नामेंट का आयोजन किया था तो कोरोना महामारी की वजह से टूर्नामेंट को बीच में ही रोकना पड़ा था और बचे हुए लेग के लिये विंडो ढूंढकर टूर्नामेंट को यूएई शिफ्ट करना पड़ा था।
और पढ़ें: IPL 2022 के मेगा ऑक्शन से पहले लखनऊ-अहमदाबाद से जुड़े यह खिलाड़ी, हार्दिक-राहुल बने कप्तान
हालांकि इसके चलते भारतीय खिलाड़ियों का शेड्यूल काफी बिजी हो गया था और टी20 विश्वकप में विराट सेना उम्मीद के अनुसार प्रदर्शन नहीं कर सकी थी। ऐसे में बीसीसीआई यह गलती दोहराना नहीं चाहेगी, जिसकी वजह से बीसीसीआई ने आईपीएल 2022 के मेजबानी स्थल पर फैसला लेने के लिये फ्रैंचाइजी मालिकों के साथ आज बैठक की।
और पढ़ें: IND vs SA: 2022 में जीत को तरसी भारतीय टीम, टेस्ट के बाद वनडे सीरीज भी जीता साउथ अफ्रीका

ISL की तर्ज पर भारत में ही आयोजित होगा आईपीएल
बैठक से पहले बीसीसीआई टूर्नामेंट को भारत के बजाय श्रीलंका और साउथ अफ्रीका में आयोजित करने पर विचार कर रही थी, हालांकि बैठक में बीसीसीआई ने मालिकों के साथ चर्चा करने के बाद इस मेगा इवेंट को भारत में ही आयोजित कराने का फैसला किया है। न्यूज एजेंसी एएनआई के अनुसार बीसीसीआई ने इस वर्चुअल मीटिंग में आईपीएल को भारत में ही बिना दर्शकों के आयोजित कराने का फैसला किया है। हालांकि इसके लिये वह भारतीय फुटबॉल की सबसे बड़ी लीग आईएसएल के फॉर्मूले को अपनाता नजर आयेगा, जहां पर कोरोना वायरस के आने के बाद से पिछले दो सीजन एक ही राज्य के अंदर आयोजित कराये जा रहे हैं।

जानें कहां खेले जायेंगे IPL 2022 के सभी मैच
आईएसएल 2020-21 और 2021-22 के सीजन का आयोजन गोवा के स्टेडियम में दर्शकों की गैरमौजूदगी में खेले जा रहे हैं, जिसकी वजह से कोरोना वायरस का खतरा भी कम है और पूरा टूर्नामेंट बिना किसी परेशानी के सफलतापूर्वक आयोजित हो जा रहा है। बीसीसीआई ने इसी फॉर्मूले को अपनाते हुए 10 टीमों वाले आईपीएल 2022 को आयोजित कराने का फैसला किया है जिसकी मेजबानी मुंबई और पुणे में की जायेगी। न्यूजी एजेंसी एएनआई के अनुसार बीसीसीआई सूत्र ने इस बात की पुष्टि की है बोर्ड ने भारत में आयोजित होने वाले इस टूर्नामेंट का आयोजन मुंबई के वानखेड़े और डीवाई पाटिल स्टेडियम में किया जायेगा और जरूरत पड़ने पर पुणे को भी इसमें सम्मिलित किया जा सकता है। इस दौरान स्टेडियम में कोई दर्शक नहीं मौजूद होंगे।

मेगा ऑक्शन की तैयारियां शुरू, बंद हुआ रजिस्ट्रेशन
गौरतलब है कि आईपीएल 2022 की मेगा नीलामी के लिये खिलाड़ियों का रजिस्ट्रेशन 20 जनवरी को खत्म हुआ है जिसमें कुल 1,214 खिलाड़ियों (896 भारतीय और 318 विदेशी) ने हिस्सा बनने की इच्छा जतायी है। बेंगलुरू में दो दिनों तक चलने वाली इस मेगा नीलामी में 10 टीमें दुनिया के सबसे बेहतरीन क्रिकेटर्स पर बोली लगाती नजर आयेंगी।
आपको बता दें कि नीलामी के लिये रजिस्ट्रेशन कराने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में 270 कैप्ड, 903 अनकैप्ड और 41 एसोसिएट खिलाड़ी शामिल हैं, जिसमें 61 कैप्ड भारतीय खिलाड़ी, 209 कैप्ड इंटरनेशनल खिलाड़ी, एसोसिएट देशों के 41 खिलाड़ी, 143 अनकैप्ड भारतीय जो पिछले आईपीएल सीजन का हिस्सा थे, 6 अनकैप्ड इंटरनेशनल खिलाड़ी जो पिछले आईपीएल सीजन का हिस्सा थे, 692 अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ी, और 62 अनकैप्ड इंटरनेशनल खिलाड़ी शामिल हैं। आपको बता दें कि आईपीएल की नीलामी 12 और 13 फरवरी को बेंगलुरु में होनी है।












Click it and Unblock the Notifications