IND vs WI: जानें क्यों वनडे सीरीज का पहला मैच नहीं खेलेंगे केएल राहुल, सामने आयी बड़ी वजह

नई दिल्ली। भारत की क्रिकेट टीम अपने घरेलू सेशन का आगाज वेस्टइंडीज के खिलाफ अहमदाबाद में खेले जानी वाली 3 मैचों की वनडे सीरीज के साथ करने जा रहा, जिसके बाद उसे वेस्टइंडीज के खिलाफ कोलकाता के ईडन गार्डन्स में 3 मैचों की टी20 सीरीज भी खेलनी है। 6 फरवरी से शुरू होने वाली इस 3 मैचों की वेस्टइंडीज सीरीज के लिये चयनकर्ताओं ने पिछले महीने ही 18 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया था, जिसमें साफ किया था कि टीम के उपकप्तान केएल राहुल सीरीज के दूसरे वनडे मैच से ही टीम के लिये उपलब्ध हो सकेंगे। चयनकर्ताओं के इस फैसले को लेकर ज्यादातर फैन्स और दिग्गजों का मानना था कि यह फैसला उन्हें आराम करने और उनका वर्कलोड मैनेज करने के लिये किया गया है।
हालांकि बुधवार को अहमदाबाद पहुंची भारतीय टीम के खेमे में 3 खिलाड़ियों समेत 8 सदस्यों के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद हड़कंप मच गया है। ऐसे में माना जा रहा था कि केएल राहुल को वेस्टइंडीज के खिलाफ खेले जाने वाले पहले मैच के लिये ही बुलाया जा सकता है, लेकिन अब साफ हो गया है कि केएल राहुल दूसरे वनडे मैच से ही टीम के साथ जुड़ सकेंगे।

तो इस वजह से पहला वनडे नहीं खेल पायेंगे केएल राहुल
खिलाड़ियों के कोरोना संक्रमित होने के बावजूद केएल राहुल का टीम से न जुड़ पाना थोड़ा हैरान करने वाला है, हालांकि इसके पीछे बेहद जायज कारण हैं। रिपोर्ट के अनुसार भारतीय टीम के उपकप्तान केएल राहुल अपनी बहन की शादी की वजह से पहले वनडे में शामिल नहीं हो सकेंगे। ईएसपीएन क्रिकइंफो की रिपोर्ट के अनुसार 29 वर्षीय केएल राहुल की बहन की शादी की तारीख किसी को नहीं पता है लेकिन यह भारतीय खिलाड़ी दूसरे मैच में चयन के लिये उपलब्ध रहने वाला है।
अहमदाबाद में बने बायोबबल में प्रवेश करने से पहले सभी खिलाड़ियों को 3 दिन का अनिवार्य क्वारंटीन बिताना जरूरी है, तो ऐसे में केएल राहुल को यहां पर 5 या 6 फरवरी तक पहुंचना जरूरी है ताकि 9 फरवरी को खेले जाने वाले दूसरे वनडे से पहले वो अपना क्वारंटीन पूरा कर टीम के साथ जुड़ सकें।

भारतीय खेमे में हुआ कोरोना विस्फोट
गौरतलब है कि भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज शिखर धवन, ऋतुराज गायकवाड़ और श्रेयस अय्यर बुधवार को कराये गये कोरोना वायरस की टेस्ट रिपोर्ट में पॉजिटिव पाये गये हैं, जिसकी वजह से भारतीय टीम को झटका लगा है। धवन और गायकवाड़ दोनों को इस सीरीज के लिये बतौर ओपनर शामिल किया गया था लेकिन दोनों के कोरोना संक्रमित होने के बाद भारतीय टीम को रोहित के साथ पहले वनडे मैच के लिये जोड़ी दार की जरूरत है। इन खिलाड़ियों के कोरोना संक्रमित पाये जाने के बाद अब भारतीय टीम में रोहित शर्मा, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत और हरफनमौला खिलाड़ी दीपक हुड्डा ही बतौर बल्लेबाज बचे हैं।

भारतीय टीम से जुड़े मयंक अग्रवाल
आपको बता दें कि बीसीसीआई ने इस बीच पहले वनडे मैच में सलामी बल्लेबाज की कमी को दूर करने के लिये मयंक अग्रवाल को टीम में जोड़ दिया है, जो कि 4 फरवरी तक अहमदाबाद पहुंच कर टीम के साथ जुड़ सकते हैं। ऐसे में यह उम्मीद की जा सकती है कि जिस तरह से भारतीय बल्लेबाजों की कमी से टीम जूझ रही है मयंक अग्रवाल वनडे सीरीज के पहले मैच में रोहित शर्मा के साथ पारी का आगाज कर सकते हैं। वहीं पर वाशिंगटन सुंदर के साथ दीपक हुड्डा को भी डेब्यू का मौका दिया जा सकता है जो कि अपनी ऑफ स्पिन गेंदबाजी के साथ 7वें नंबर पर जबरदस्त बल्लेबाज भी कर सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications