हार्दिक पांड्या ने गिनाई धोनी, कोहली, रोहित की कप्तानी की अहम बात, बताया किन 3 बातों को चाहेंगे अपनाना

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के हरफनमौला खिलाड़ी हार्दिक पांड्या के लिये आईपीएल के 15वें सीजन में मुंबई इंडियंस की ओर से रिटेन नहीं किया जाना बुरे समय में किसी आशीर्वाद से कम साबित नहीं हुआ है। आईपीएल 2022 में इस साल पहली बार हिस्सा ले रही अहमदाबाद की नई टीम ने हार्दिक पांड्या को अपने कप्तान के रूप में चुना है। हार्दिक पांड्या के करियर की बात करें तो 2019 विश्वकप के बाद वो लगातार संघर्ष करते नजर आ रहे थे, पहले उनकी पीठ की चोट के चलते सर्जरी की वजह से उन्हें लंबे समय तक खेल से दूर रहना पड़ा, जिसके बाद उन्होंने जब वापसी की तो गेंदबाजी करने में नाकाम रहे और बल्लेबाजी में भी उनके बल्ले से रन नहीं निकल पा रहे थे।
और पढ़ें: IPL 2022: बेहद सस्ते हैं ये 5 भारतीय विकेटकीपर, पर मेगा ऑक्शन में हो सकती हैं पैसों की बरसात
आईपीएल के पिछले 2 सीजन में हार्दिक पांड्या न तो बल्ले से रन बना सकें और न ही गेंदबाजी करते नजर आये। चयनकर्ताओं ने हार्दिक पांड्या को टी20 विश्वकप में खेलने का मौका तो दिया लेकिन वहां पर भी हार्दिक अपना रंग नहीं जमा सके, जिसकी वजह से भारत को शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा और हार्दिक पांड्या टीम से बाहर हो गये।
और पढ़ें: IPL 2022 के पूरे सीजन में खेल नहीं पायेंगे ये 71 खिलाड़ी, जानें क्या है मामला

इन 3 कप्तानों को अपना आदर्श मानते हैं हार्दिक पांड्या
इस दौरान हार्दिक पांड्या की फिटनेस को भी लेकर लगातार सवाल उठ रहे थे, जिसके बाद जब मुंबई की टीम ने उन्हें रिलीज कर दिया था तो यही माना जा रहा था कि हार्दिक पांड्या का आईपीएल में करियर लगभग ओवर हो गया है, हालांकि अहमदाबाद की टीम ने न सिर्फ इस खिलाड़ी को अपने खेमे से जोड़ा बल्कि 15 करोड़ की रकम देकर अपनी टीम का कप्तान भी बनाया। कप्तान के रूप में यह हार्दिक पांड्या का डेब्यू सीजन होने वाला है जहां पर उनके पास न सिर्फ अपनी टीम की कमान संभालने का मौका होगा बल्कि टी20 विश्वकप में भारत के लिये वापसी करने का मौका भी होगा।
टीम की कप्तानी संभालने और नई जिम्मेदारी मिलने पर जब हार्दिक पांड्या से उनके आदर्श खिलाड़ियों के बारे में पूछा गया तो उन्होंने भारतीय क्रिकेट के पूर्व कप्तान एमएस धोनी, विराट कोहली और रोहित शर्मा का नाम लिया और बताया कि उन्होंने उनकी कप्तानी से कौन सी 3 बातें सीखी हैं। उल्लेखनीय है कि भारतीय क्रिकेट के लिये रोहित शर्मा, विराट कोहली और महेंद्र सिंह धोनी ने कप्तानी के मामले में कई नये कीर्तिमान रचे हैं, और अपनी नेतृत्व क्षमता का लोहा मनवाया है।

इन 3 बातों को कप्तानी में चाहेंगे अपनाना
जहां धोनी और रोहित आईपीएल के सबसे सफल कप्तान माने जाते हैं तो वहीं पर विराट कोहली मैदान पर अपने जोश भरी आक्रामक कप्तानी के लिये जाने जाते हैं। रोहित शर्मा की कप्तानी में मुंबई इंडियंस की टीम ने 5 खिताब जीते हैं तो वहीं पर धोनी की कप्तानी में सीएसके ने 4 खिताब अपने नाम किये हैं।
अहमदाबाद की फ्रैंचाइजी की ओर से शेयर किये गये वीडियो में हार्दिक ने कहा,'विराट से मैं खेल के प्रति आक्रामकता और जुनुन, उनकी ऊर्जा को लेना चाहूंगा जो कि काफी शानदार है। माही भाई से मैं उनका शांत और दबाव की परिस्थिति में खुद को संभालने का स्वाभाव लेना चाहूंगा तो वहीं पर हम क्या नया जोड़ सकते हैं यह सीखना चाहूंगा। और रोहित से मैं खिलाड़ियों को उनकी आजादी देना सीखना चाहूंगा। मैं अपनी कप्तानी में यह 3 चीजें लेकर आना चाहूंगा और अगर मैं यह कर पाया तो यह काफी शानदार होगा।'

क्या कोहली की कप्तानी के उत्तराधिकारी बनेंगे पांड्या
उल्लेखनीय है कि विराट कोहली के कप्तानी छोड़ने के बाद से उनके उत्तराधिकारी को लेकर कई सारे नाम दिये जा रहे हैं, हालांकि हार्दिक अपने करियर में एक समय पर एक ही कदम उठाना चाहते हैं। पीठ की सर्जरी के बाद से हार्दिक पांड्या अपनी लय में नजर नहीं आ पाये हैं। वह आखिरी बार टी20 विश्वकप में खेलते हुए नजर आये थे, जहां पर उन्होंने मजबूरी में 4 ओवर्स की गेंदबाजी की थी लेकिन उससे ज्यादा फायदा नहीं हुआ था।
उन्होंने कहा,'यह काफी शानदार है, आईपीएल मुझे खुद को टेस्ट करने के लिये शानदार मंच दे रहा है, जहां पर मैं खुद को टेस्ट कर सकता हूं।वहां पर दबाव काफी ज्यादा था। मैं यह नहीं कह रहा कि हम जीत जायेंगे या सबकुछ जीतने की बात ही है। लेकिन यह सही दिशा में आगे बढ़ने की ओर कदम बढ़ाने जैसा है। ऐसे में आप यह नहीं सोच सकते हैं कि आपको देश की कप्तानी भी मिल जायेगी, अगर उसे मिलना होगा तो वो आ ही जायेगा।'












Click it and Unblock the Notifications