U19 World Cup के सुपर स्टेज में पहुंच गई भारतीय टीम, आयरलैंड को 174 रनों से रौंदा

नई दिल्ली। वेस्टइंडीज की मेजबानी में खेले जा रहे अंडर 19 विश्वकप 2022 में हिस्सा लेने पहुंची भारतीय टीम ने टूर्नामेंट के सुपर स्टेज के लिये क्वालिफाई कर लिया है। भारत ने इस टूर्नामेंट में यश धुल की कप्तानी में साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेले गये पहले मैच में जीत के साथ आगाज किया जिसका बाद बुधवार को उसे आयरलैंड के खिलाफ दूसरे मैच में खेलने उतरना पड़ा। हालांकि भारतीय टीम के लिये मुश्किलें उस वक्त खड़ी हो गईं जब उसकी टीम के 6 खिलाड़ी कोरोना वायरस की चपेट में आ गये और आयरलैंड के खिलाफ इस मैच में नहीं खेल सके। कोरोना संक्रमित होने वाले खिलाड़ियों में कप्तान यश ढुल और उपकप्तान एसके राशिद का नाम भी शामिल रहा, जिससे चीजें काफी मुश्किल नजर आ रही थी।
हालांकि निशांत सिंधु की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने न सिर्फ इस मैच में शानदार प्रदर्शन किया बल्कि एकतरफा अंदाज में रौंदते हुए आयरलैंड के खिलाफ 174 रनों की बड़ी जीत हासिल करते हुए सुपर स्टेज के लिये क्वालिफाई कर लिया है। त्रिनिदाद और टोबैगो में स्थि ब्रायन लारा स्टेडियम में खेले गये ग्रुप बी के इस मैच में भारतीय टीम के लिये हरनूर सिंह और अगरिक्ष सिंह ने बल्ले से शानदार प्रदर्शन किया और गेंदबाजों की मदद से टीम ने एकतरफा जीत हासिल की।
अंडर 19 विश्वकप में 4 बार खिताब जीतने वाली भारतीय टीम ने इस संस्करण के पहले दोनों मैचों में जीत हासिल कर के सुपर स्टेज में क्वालिफाई कर लिया है और टॉप पर रहते हुए खत्म करने के लिये उसे शनिवार को युगांडा की टीम से भिड़ना है। भारतीय टीम ने अपने प्रमुख खिलाड़ियों की गैरमौजूदगी में भी शानदार बल्लेबाजी की और निर्धारित 50 ओवर्स में 5 विकेट खोकर 308 रन बना डाले। भारत के लिये अंगरिक्ष सिंह (79) और हरनूर सिंह (88) ने अर्धशतकीय पारियां खेलीं तो वहीं पर राज बावा (42), निशांत सिंधु (36) और राज्यवर्धन हांगरेकर (39) की विस्फोटक पारियों के दम पर भारतीय टीम 300 रन के आंकड़े को पार करने में कामयाब रही।
जवाब में आयरलैंड की टीम ने बेहद खराब शुरुआत करते हुए महज 17 रन पर 3 विकेट खो दिये। रवि कुमार ने लियाम डोहार्थी (7) का विकेट चटकाया तो वहीं पर राज्यवर्धन हांगरेकर ने जैक डिकसन (0) को वापस पवेलियन भेजा। डेविड विंसेट राज बावा के थ्रो पर रन आउट होकर वापस पवेलियन लौटे। मुश्किल में नजर आ रही आयरलैंड के लिये जोशुआ कॉक्स (28), स्कॉट मैक्बेथ (32), मैथ्यू हम्फ्रीस (16), टिम टेक्टर (15) और नाथन मैक्गवॉयर (14) ही दहांई के आंकड़े को पार कर सके, जबकि आयरिश टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही।
और पढ़ें: अब तक सफल नहीं हुई है केएल राहुल की कप्तानी, गंभीर ने गिनाई पहले मैच की खामियां
भारतीय गेंदबाजों के सामने आयरिश बल्लेबाज टिक नहीं सके और 19 ओवर्स में 133 रन बनाकर ऑल आउट हो गये। भारत ने 174 रनों से इस मैच को जीत लिया है और बेहतर रन रेट और दो जीत के चलते वह ग्रुप बी में सबसे ऊपर पहुंच गया है। भारत ने सुपर ग्रुप स्टेज के लिये क्वालिफाई कर लिया है लेकिन ग्रुप डिसाइड करने के लिये उसे युगांडा के खिलाफ खेले जाने वाले तीसरे मैच में भी जीत हासिल करनी होगी।












Click it and Unblock the Notifications