'जब पार्थिव पटेल को देख समझ बैठे थे किंडरगार्डन का लड़का', सीएसके के दिग्गज ने सुनाई पहली मुलाकात की कहानी
नई दिल्ली। दुनिया की सबसे मशहूर फ्रैंचाइजी आधारित टी20 लीग आईपीएल ने 15 साल पूरे कर लिये हैं और टूर्नामेंट का 15वां सीजन इस समय 10 टीमों के बीच खेला जा रहा है। जब से साल 2008 में आईपीएल का आगाज हुआ है, तब से इस लीग में कई शानदार कप्तान देखने को मिले हैं, तो वहीं पर ऐसे खिलाड़ियों ने अपना परचम लहराया है जिनके बारे में दुनिया भर के फैन्स को कम पता था और टूर्नामेंट ने कई ऐसे खिलाड़ी दिये हैं जिन्होंने अपने जाने के बाद भी अपनी लेगेसी बरकरार रखी है। कई भारतीय और विदेशी खिलाड़ियों ने आईपीएल में शिरकत की लेकिन सिर्फ दो ही टीमों ने अपनी अलग पहचान बनाने का काम किया है।

जहां मुंबई इंडियंस की टीम ने सबसे ज्यादा बार (5) खिताब अपने नाम करने का कारनामा किया है तो वहीं पर चेन्नई सुपर किंग्स की टीम ने भी 4 बार खिताब अपने नाम करने के साथ ही सबसे ज्यादा बार प्लेऑफ तक पहुंचने का रिकॉर्ड अपने नाम किया है। चेन्नई सुपर किंग्स की टीम को आईपीएल की सबसे बेहतरीन टीम माना जाता है जिसने 11 बार प्लेऑफ तक पहुंचने का काम किया है।
और पढ़ें: IPL 2022 में 5 हार के बाद जीत की राह पर लौटी कोलकाता, खराब अंपायरिंग ने राजस्थान को हराया

पार्थिव ने हेडेन को किया था स्लेज
आईपीएल के पहले सीजन में ही चेन्नई सुपर किंग्स के पास महेंद्र सिंह धोनी, सुरेश रैना जैसे खिलाड़ियों के अलावा मैथ्यू हेडेन और माइकल हसी जैसे बल्लेबाज थे जिन्होंने सीएसके के आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर शेयर किये गये वीडियो में ड्रेसिंग रूम की पुरानी यादों को जिया और नये खिलाड़ियों के साथ अपनी पहली मुलाकात के बारे में बताया। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज मैथ्यू हेडेन ने इस वीडियो में पार्थिव पटेल के साथ अपनी पहली मुलाकात का जिक्र किया जिसमें गाबा में खेले गये टेस्ट मैच के दौरान इस युवा खिलाड़ी ने हेडेन की स्लेजिंग की थी। 2004 में खेली गई वीबी सीरीज के दौरान पार्थिव पटेल टीम के 12वें खिलाड़ी के रूप में खेल रहे थे, जहां पर मैथ्यू हेडेन के आउट होने के बाद उन्होंने हू हू की आवाज निकालकर जोर से जश्न मनाया था।

पार्थिव पटेल को लगाई थी तगड़ी झाड़
सीएसके स्टार्स के साथ हुए सुपर रियूनियन में हेडेन ने माइकल हसी से कहा,'तुम वाकई में एक अच्छे आदमी हो हसी, लेकिन दूसरी ओर मैं पूरी तरह से बुराई से भरा हुआ हूं। मेरी यादें थोड़ी घबराहट से भरी हुई थी। पार्थिव और मैं गाबा में वापस जाना याद कर सकते हैं, जहां पर वो 12वें खिलाड़ी के रूप में खेल रहे थे। मैं आउट हुआ था और वो मेरे चेहरे पर हंस रहा था क्योंकि मैं भारत के खिलाफ आउट हो गया था, और तब मैंने सोचा कि यह छोटा सा बच्चा कौन है जो दिखने में किंडरगार्डन का स्टूडेंट लग रहा है। मैंने ड्रेसिंग रूम में उसकी जिंदगी की सबसे बड़ी झाड़ लगाई, अचानक से ही हम एक ही चेंजिंग एरिया में थे और मैं अपने अंदर के शैतान को रोक नहीं सका।'

सीएसके के खेमे में सभी रह गये थे हैरान
इस दौरान हसी ने भी यादों के गलियारों को खंगाला और कहा कि जब चेन्नई सुपर किंग्स के ड्रेसिंग रूम में हेडेन शुरुआती दिनों में पहुंचते थे तो उनकी मौजूदगी मात्र से सभी भारतीय खिलाड़ी दहशत में होते थे।
हसी ने कहा,'मैं तुम्हारे पीछे ही था जब हमने चेपॉक के मैदान पर अपने पहले अभ्यास सेशन में हिस्सा लिया था। मैं वहां पर देख सकता था कि तुम्हारे वहां पहुंचते ही सभी कोने में जाने लगते थे। तुम वहां पर अच्छे दिनों वाले बच्चे की तरह पहुंचे थे और मैं उनके चेहरे पर हैरानी देख सकता था जिसमें उन्हें एहसास होता था कि ये तो वाकई में अच्छा आदमी है।'












Click it and Unblock the Notifications