IPL 2022 में 5 हार के बाद जीत की राह पर लौटी कोलकाता, खराब अंपायरिंग ने राजस्थान को हराया
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन का 47वां मैच वानखेड़े के मैदान पर खेला गया, जहां पर पिछले 3 हफ्ते से जीत की तलाश कर रही कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम का सामना राजस्थान रॉयल्स से हुआ। कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया और अपने बॉलर्स के शानदार प्रदर्शन के दम पर राजस्थान को खुल कर रन नहीं बनाने दिये। राजस्थान रॉयल्स की टीम ने कप्तान संजू सैमसन (54) की अर्धशतकीय पारी के दम पर निर्धारित 20 ओवर्स में 5 विकेट खोकर 152 रन का स्कोर खड़ा किया।

जवाब में कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम ने अपनी नब्ज को संभाले रखा और आखिरी ओवर के रोमांच में 7 विकेट से मैच को जीत लिया। कोलकाता की टीम ने 5 मैचों में हार के बाद अपनी पहली और ओवरऑल चौथी जीत हासिल की है और अंकतालिका में एक पायदान की छलांग लगाते हुए 7वें पायदान पर पहुंच गई है।
और पढ़ें: RR vs KKR: कोलकाता के गेंदबाजों ने राजस्थान को रोका, सैमसन ने ठोंका IPL 2022 का दूसरा अर्धशतक
रनों का पीछा करते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने महज 32 रन के स्कोर पर अपने दो विकेट खो दिये। वेंकटेश अय्यर की गैरमौजूदगी में कोलकाता के लिये बाबा इंद्रजीत (15) और एरॉन फिंच पारी का आगाज करने उतरे, लेकिन कुलदीप सेन ने एरॉन फिंच को बोल्ड कर केकेआर को पहला झटका दिया। वहीं प्रसिद्ध कृष्णा ने अच्छी लय में नजर आ रहे बाबा इंद्रजीत को वापस पवेलियन भेजने का काम किया।
यहां पर कप्तान श्रेयस अय्यर (34) ने नितिश राणा के साथ मिलकर पारी को संभाला और तीसरे विकेट के लिये 60 रनों की साझेदारी कर अपनी टीम को मुश्किल से बाहर निकाला। जहां अय्यर ने 32 गेंदों में 3 चौके और एक छक्का लगाकर 34 रनों का योगदान दिया तो वहीं पर नितिश राणा ने भी 3 चौके और एक छक्के की मदद से पारी को संभाला। वहीं ट्रेंट बोल्ट ने अय्यर का विकेट लेकर इस साझेदारी को तोड़ा तो वहीं पर रिंकू सिंह ने नितिश राणा के साथ पारी को आगे बढ़ाना जारी रखा।
और पढ़ें: हार के बाद SRH की टीम को लगा एक और बड़ा झटका, चोटिल हुआ यह दिग्गज खिलाड़ी
रिंकू सिंह ने 23 गेंदों का सामना कर 6 चौके और एक छक्के की मदद से नाबाद 42 रनों का योगदान दिया तो वहीं पर नितिश राणा ने 37 गेंदों में 3 चौके और दो छक्के की मदद से 48 रनों का योगदान देकर अपनी टीम को जीत दिलाने का कारनामा किया। केकेआर की इस जीत में खराब अंपायरिंग ने भी काफी अहम भूमिका निभाई, जिसके चलते 19वें ओवर में केकेआर को 4 अतिरिक्त रन और 4 अतिरिक्त गेंदे मिली और मैच पूरी तरह से कोलकाता के पक्ष में चला गया। इस जीत के साथ ही कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम की प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीद अभी भी बरकरार है। राजस्थान रॉयल्स के लिये इस सीजन पहली बार हुआ जब उसके स्पिनर्स के खाते में एक भी विकेट नहीं आया और इसी का खामियाजा उसकी टीम को हार के रूप में चुकाना पड़ा।












Click it and Unblock the Notifications