'शायद जबान फिसल गई होगी', अश्विन की तारीफ मे रोहित बोले तो भड़का पाकिस्तान का पूर्व विकेटकीपर
नई दिल्ली। भारत और श्रीलंका के बीच मोहाली के मैदान पर खेले गये पहले टेस्ट मैच में भारतीय टीम ने एक पारी और 222 रनों की विशाल जीत हासिल कर सीरीज में 1-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है। भारतीय टीम ने इस मैच में श्रीलंका के खिलाफ न सिर्फ टेस्ट क्रिकेट की तीसरी सबसे बड़ी जीत हासिल की बल्कि कई मामलों में यह ऐतिहासिक भी रहा। पूर्व कप्तान विराट कोहली के लिये यह उनके करियर का 100वां टेस्ट मैच था जबकि बतौर टेस्ट कप्तान रोहित शर्मा के लिये यह पपहला मैच था। इस दौरान ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा ने कई ऐतिहासिक रिकॉर्ड अपने नाम किये जबकि भारतीय टीम के ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने भी जीत में अहम भूमिका निभाते हुए गेंदबाजी का बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया।

मोहाली के मैदान पर खेले गये इस मैच में रविचंद्रन अश्विन ने टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की टॉप 10 लिस्ट में एंट्री की और पूर्व भारतीय कप्तान कपिल देव (434) को पीछे छोड़ते हुए नौंवा स्थान हासिल किया। अश्विन ने इस मैच में 6 विकेट अपने नाम किये और अब भारतीय गेंदबाजों की लिस्ट में दूसरे पायदान पर काबिज हो गये हैं।
और पढ़ें: 'खत्म हो गया है टेस्ट चैम्पिनयशिप में उनका सफर', आकाश चोपड़ा ने की WTC फाइनलिस्ट की भविष्यवाणी

रोहित ने अश्विन को बताया ऑल टाइम ग्रेट
भारत के लिये टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट चटकाने का रिकॉर्ड अनिल कुंबले (619) के नाम है जिनके बाद अब अश्विन ही काबिज हैं। श्रीलंका के खिलाफ जीत हासिल करने के बाद भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने अपने खिलाड़ियों की जमकर तारीफ की अश्विन को ऑल टाइम ग्रेट बताया।
रोहित ने कहा था कि मेरी नजरों में वो ऑल टाइम ग्रेट हैं। वो कई सालों से अपने देश के लिये खेलते हुए अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और कई मैचों में जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई है। तो मेरे लिये वो ऑल टाइम ग्रेट है। लोगों को उन्हें देखने के लिये अपना अलग नजरिया हो सकता है, लेकिन जहां से मैं देखता हूं वो मेरे लिये ऑल टाइम ग्रेट हैं।

सिर्फ घर के शेर हैं अश्विन
जहां रोहित शर्मा अपने ऑफ स्पिनर के प्रदर्शन से काफी खुश नजर आये तो वहीं पर पाकिस्तान के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज राशिद लतीफ को रोहित का यह बयान पसंद नहीं आया है। लतीफ का मानना है कि अश्विन सिर्फ घरेलू परिस्थितियों में अच्छा प्रदर्शन कर पाते हैं, जबकि भारत ने उनसे कई बेहतर स्पिन गेंदबाज दिये हैं जो विदेशी पिच पर बेहतर प्रदर्शन करते हैं।
अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए उन्होंने कहा,'इसमें कोई शक नहीं कि अश्विन एक महान गेंदबाज हैं और वो अपनी गेंदबाजी में कई सारी वैरिएशन लेकर आते हैं। अगर आप अश्विन को घरेलू परिस्थियों में एसजी बॉल से फेंकते देखेंगे तो उनसे बेहतर स्पिनर भारत के पास नहीं है, लेकिन विदेशी परिस्थितियों के लिये मैं रोहित के बयान से सहमत नही हूं। कुंबले काफी शानदार दे और उनका प्रदर्शन बहुत ही बेहतर था। यहां तक कि जडेजा ने भी विदेशी पिचों पर बेहतरीन प्रदर्शन किया है।'

रोहित की जबान फिसली होगी
राशिद लतीफ ने आगे बात करते हुए कहा कि मेरी नजर में बिशन सिंह बेदी भी अपने दिनों में अश्विन से बेहतर गेंदबाज रहे थे। अगर सिर्फ भारत की बात करें तो इसमें कोई शक नहीं है कि वो सबसे अच्छे गेंदबाज रहे हैं लेकिन मुझे लगता है कि रोहित का उन्हें ऑल टाइम ग्रेट कहना थोड़ा ज्यादा हो गया है। मेरे हिसाब से वो अपने खिलाड़ियों को प्रेरेित करने की कोशिश कर रहे थे लेकिन उनकी जबान फिसल गई।
आपको बता दें कि भारतीय टीम को श्रीलंका के खिलाफ सीरीज का दूसरा और आखिरी टेस्ट मैच बेंगलुरू के चिन्नास्वामी स्टेडियम में डे नाइट प्रारूप में खेला जायेगा।












Click it and Unblock the Notifications