'खत्म हो गया है टेस्ट चैम्पिनयशिप में उनका सफर', आकाश चोपड़ा ने की WTC फाइनलिस्ट की भविष्यवाणी
नई दिल्ली। भारत और श्रीलंका के बीच खेली जा रही 2 मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मैच में एक पारी और 222 रनों की बड़ी जीत हासिल करने के बाद रोहित शर्मा की कप्तानी वाली भारतीय टीम की विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप रैंकिंग में सुधार हो गया है। आईसीसी की विश्व चैम्पियनशिप प्वाइंटस टेबल में 54.16 प्रतिशत के साथ पांचवे पायदान पर काबिज है, जबकि ऑस्ट्रेलिया (77.77), पाकिस्तान (66.66), श्रीलंका (66.66) और साउथ अफ्रीका (60) की टीम टॉप 4 पर काबिज है।

भारत और श्रीलंका के बीच खेला जाने वाला सीरीज का दूसरा मैच 12 मार्च से बेंगलुरु के मैदान पर डे-नाइट प्रारूप में खेला जायेगा। भारतीय टीम के पास विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप के तहत खेले जाने वाले मैचों में सिर्फ 7 ही टेस्ट मैच हुए हैं, जिसमें से उसे एक मैच इंग्लैंड के खिलाफ उसी की सरजमीं पर, 2 मैचों के लिये बांग्लादेश का दौरा और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपने घर पर 4 मैच खेलने हैं।
और पढ़ें: IPL 2022 के शेड्यूल से किस टीम को हुआ सबसे ज्यादा फायदा, आकाश चोपड़ा ने बताया क्यों

आसान नहीं होगी भारत की राह
इस बीच भारतीय टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज आकाश चोपड़ा ने विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप के फाइनल में पहुंचने वाली टीमों के मौके पर बात की है और कहा है कि भारतीय टीम के लिये इस बार फाइनल में जगह बना पाना काफी मुश्किल हो गया है।
अपने आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए आकाश ने कहा,'भारत को विश्वटेस्ट चैम्पियनशिप के फाइनल में पहुंचने के लिये बचे हुए मैचों में 100 प्रतिशत अंक चाहिये। आपको ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 4 मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है, जिसमें आप ड्रॉ भी नहीं कर सकते। हम श्रीलंका के खिलाफ 2-0 से सीरीज को अपने नाम कर सकते हैं। बांग्लादेश दौरे पर मुझे विश्वास है कि हमें जीत हासिल होगी। लेकिन आपको इंग्लैंड के खिलाफ उसके घर पर भी एक टेस्ट खेलना है। साउथ अफ्रीका में सीरीज हारना हमारे लिये चुनौती भरा रहा है, ऐसे में भारतीय टीम का फाइनल में पहुंचना आसान नहीं होगा।'

न्यूजीलैंड के लिये फाइनल में पहुंचना नामुमकिन
आकाश चोपड़ा का मानना है कि डिफेंडिंग चैम्पियन न्यूजीलैंड की टीम भी इस बार फाइनल में क्वालिफाई नहीं कर पायेगी, जबकि ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान की टीम इस बार टेस्ट चैम्पियनशिप के फाइनल में पहुंचने के प्रमुख दावेदार हैं।
उन्होंने कहा,'न्यूजीलैंड की टीम के पास अपने घर पर खेलने के लिये सिर्फ 2 टेस्ट मैच बचे हैं। उन्होंने बांग्लादेश और साउथ अफ्रीका के खिलाफ सीरीज को ड्रॉ किया है। ऐसे में उनका पहुंचना नामुमकिन हो गया। ऐसे में अगर वो श्रीलंका के खिलाफ घर पर खेले जाने वाले 2 टेस्ट मैच जीत भी जाते हैं तो उनके लिये पाकिस्तान और इंग्लैंड के खिलाफ विदेशी दौरे पर खेलने 3-3 टेस्ट मैचों की सीरीज में जीत हासिल करना आसान नहीं होगा। उनके लिये यह टूर्नामेंट खत्म हो गया है। वो क्वालिफाई नहीं कर पायेंगे।'

इन दो टीमों के बीच खेला जायेगा फाइनल
आकाश चोपड़ा ने आगे बात करते हुए विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप 2023 के फाइनल के लिये अपनी पसंदीदा टीमों का नाम बताया और कहा कि इस बार का फाइनल इन दो टीमों के बीच खेले जाने के ज्यादा चांसेस हैं।
उन्होंने कहा,'मैं इंग्लैंड, बांग्लादेश, वेस्टइंडीज और न्यूजीलैंड को फाइनल की रेस से बाहर मान रहा हूं। मुझे नहीं लगता कि श्रीलंका के पास भी क्वालिफाई करने का मौका है। इस बार फाइनल में पहुंचने के लिये ऑस्ट्रेलिया, भारत और पाकिस्तान की टीमों के बीच जंग होगी। अगर पाकिस्तान सही लय को बरकरार नहीं रख पाता है तो फाइनल भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच हो सकता है, लेकिन इस बात की बहुत हद तक गुंजाइश है कि टेस्ट चैम्पियनशिप के फाइनल में पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया की भिड़ंत होगी।'

डार्क होर्स साबित होगी यह टीम
आकाश चोपड़ा ने आगे बात करते हुए साउथ अफ्रीका को टेस्ट चैम्पियनशिप का डार्क होर्स बताया है जो कि सभी टीमों को चौंका कर फाइनल में जगह बनाती हुई नजर आ सकती है।
उन्होंने कहा,'साउथ अफ्रीका इस टूर्नामेंट की डार्क होर्स टीम है, अगर वो ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड की टीमों को उनके घर पर हरा देती हैं तो काफी मौका बन सकता है। वो घर जीत हासिल करेंगी, उनके लिये विदेशी दौरों पर ध्यान देने की जरूरत है। तो अगर वो घर के बाहर अच्छा प्रदर्शन करते हैं तो उनके पास काफी मौका है, लेकिन मौजूदा गणित को देखते हुए ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान सबसे आगे हैं। मुझे लगता है कि फाइनल इनके बीच ही खेला जायेगा।'












Click it and Unblock the Notifications