Women's Day Special : प्रतिभा पूनिया 6 बार हुई फेल, फिर IAF में बनी फाइटर पायलट
Churu News, चूरू। पूरी दुनिया 8 मार्च को अन्तरराष्ट्रीय महिला दिवस (International Women's Day) मना रही है। महिलाओं को अधिक सशक्त बनाए जाने की बातें खूब की जा रही हैं, मगर महिलाएं तभी ज्यादा सशक्त बन पाएंगी जब वे खुद अपना हौसला मजबूत रखेंगी।

असफलताओं से हारने की बजाय उनसे सीख लेकर आगे बढ़ेंगी। इस बात को साबित कर दिखाया है राजस्थान के चूरू जिले की बेटी प्रतिभा पूनिया ने। छोटे से गांव की इस होनहार बेटी ने वो कमाल कर दिखाया, जिसका विश्व महिला दिवस 2019 के मौके पर जिक्र करना लाजिमी है।

Fighter Pilot pratibha poonia
चूरू जिले के सादुलपुर उपखण्ड के गांव नरवासी रामबास के पूर्व सैनिक छोटूराम पूनिया उनकी पत्नी उर्मिला देवी के घर दो दशक पहले जब बेटी पैदा हुई तो इस परिवार ने थाली बजाकर जश्न मनाया था। बेटे की तरह इस बेटी का जन्मोत्सव भी धूमधाम से मनाया गया था। नाम रखा था प्रतिभा पूनिया।

कमजोरियों को दूर करना शुरू किया
प्रतिभा अपने नाम की तरह ही प्रतिभशाली निकली। बचपन में आसमान में उड़ते हवाई जहाज को देख पायलट बनने का ख्वाब देखती थी। ख्वाब पूरा करने के लिए प्रतिभा ने सबसे पहले अपनी कमजोरियों को दूर करना शुरू किया। अंग्रेजी सीखी और फिर भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमान की पायलट बनने की तैयारियां शुरू की।

वर्ष 2017 में भारतीय वायुसेना (IAF) की फाइटर बनकर घर लौटी
प्रतिभा मायूस तब हुई उसे पहले पहली बार में सफलता नहीं मिली। असफलता से प्रतिभा मायूस जरूर हुई थी, मगर हौसला नहीं टूटा। शायद यही वजह है कि एक के बाद एक करके छह बार असफल होने के बावजूद प्रतिभा ने तैयारी जारी रखी और सातवीं बार में फाइटर पायलट बनने का ख्वाब पूरा कर दिखाया। वर्ष 2017 में भारतीय वायुसेना की फाइटर बनकर घर लौटी प्रतिभा ने मीडिया से बातचीत में कहा था कि वह छह बार साक्षात्कार तक पहुंच गई थी, मगर हर बार फेल हो गई थी। मैंने बस मेहनत जारी रखी और नतीजा आप सबके सामने है।

प्रतिभा पूनिया को घुड़सवारी का शौक
प्रतिभा ने कॉलेज की पढ़ाई के दौरान एनसीसी ज्वाइन की और घुड़सवारी सीखी। प्रतिभा को दिल्ली में स्वतंत्रता दिवस पर हुई परेड के दौरान घुड़सवार दस्ते में शामिल होने का गौरव भी प्राप्त है। प्रतिभा ने प्रारंभिक शिक्षा गांव से ही पूरी की थी। राजकीय महाविद्यालय बीकानेर से बीटेक किया। देहरादून में हुई परीक्षा में उसका भारतीय वायु सेना में फ्लाइंग ऑफिसर के पद पर चयन हुआ। हैदराबाद के डूंडीगल एयर बैस में आयोजित पासिंग आउट परेड में 105 कैडेटस की कमिशनिंग हुई। दिसम्बर 2017 में भारतीय वायुसेना में महिला फाइटर पायलट बनने वाली प्रतिभा पूनिया राजस्थान की दूसरी बेटी है।












Click it and Unblock the Notifications