UP News: कृषि विकास दर में यूपी की ऐतिहासिक छलांग, CM योगी ने गोरखपुर को दी ₹208 करोड़ की सौगात
सीएम योगी आदित्यनाथ ने आज अपने गृह जनपद गोरखपुर को विकास की बड़ी सौगातें दीं। महायोगी गुरु श्री गोरखनाथ जी की पावन नगरी में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी ने गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (GIDA) क्षेत्र के लिए ₹208 करोड़ की लागत वाली फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स, EWS और LIG आवासीय परिसर सहित 71 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
इस मंच से एक तरफ जहां उन्होंने यूपी के औद्योगिक और कृषि विकास का रोडमैप रखा, वहीं दूसरी तरफ अपराधियों को बेहद सख्त लहजे में खुली चेतावनी भी दी।

अपराधियों से कोई समझौता नहीं, उसी भाषा में समझाएंगे: CM योगी
मंच से जनता को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कानून व्यवस्था पर अपना सबसे कड़क रुख दोहराया। उन्होंने अपराधियों को कड़ा संदेश देते हुए कहा, 'यूपी में अपराध और अपराधियों के साथ किसी प्रकार का कोई समझौता नहीं किया जाएगा। अपराधी जिस बोली और भाषा को समझेंगे, हमारी सरकार उन्हें उसी भाषा में समझाने का काम करेगी।'
उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 में आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के आह्वान पर जब प्रदेश में सरकार बनी, तब से लेकर आज तक जनता की हर आकांक्षा से दो कदम आगे जाकर हमारी डबल इंजन सरकार ने काम करके दिखाया है।
गीडा का हुआ बंपर विस्तार, छोटी पूंजी में लगेगा उद्योग
गोरखपुर के औद्योगिक विकास पर बात करते हुए सीएम योगी ने बताया कि गीडा (GIDA) का विस्तार अब 7,000 एकड़ में तेजी के साथ आगे बढ़ चुका है। अत्याधुनिक फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अब छोटी पूंजी लगाकर भी अच्छा मुनाफा कमाया जा सकता है और नया उद्योग स्थापित किया जा सकता है। इस फ्लैटेड फैक्ट्री के एक ही कैंपस में MSME के 100 से अधिक उद्योग संचालित हो सकेंगे, जो आने वाले समय में वैश्विक स्तर पर औद्योगिक विकास का एक अनुकरणीय मॉडल बनेगा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने EWS, LIG आवास और औद्योगिक भूखंड के आवंटियों को अलॉटमेंट लेटर सौंपे। साथ ही, NIELIT कौशल केंद्र से प्रशिक्षित छात्र-छात्राओं को प्रमाण-पत्र भी वितरित किए। सीएम योगी ने विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत कर जनता को संबोधित किया।)
'हमारा किसान स्वयं एक वैज्ञानिक', कृषि विकास दर 8% से बढ़कर 18% पहुंची
औद्योगिक विकास के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ ने खरीफ अभियान 2026 के तहत गोरखपुर, बस्ती और आजमगढ़ मंडल की 'संयुक्त मंडलीय खरीफ उत्पादकता गोष्ठी-2026' का शुभारंभ किया। इस दौरान किसानों की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा, 'हमारा किसान तो व्यावहारिक जगत में स्वयं एक वैज्ञानिक है।'
उन्होंने आंकड़े साझा करते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश आज खाद्यान्न, सब्जियों और औद्यानिक फसलों के उत्पादन में पूरे देश को लीड कर रहा है। प्रदेश के अन्नदाता किसानों की मेहनत के दम पर ही यूपी में कृषि विकास की दर 8 प्रतिशत से बढ़कर लगभग 18 प्रतिशत तक पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में कृषि के क्षेत्र में अभूतपूर्व बदलाव आए हैं और आज का अन्नदाता आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को नई ऊंचाइयों पर ले जा रहा है।
दिल्ली अग्निकांड पर जताया गहरा दुख
गोरखपुर के विकास कार्यक्रमों के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देश की राजधानी दिल्ली में हुई भीषण अग्नि दुर्घटना का भी जिक्र किया। दिल्ली में हुए इस दुखद हादसे में हुई जनहानि पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए सीएम योगी ने कहा, 'यह घटना अत्यंत दुखद एवं हृदय विदारक है। मेरी गहरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं।' उन्होंने प्रभु श्री राम से दिवंगत आत्माओं की शांति और हादसे में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना भी की।














Click it and Unblock the Notifications