दिल्ली में पंजाब चुनाव को लेकर 'आप' की अहम बैठक, जल्द सीएम फेस का होगा ऐलान
नई दिल्ली, 01 अगस्त: पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज होने लगी है। ऐसे में सभी राजनीतिक पार्टियां जमीनी स्तर के साथ-साथ दल के अंदर भी सलाह मशविरा करने में जुट गई है। जहां कांग्रेस पार्टी ने नेताओं के बीच चल रहे कलह को खत्म करके नए स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी। वहीं अब आम आदमी पार्टी ने भी पूरी तरह से चुनावों के मद्देनजर कमर कस ली है। रविवार को पंजाब के चुनावी एजेंडों को लेकर दिल्ली में एक अहम बैठक हुई, जिसमें कई मुद्दों पर चर्चा की गई।

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पंजाब के आगामी विधानसभा चुनावों के बारे में रविवार को आप विधायकों और पंजाब के प्रमुख पार्टी नेताओं के साथ बैठक की। बैठक के बाद अरविंद केजरीवाल ने घोषणा करते कहा कि पंजाब में आप के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार की घोषणा जल्द कर दी जाएगी। इस दौरान पंजाब आप के प्रदेशाध्यक्ष भगवंत मान भी थे।
बैठक में आप के कई विधायकों ने मांग करते हुए कहा कि 2022 के चुनाव के लिए पार्टी का सीएम चेहरा घोषित किया जाए। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए अरविंद केजरीवाल ने उन्हें आश्वासन देते हुए कहा कि हम जल्द ही इसकी घोषणा करेंगे। वहीं खुद आप सांसद भगवंत मान ने कहा कि राज्य में राजनीतिक माहौल को लेकर अभी विधायकों के साथ बैठक हुई है और सभी ने अपने विचार रखे। पंजाब के लिए सीएम चेहरा जल्द ही घोषित किया जाएगा।
भगवंत मान ने बताया कि अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली विधानसभा में 3 घंटे तक बैठक में राज्य के हर गांव और बूथ का ब्योरा लिया और उनके बारे में एक-एक करके बात की। उन्होंने कहा कि हम 2017 की कमियों को दूर कर पंजाब में 2022 का विधानसभा चुनाव मजबूती के साथ लड़ेंगे। हमने कई मुद्दों पर विस्तृत चर्चा करते हुए पंजाब चुनाव के लिए खाका तैयार करने पर बात की। हमने किसानों के मुद्दों पर भी बात की। वहीं कहा कि आने वाले दिनों में किसानों को लेकर कुछ बड़े ऐलान करने वाले हैं।












Click it and Unblock the Notifications