पाकिस्तान: गणेश मंदिर पर हुए हमले पर इमरान खान ने तोड़ी चुप्पी, कहा- कराएंगे मरम्मत और आरोपियों को गिरफ्तार
पाकिस्तान: गणेश मंदिर पर हुए हमले पर इमरान खान ने तोड़ी चुप्पी, कहा- कराएंगे मरम्मत और आरोपियों को गिरफ्तार
इस्लामाबाद, 06 अगस्त: पाकिस्तान के पंजाब सूबे में गणेश मंदिर पर हुए कट्टरपंथियों के हमले की प्रधानमंत्री इमरान खान ने निंदा की है। पाक पीएम इमरान खान ने पंजाब प्रांत में हिंदू मंदिर पर भीड़ द्वारा किए गए हमले पर 24 घंटे बाद चुप्पी तोड़ी है। इमरान खान ने कहा है कि सभी दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा और पुलिस द्वारा किसी भी तरह की लापरवाही के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इमरान खान ने ये भी कहा है कि उनकी सरकार इस मंदिर का जीर्णोद्धार भी जल्द करवाएगी। पाक पीएम ने पहले भी इस्लामाबाद में एक मंदिर बनवाने का वादा किया था लेकिन वो अभी तक पूरा नहीं हो पाया है।
Recommended Video

सरकार मंदिर का जीर्णोद्धार भी करेगी: इमरान खान
इमरान खान ने गुरुवार देर रात एक ट्वीट में लिखा, ''रहीम यार खान के भोंग में गणेश मंदिर पर कल हुए हमले की कड़ी निंदा करता हूं। मैंने पहले ही आईजी पंजाब से सभी आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने और पुलिस की लापरवाही के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा है। सरकार मंदिर का जीर्णोद्धार भी करेगी।''

आखिर कट्टरपंथियों ने क्यों किया मंदिर पर हमला?
पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि गणेश भगवान के मंदिर पर ये हमला 9 साल के एक हिंदू लड़के को जमानत मिलने के विरोध और गुस्से में किया गया है। 9 साल के इस हिंदू लड़के पर आरोप था कि उसने एक स्थानीय इस्लामिक मदरसा में पेशाब किया था। स्थानीय अदालत द्वारा इस 9 साल के लड़के को जमानत दिए जाने के बाद कट्टरपंथियों ने एक राजमार्ग को भी अवरुद्ध कर दिया था। फिर गुस्से में सैकड़ो कट्टरपंथियों ने भोंग में हिंदू मंदिर में तोड़फोड़ की।

धार्मिक नारे लगाते हुए हिंदू मंदिर में की गई तोड़फोड़
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के भोंग में हिंदू मंदिर में की गई तोड़फोड़ का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में सैकड़ों लोगों को लाठी, पत्थर और ईंटें ले जाते हुए देखा गया हैष। जिससे उन्होंने हिंदू मंदिर में धार्मिक नारे लगाते हुए मूर्तियों को नुकसान पहुंचाया है। मामला इतना ज्यादा बढ़ गया था कि पुलिस अधिकारियों को देर शाम को स्थिति को देखते हुए पूरे इलाके में रेंजर्स को तैनात करना पड़ा था।
रिपोर्ट के मुताबिक 9 साल के लड़के के द्वारा की गई गलती के लिए हिंदू बुजुर्गों ने मदरसा प्रशासन से माफी मांगी थी। उनका कहना था कि संदिग्ध नाबालिग है और मानसिक रूप से विक्षिप्त भी है।

पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट ने मंदिर के हमले पर लिया संज्ञान
पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश गुलजार अहमद ने गुरुवार (05 अगस्त) को हिंदू मंदिर हमले के मामले पर संज्ञान लिया था। पाकिस्तान हिंदू परिषद के संरक्षक-इन-चीफ सांसद रमेश कुमार वांकवानी ने हिंदू मंदिर पर हुए हमले पर चर्चा करने के लिए न्यायाधीश गुलजार अहमद से मुलाकात की थी। पाक की सुप्रीम कोर्ट आज यानी शुक्रवार को इस मामले पर सुनवाई करेगी। सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश गुलजार अहमद ने पंजाब प्रांत के मुख्य सचिव और पुलिस प्रमुख से घटना की एक रिपोर्ट मांगी है और कोर्ट में सुनवाई के दौरान पेश होने का भी निर्देश दिया है।












Click it and Unblock the Notifications