Bengaluru Metro: पिंक लाइन मेट्रो को मिली अहम मंजूरी, Bannerghatta Road वाली ट्रेन कब हो रही शुरू?
Bengaluru Metro: बेंगलुरू में लंबे समय से जिस बन्नेरघट्टा रोड मेट्रो पिंक लाइन का इंतजार किया जा रहा था, वह अब अपने आखिरी चरण में पहुंचती दिख रही है। मेट्रो ट्रेन को जरूरी तकनीकी जांच में बड़ी सफलता मिली है। जिसके बाद इस रूट पर मेट्रो ट्रेन के संचालन कब शुरू होगा इसका भी खुलासा हो गया है। आइए जानते हैं हर डिटेल
पिंक लाइन की ट्रेन को मिली अहम मंजूरी
बेंगलुरु मेट्रो की पिंक लाइन के लिए तैयार की गई नई ट्रेन ने ऑसिलेशन (पटरी पर दौड़ते समय ट्रेन का बैलेंस और कंपन ) से जुड़ी महत्वपूर्ण तकनीकी जांच सफलतापूर्वक पूरी कर ली है। यह किसी भी नई मेट्रो सेवा के शुरू होने से पहले होने वाली प्रमुख सुरक्षा प्रक्रियाओं में से एक मानी जाती है। इस मंजूरी के बाद मेट्रो ट्रेन को शुरू करने की दिशा में बड़ा कदम आगे बढ़ गया है।

कब शुरू होगी इस रूट पर मेट्रो?
रिपोर्ट के मुताबिक, बैनरघट्टा रोड वाले हिस्से पर मेट्रो संचालन शुरू करने की तैयारी तेज कर दी गई है। यदि बाकी औपचारिकताएं और सुरक्षा स्वीकृतियां समय पर मिल जाती हैं, तो स्वतंत्रता दिवस यानी 15 अगस्त के आसपास यात्रियों के लिए यह कॉरिडोर खोल दिया जा सकता है।
बेंगलुरू के किन एरिया को मिलेगा फायदा?
इससे साउथ बेंगलुरु के लाखों यात्रियों को भारी ट्रैफिक जाम से राहत मिलने की संभावना है। पिंक लाइन साउथ बेंगलुरु के कालेना अग्रहारा (गोट्टिगेरे) से लेकर उत्तर बेंगलुरु के नागवारा तक जाएगी। इस लाइन से बैनरघट्टा रोड, हुलीमावु, आईआईएम-बेंगलुरु, जयदेव अस्पताल, एमजी रोड और नागवारा जैसे प्रमुख एरिया जुड़ेंगे। इससे रोजाना ऑफिस जाने वाले लोगों का सफर काफी आसान हो जाएगा।
ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत
बैनरघट्टा रोड बेंगलुरु के सबसे व्यस्त मार्गों में गिनी जाती है। यहां रोजाना लंबा ट्रैफिक जाम देखने को मिलता है। मेट्रो सेवा शुरू होने के बाद निजी वाहनों पर निर्भरता कम होगी और हजारों यात्रियों का समय बचेगा। साथ ही शहर के सार्वजनिक परिवहन नेटवर्क को भी मजबूती मिलेगी।
क्या है पिंक लाइन प्रोजेक्ट?
नम्मा मेट्रो की पिंक लाइन करीब 21 किलोमीटर का लंबा प्रोजेक्ट है, जिसमें एलिवेटेड और अंडरग्राउंड दोनों तरह के स्टेशन शामिल हैं। यह लाइन शहर के दक्षिणी और उत्तरी हिस्सों को सीधे जोड़ने का काम करेगी और अन्य मेट्रो लाइनों से भी इंटरचेंज सुविधा देगी।













Click it and Unblock the Notifications